विज्ञापन

इजरायल पर ईरानी सेना ने दागी मिसाइलें, 2 महीने के सीजफायर में पहला ऐसा हमला

ईरान ने इजराइल पर कई मिसाइल दागीं, जो अप्रैल के युद्धविराम के बाद पहला बड़ा हमला है. ईरान का कहना है कि यह हमला लेबनान पर इजराइल के हमलों का जवाब है. इजरायल इन हमलों का जवाब देता कि इससे पहले ही राष्‍ट्रपति ट्रंप ने प्रधानमंत्री नेतन्‍याहू को फोन कर रोक दिया.

इजरायल पर ईरानी सेना ने दागी मिसाइलें, 2 महीने के सीजफायर में पहला ऐसा हमला
ईरान ने दागी मिसाइलें, फिर इजरायल ने क्‍यों नहीं किया पलटवार?
  • ईरान ने अप्रैल में हुए युद्धविराम के बाद पहली बार इजरायल पर कई मिसाइलें दागीं
  • राष्ट्रपति ट्रंप ने इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू को फोन कर मिसाइल हमलों का तुरंत जवाब न देने की सलाह दी
  • ईरान ने इस हमले को लेबनान पर इजरायल द्वारा किए गए हमलों का प्रतिशोध बताया और गंभीर परिणामों की चेतावनी दी
तेहरान:

ईरान ने इजराइल पर बीती रात एक के बाद एक कई मिसाइले दागीं. अप्रैल महीने में हुए युद्धविराम के बाद यह इस तरह का पहला मिसाइल हमला है, जो ईरान ने इजराइल पर किया है. इजरायल ने इस हमले का पलटवार नहीं किया है. ईरान ने इस हमले को लेबनान पर इजरायल द्वारा किये गए हमलों का जवाब बताया है. इधर, अमेरिकी राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप ने इन हमलों के बाद इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्‍याहू को फोन कर कहा कि वह ईरान पर कोई हमला ने करे.

ईरान ने दागी मिसाइलें, फिर इजरायल ने क्‍यों नहीं किया पलटवार? 

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को कहा कि ईरान और अमेरिका शांति समझौते पर पहुंचने के बहुत करीब हैं, इसके कुछ घंटों बाद ही ईरान ने इजरायल पर ताबड़तोड़ मिसाइल अटैक कर दिया. मिसाइल हमलों से पूरे इजरायल में सायरन बजने लगे. लोग घबराकर बंकरों में चले गए. इसके बाद लगा कि इजरायल भी पलटवार करेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. इरान के हमले के बाद राष्‍ट्रपति ट्रंप ने बयान जारी किया कि वह इजरायल के प्रधानमंत्री से बात करने जा रहे हैं कि वह इन हमलों का जवाब फिलहाल न दे. इसके बाद ट्रंप और नेतन्‍याहू के बीच फोन पर बात हुई और इजरायली सेना ने कोई हमला ईरान पर नहीं किया. 

ईरान के हमले से मिडिल ईस्‍ट में बढ़ी टेंशन 

ईरान ने सीजफायर के बीच इजरायल पर मिसाइलें दागीं, तो पूरे मिडिल ईस्‍ट में टेंशन बढ़ गई. इजरायल पर हुए हमले के बाद इराक, सीरिया, बहरीन, कुवैत और सऊदी अरब अलर्ट मोड में आ गए. हालांकि, ईरान ने अभी तक इनमें से किसी देश पर ताजा हमले नहीं किये हैं. ईरान ने इजरायल पर किये गए मिसाइल हमलों को लेबनान पर नेतन्‍याहू के द्वारा किये गए अटैक का जवाब बताया है. इसके साथ ही इजरायल को चेतावनी दी है कि यदि पलटवार हुआ, तो परिणाम बेहद गंभीर होने वाले हैं. हालांकि, इजरायली सेना की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि वो पूरी तरह से तैयार हैं. आदेश मिलते ही दुश्‍मन पर हमला बोल दिया जाएगा.  

क्‍या फिर छिड़ने वाली है जंग? 

इजरायल पर हमले के बाद ईरान ने पलटवार की आशंका के बीच अपना वेस्‍टर्न एयरस्‍पेस बंद कर दिया. इन हमलों की ईरान ने पहले ही चेतावनी दी थी, क्योंकि रविवार को इजरायल ने वाशिंगटन के कुछ दिन पहले के अनुरोध को नजरअंदाज करते हुए बेरूत के दक्षिणी उपनगरों पर बिना किसी चेतावनी के हमला किया था. इजरायल ने कहा कि ईरान समर्थित हिजबुल्लाह ने दिन में पहले उत्तरी इजरायल पर गोलीबारी की. इसके बाद उन्‍होंने पलटवार किया. ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड ने एक बयान में कहा, "अगर इजरायल द्वारा ये आक्रामक हमले दोहराए जाते हैं, तो जवाबी कार्रवाई व्यापक होगी और इसमें पूरे क्षेत्र में सभी अमेरिकी बेस टारगेट होंगे." इस दौरान ईरानी सेना ने लेबनान और होर्मुज स्‍ट्रेट के आसपास ईरान के तट और जहाजों पर हुए हमलों का जिक्र किया गया.

वहीं, इजरायल के सैन्य प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल एफी डेफ्रिन ने कहा, "ईरान ने एक बड़ी गलती की है." सेना के चीफ ऑफ स्टाफ, लेफ्टिनेंट जनरल एयाल ज़मीर ने कहा कि आदेश मिलते ही दुश्मन पर पूरी दृढ़ता से हमला किया जाएगा. लेकिन इजरायली मीडिया कान ने बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उनसे कहा है कि उन्हें नहीं लगता कि इजरायल को आगे कोई जवाबी कार्रवाई करने की जरूरत है. इसके बाद हमारी सेना ने कोई पलटवार नहीं किया है. 

दरअसल, अमेरिकी राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप का कहना है कि वह ईरान से समझौते के बेहद करीब हैं. रविवार को दिये एक इंटरव्‍यू में उन्‍होंने कहा कि जल्‍द ही सब सामान्‍य हो जाएगा. ट्रंप ने कहा, अभी भी कुछ बातों पर असहमति है, जो जरूरी भी नहीं लगतीं. ईरान पहले ही एक शर्त मान चुका है, जिसमें वह न्यूक्लियर हथियार नहीं बनाने का वादा करता है. हालांकि, ट्रंप ने साफ किया कि वह चाहते हैं कि ईरान दूसरे तरीकों से ऐसे हथियार हासिल करने का अधिकार भी छोड़ दे. ऐसे में लगता है कि ईरान जंग शायद अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गई है. 

ये भी पढ़ें :- ट्रंप ने ईरान को 'उड़ा देने' की धमकी दी, बोले- मुझे पता है, मोजतबा खामेनेई कहां हैं

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com