विज्ञापन
This Article is From Nov 22, 2015

नेताजी सुभाषचंद्र बोस के नाम पर होगा मलेशिया का भारतीय सांस्कृतिक केंद्र

नेताजी सुभाषचंद्र बोस के नाम पर होगा मलेशिया का भारतीय सांस्कृतिक केंद्र
मलेशिया में एक कार्यक्रम में पीएम मोदी।
कुआलालंपुर: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को घोषणा की कि मलेशिया स्थित भारतीय सांस्कृतिक केंद्र का नाम आजाद हिंद फौज गठित करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नाम पर रखा जाएगा। मोदी ने यहां भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए यह भी घोषणा की कि कुआलालंपुर स्थित गांधी स्मारक हॉल में गांधीजी की आवक्ष प्रतिमा स्थापित की जाएगी।

पेराक में युद्धस्थल के पास बनेगा स्मारक
मोदी ने कहा कि इसके अलावा द्वितीय विश्वयुद्ध में अपना पराक्रम दिखाने वाले और बलिदान देने वाले मलय भारतीय सैनिकों के सम्मान में मलेशिया के कम्पार के पास पेराक में युद्धस्थल के पास स्मारक बनाए जाने को लेकर भारत यहां की सरकार के साथ काम कर रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि वह भारत और मलेशिया की ओर से दी जाने वाली डिग्रियों को तत्काल मान्यता देने के पक्षधर हैं। वह इस बारे में कल अपने मलेशियाई समकक्ष नजीब से मुलाकात के दौरान चर्चा करेंगे।

छात्रों को 10 लाख डालर की मदद
मोदी ने मलय-भारतीय छात्रों को वित्तीय मदद प्रदान करने के लिए भारतीय छात्र ट्रस्ट कोष को 10 लाख डालर का अनुदान देने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने ई-वीजा सुविधा पेश की है जिससे यात्रा आसान हो गई है। मलेशिया में नौ वीजा केंद्र खोले हैं। इसके साथ ही कामगारों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ईमाइग्रेंट पोर्टल भी स्थापित किया गया है।
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com