विज्ञापन

हांगकांग में 'लोकतंत्र की आवाज' को 20 साल की कैद, इस मीडिया टाइकून से जिनपिंग को नफरत क्यों है?

Jimmy Lai sentenced to 20 years in prison: जिमी लाई अब बंद हो चुके एप्पल डेली अखबार के संस्थापक हैं और 2020 से ही सलाखों के पीछे हैं. उन्हें बीते साल दिसंबर में देशद्रोह के आरोप में दोषी करार दिया गया था और अब 20 साल जेल की सजा सुनाई गई है.

हांगकांग में 'लोकतंत्र की आवाज' को 20 साल की कैद, इस मीडिया टाइकून से जिनपिंग को नफरत क्यों है?
हांगकांग में 'लोकतंत्र की आवाज' जिमी लाई को 20 साल की कैद
  • हांगकांग के लोकतंत्र समर्थक मीडिया टाइकून जिमी लाई को देशद्रोह के मामले में 20 साल जेल की सजा सुनाई गई है
  • जिमी लाई को विदेशी मिलीभगत और देशद्रोही कंटेंट छापने के आरोपों में दोषी पाया गया था
  • अधिकार समूहों ने जिमी लाई को मिली सजा को प्रभावी रूप से मौत की सजा और गंभीर अन्याय बताया है
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

हांगकांग के लोकतंत्र समर्थक मीडिया टाइकून जिमी लाई को देशद्रोह के मामले में 20 साल जेल की सजा सुना दी गई है. जिमी लाई को पिछले साल 15 दिसंबर को तीन राष्ट्रीय सुरक्षा आरोपों में दोषी पाया गया था और अब सोमवार, 9 फरवरी को उन्हें 20 साल जेल की सजा दी गई. चीन के फाइनेंसियल हब कहे जाने वाले हांगकांग में इस फैसले को स्वतंत्रता के लिए मौत की सजा के रूप में देखा जा रहा है. अधिकार समूहों और पश्चिमी देशों ने हांगकांग में घटती प्रेस स्वतंत्रता के प्रतीक के रूप में इसकी निंदा की है. यहां इस आर्टिकल में हम आपको इन 4 सवालों का जवाब देंगे

  • कौन हैं जिमी लाई?
  • जिमी लाई किस बात के दोषी पाए गए हैं?
  • जिमी लाई की सजा पर किसने क्या कहा?
  • हांगकांग में किसका शासन है?

Q- कौन हैं जिमी लाई?

जिमी लाई अब बंद हो चुके एप्पल डेली अखबार के संस्थापक हैं और 2020 से ही सलाखों के पीछे हैं. 2019 में विशाल और हिंसक लोकतंत्र समर्थक विरोध प्रदर्शनों के बाद चीन ने हांगकांग में राष्ट्रीय सुरक्षा कानून लागू कर दिया था. इसकी मदद से चीन ने हांगकांग में राजनीतिक स्वतंत्रता को कम कर दिया. जिमी लाई की गिरफ्तारी को इसी के उदाहरण के रूप में देखा गया था.

Q- जिमी लाई किस बात के दोषी पाए गए हैं?

78 साल के जिमी लाई को हांगकांग के लिए चीनी सरकार द्वारा लगाए गए व्यापक राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत विदेशी मिलीभगत के दो मामलों के साथ-साथ देशद्रोही कंटेंट छापने के एक मामले में दिसंबर में दोषी पाया गया था. अब जजों ने फैसला सुनाते हुए कहा, "लाई के गंभीर आपराधिक आचरण पर विचार करने के बाद... अदालत इस बात से संतुष्ट है कि वर्तमान मामले में लाई को कुल सजा 20 साल की कैद होनी चाहिए." 

जजों ने दिसंबर में अपने फैसले में लिखा था, "इसमें कोई संदेह नहीं है कि (लाई) ने अपनी जवानी के कई सालों तक PRC के प्रति अपनी नाराजगी और नफरत को बरकरार रखा था... हांगकांग के लोगों की मदद करने के बहाने चीन की सरकार को गिराने में मदद के लिए वह बार बार अमेरिका के न्योते पर जाते थे. यह ऐसा ही है जैसे कोई अमेरिकी नागरिक कैलिफोर्निया राज्य की मदद करने की आड़ में अमेरिकी सरकार को गिराने के लिए रूस से मदद मांगता है."

Q- जिमी लाई की सजा पर किसने क्या कहा?

अधिकार समूहों ने जिमी लाई को दी गई 20 साल की जेल की सजा की निंदा की और इसे "प्रभावी रूप से मौत की सजा" और गंभीर अन्याय बताया है. ह्यूमन राइट्स वॉच के एशिया डायरेक्टर इलेन पियर्सन ने एक बयान में कहा, "78 वर्षीय जिमी लाई के खिलाफ 20 साल की कठोर सजा प्रभावी रूप से मौत की सजा है. इतनी बड़ी सजा क्रूर और बेहद अन्यायपूर्ण है."

एमनेस्टी इंटरनेशनल ने कहा कि पहले हांगकांग में कानून का शासन था लेकिन अब यहां भय का शासन है और यह मामला इसी दिशा में एक और मील का पत्थर है. 

जिमी लाई के परिवार ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत उनको मिली 20 साल की जेल की सजा "कठोर" और "क्रूर" है. लाई के बेटे सेबेस्टियन ने परिवार के एक बयान में कहा, "मेरे पिता को इस कठोर जेल की सजा देना हमारे परिवार के लिए विनाशकारी है और मेरे पिता के जीवन के लिए खतरा है." वहीं उनकी बेटी क्लेयर ने जेल में उनके गिरते स्वास्थ्य को देखते हुए इसे "एक दिल दहला देने वाली क्रूर सजा" कहा, और अगर ऐसा किया गया, तो "वह सलाखों के पीछे एक शहीद के रूप में मरेंगे".

Q- हांगकांग में किसका शासन है?

हांगकांग चीन का एक विशेष प्रशासनिक क्षेत्र है, जो 'एक देश, दो सिस्टम' के सिद्धांत पर आधारित है. इस व्यवस्था के तहत, यह मुख्यभूमि चीन का हिस्सा होने के बावजूद, 1997 में ब्रिटेन से हस्तांतरण के बाद से अपनी अलग कानून प्रणाली, अर्थव्यवस्था, मुद्रा और उच्च स्तर की स्वायत्तता (रक्षा और विदेश नीति को छोड़कर) बनाए रखता है. लेकिन हाल के सालों में यहां बीजिंग का प्रभाव बढ़ा है. हांगकांग की स्वायत्तता और लोकतंत्र को कमजोर किया गया है.

यह भी पढ़ें: कौन हैं जिमी लाई

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com