विज्ञापन

भारत डाले दबाव तो लेबनान के खिलाफ युद्ध रोक सकता है इजरायल, हिजबुल्‍लाह नेता ने NDTV से कहा

NDTV को दिए एक्‍सक्‍लूसिव इंटरव्‍यू में लेबनान में हिजबुल्लाह की संसदीय पार्टी के प्रमुख इब्राहिम मोसावी ने कहा कि हम युद्ध में और अधिक जानमाल का नुकसान नहीं चाहते हैं. हालांकि उन्‍होंने इजरायल की आक्रामकता जारी रहने तक जवाबी कार्रवाई करने की बात कही है.

भारत डाले दबाव तो लेबनान के खिलाफ युद्ध रोक सकता है इजरायल, हिजबुल्‍लाह नेता ने NDTV से कहा
हिजबुल्‍लाह के अनुसार, लेबनान के खिलाफ युद्ध ग्रेटर इजरायल बनाने की योजना का हिस्‍सा है.
  • हिजबुल्लाह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय और भारत की भूमिका से लेबनान और इजरायल के बीच युद्धविराम संभव है.
  • इब्राहिम मोसावी ने बताया कि इजरायल नवंबर 2024 के सीजफायर समझौते की शर्तें पूरी करे तो युद्धविराम हो सकता है.
  • मोसावी ने बताया कि लेबनानी सरकार हिजबुल्लाह के पक्ष में नहीं है और इजरायल को रियायतें देना चाहती है.

मिडिल ईस्‍ट में जारी युद्ध के बीच हिजबुल्‍लाह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय और भारत अपनी भूमिका निभाएं तो लेबनान और इजरायल के बीच युद्धविराम और समझौता हो सकता है. लेबनान के प्रमुख सशस्त्र संगठन और ईरान के करीबी सहयोगी हिजबुल्‍लाह ने कहा कि अगर इजरायल नवंबर 2024 में हुए सीजफायर समझौते की शर्तों का पालन करे तो हालात सुधर सकते हैं. साथ ही उसने कहा कि लेबनान के खिलाफ युद्ध ग्रेटर इजरायल की योजना का हिस्‍सा है और जब तक इजरायली कब्‍जा जारी रहेगा, तब तक विरोध भी जारी रहेगा. 

NDTV को दिए एक्‍सक्‍लूसिव इंटरव्‍यू में लेबनान में हिजबुल्लाह की संसदीय पार्टी के प्रमुख इब्राहिम मोसावी ने कहा कि हम युद्ध में और अधिक जानमाल का नुकसान नहीं चाहते हैं. हालांकि उन्‍होंने इजरायल की आक्रामकता जारी रहने तक जवाबी कार्रवाई करने की बात कही है. शीर्ष हिजबुल्लाह नेता ने दावा किया कि बड़े पैमाने पर सैन्य अभियान के बावजूद इजरायल अब तक लेबनान के दक्षिणी हिस्से पर कब्जा नहीं कर पाया है और लड़ाई जारी है. 

ये भी पढ़ें: ऊबड़-खाबड़ जानलेवा पहाड़, जला देने वाले रेगिस्तान... अमेरिकी फौज के लिए वियतनाम न बन जाए ईरान

भारत दबाव डाले तो शायद वे युद्ध रोक दें: मोसावी 

मोसावी ने कहा कि यदि अमेरिका, अंतरराष्ट्रीय समुदाय, यूरोपीय संघ इजरायल पर दबाव डालें. उदाहरण के लिए अगर भारत इजरायल पर दबाव डाले कि यह मानवीय कानून के खिलाफ है, मानवता के खिलाफ है तो शायद वे यह (युद्ध) रोक दें. हम केवल एक डिफेंसिव फोर्स हैं. हम इजरायल पर हमला शुरू नहीं कर रहे हैं. अगर वे हमारे बीच हुए समझौते की हर शर्त का पालन करते हैं तो चीजें फिर से शुरू हो सकती हैं और हम एक समझौते पर पहुंच सकते हैं.  

इजरायल ने 2 मार्च से दक्षिणी लेबनान में एक बड़ा हमला शुरू किया और बेरूत में बड़े पैमाने पर हवाई हमले शुरू किए हैं. इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन तन्याहू ने इजरायल डिफेंस फोर्सेज को दक्षिणी लेबनान में हमले तेज करने के आदेश दिए हैं. अपने एक वीडियो बयान में नेतन्याहू ने कहा कि उन्होंने मौजूदा सिक्‍योरिटी बफर जोन का और विस्तार करने का निर्देश दिया है और इजरायल स्थिति को मौलिक रूप से बदलने के लिए संकल्पित है. 

युद्ध शुरू होने के बाद से लेबनान में 12 लाख से अधिक लोग विस्थापित हो चुके हैं और दक्षिणी लेबनान के कई गांव और इलाके इजरायली हमलों से पूरी तरह तबाह हो गए हैं. 

ये भी पढ़ें: इजरायली एयरस्ट्राइक में युद्ध कवर कर रहे 3 पत्रकारों की मौत, लेबनान में IDF ने कार पर की बमबारी, VIDEO

इजरायल ने लेबनान पर युद्ध थोपा: मोसावी 

मोसवी ने आरोप लगाया कि इजरायल ने लेबनान पर युद्ध थोपा है और वह उसकी जमीन और संसाधनों पर कब्‍जा करना चाहता है. हिजबुल्‍लाह नेता ने कहा कि हमारे देश के कई हिस्से कब्‍जे में हैं और वे देश के अन्‍य हिस्‍सों पर भी कब्‍जा कर रहे हैं. लेबनानी लोग इजरायली आक्रामकता के शिकार हैं और अब इस कब्‍जे के खिलाफ लड़ रहे हैं, जिससे कब्‍जे वाले क्षेत्रों की रक्षा की जा सके और उन्हें आजाद कराया जा सके. 

इसके साथ ही मोसवी ने उन दावों को भी खारिज कर दिया है, जिसमें कहा जा रहा है कि 2 मार्च को इजरायल पर रॉकेट दागने के बाद हिजबुल्‍लाह ने युद्ध शुरू किया था. उन्‍होंने कहा कि जो भी यह कह रहा है कि यह ताजा युद्ध हिजबुल्‍लाह ने शुरू किया है, वह गुमराह कर रहा है. नवंबर 2024 की गोलीबारी के बाद भी इजरायल का युद्ध कभी नहीं रुका. युद्धविराम केवल हमारी तरफ से हुआ था.  

इजरायली सेना युद्धविराम का उल्‍लंघन कर रही: मोसावी 

हिजबुल्लाह के शीर्ष नेता ने कहा कि इजरायली सेना लगातार युद्धविराम का उल्लंघन कर रही है. उन्‍होंने आरोप लगाया कि 500 से अधिक लोगों को मारे जा चुके हैं और 2000 से अधिक घायल हैं. साथ ही उन्‍होंने कहा कि इजरायली सेना अधिक क्षेत्रों पर कब्जा कर चुकी है. उन्होंने युद्धविराम की अवधि के दौरान कई घरों और गांवों को ध्वस्त कर दिया है, जो युद्ध के दौरान किए गए नुकसान से कहीं अधिक है. 

मोसवी ने कहा कि हमने कई बार चेतावनी दी थी कि हिजबुल्लाह हमेशा के लिए धैर्य नहीं रखेगा. हम आधिकारिक पक्षों, उन अंतरराष्ट्रीय पक्षों को जिम्मेदार ठहराते हैं जिन्होंने युद्धविराम की गारंटी दी थी. उन्‍होंने कहा कि आप इजरायल पर युद्धविराम के लिए दबाव क्यों नहीं डालते?

हिजबुल्लाह नेता ने स्वीकार किया कि ईरान पर हमले के बाद हिजबुल्लाह ने इजरायल पर हमले किए हैं. उन्‍होंने कहा कि जब इजरायलियों ने ईरान के खिलाफ युद्ध शुरू किया तो हमने आत्मरक्षा के लिए जवाबी कार्रवाई करने का उचित समय समझा. हम केवल इजरायल के हमलों का जवाब दे रहे हैं. 

अमेरिकी राष्‍ट्रपति ट्रंप पर भी बरसे मोसावी 

हिजबुल्लाह नेता ने कहा कि युद्ध ग्रेटर इजरायल के निर्माण का एक हिस्सा है और उन्होंने युद्ध को जायज ठहराने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को दोषी ठहराया. उन्‍होंने कहा कि अगर आप अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की बात सुनेंगे तो वे कहते हैं कि इजरायल मध्य पूर्व में एक छोटा सा भूभाग है और वे इसका विस्तार करना चाहते हैं, अगर आप इजरायली अधिकारियों, नेतन्याहू और अन्य लोगों की बात सुनें तो वे आपको बताएंगे कि हम ग्रेटर इजरायल बनाना चाहते हैं.  

इजरायल को रियायत देना चाहती है लेबनान सरकार: मोसावी 

हिजबुल्लाह नेता ने एक सवाल के जवाब में कहा कि लेबनानी सरकार उनके पक्ष में नहीं है और वह इजरायल को रियायतें देना चाहती है, लेकिन मैं आपको बता सकता हूं कि न केवल हिजबुल्लाह, बल्कि अधिकांश लेबनानी इजरायलियों के साथ रियायतें देने और सरकारी बातचीत के खिलाफ हैं.  

मोसवी ने कहा कि लेबनान में युद्ध इसलिए हो रहा है क्योंकि अंतरराष्‍ट्रीय समुदाय ने इजरायल पर दबाव नहीं डाला और न ही उस पर प्रतिबंध लगाए. साथ ही कहा कि संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि 15 महीने के युद्धविराम के दौरान हिजबुल्लाह ने एक भी गोली नहीं चलाई. संयुक्त राष्ट्र और लेबनानी सरकार सहित तटस्थ पक्षों द्वारा यह प्रमाणित है कि हमने युद्धविराम का पालन किया है, जबकि इजरायल ने नहीं.  
 

लेखक के बारे में
img
नज़ीर मसूदी
Bureau Chief, Srinagar
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Hezbollah, Lebanon-Israel War, India Role
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com