विज्ञापन
This Article is From Apr 15, 2024

हरियाणा के युवक की कनाडा में गोली मारकर हत्या, पढ़ाई पूरी करने गया था विदेश

पुलिस ने कहा, "निवासियों द्वारा गोलियों की आवाज सुनने के बाद 12 अप्रैल को रात 11 बजे के आसपास अधिकारियों को ईस्ट 55वें एवेन्यू और मेन स्ट्रीट पर बुलाया गया. 24 वर्षीय चिराग अंतिल को इलाके के एक वाहन में मृत पाया गया."

हरियाणा के युवक की कनाडा में गोली मारकर हत्या, पढ़ाई पूरी करने गया था विदेश
चिराग अंतिल सितंबर 2022 में वैंकूवर गया था.

कनाडा (Canada) के दक्षिण वैंकूवर में एक कार के अंदर भारत के एक 24 वर्षीय छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई. स्थानीय पुलिस द्वारा यह जानकारी दी गई है. वैंकूवर पुलिस ने एक बयान में कहा कि 24 वर्षीय चिराग अंतिल (Chirag Antil) को पड़ोसियों द्वारा गोलियों की आवाज सुनने के बाद इलाके में एक वाहन के अंदर मृत पाया गया. 

पुलिस ने कहा, "निवासियों द्वारा गोलियों की आवाज सुनने के बाद 12 अप्रैल को रात 11 बजे के आसपास अधिकारियों को ईस्ट 55वें एवेन्यू और मेन स्ट्रीट पर बुलाया गया. 24 वर्षीय चिराग अंतिल को इलाके के एक वाहन में मृत पाया गया. फिलहाल इसमें कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है और मामले की जांच की जा रही है." चिराग को उसकी कार में ही अज्ञातों ने गोलियों से भुन कर हत्या कर दी. इसके बाद परिवार में शौक का माहौल है और परिजनों ने सरकार से डेड बॉडी भारत लाने की गुहार लगाई है.

जानकारी के अनुसार सोनीपत के सेक्टर 12 में रहने वाले हरियाणा सरकार के शूगर मिल विभाग से रिटायर्ड महावीर अंतिल का छोटा बेटा था. चिराग अंतिल सितंबर 2022 में एमबीए की पढ़ाई करने स्टडी वीजा पर कनाडा के वैंकूवर ब्रिटिश कोलंबिया गया था. वहां से उसने MBA की डिग्री हासिल की और अब वहां पर एक कंपनी में कार्यरत था.

कांग्रेस की छात्र शाखा के प्रमुख ने भी लगाई मदद की गुहार

कांग्रेस की छात्र शाखा नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया के प्रमुख वरुण चौधरी ने एक्स पर एक पोस्ट में विदेश मंत्रालय को टैग करते हुए छात्र के परिवार को सहायता देने का अनुरोध किया है. वरुण ने लिखा, "कनाडा के वैंकूवर में एक भारतीय छात्र चिराग अंतिल की हत्या के संबंध में तत्काल ध्यान दें. हम विदेश मंत्रालय से जांच की प्रगति की बारीकी से निगरानी करने और यह सुनिश्चित करने का आग्रह करते हैं कि न्याय तेजी से मिले."

उन्होंने कहा, "इसके अतिरिक्त, हम मंत्रालय से इस कठिन समय के दौरान मृतक के परिवार को सभी आवश्यक सहायता देने का अनुरोध करते हैं." स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, चिराग अंतिल का परिवार उनके शव को भारत वापस लाने के लिए क्राउडफंडिंग प्लेटफॉर्म GoFundMe के माध्यम से धन जुटा रहा है.

भाई ने कहा : "वह बेहद खुश था"

चिराग अंतिल के भाई हरियाणा निवासी रोमित अंतिल ने सिटीन्यूज को बताया कि वह एक दयालु व्यक्ति थे. रोमित अंतिल ने कहा, "मेरे और मेरे भाई के बीच बहुत अच्छे रिश्ते थे. हम रोजाना, दिन-रात बात करते थे. मैंने उससे आखिरी बार दुर्घटना होने से पहले बात की थी. वह काफी खुश था, उसे कभी भी किसी से कोई परेशानी नहीं हुई या किसी से झगड़ा नहीं हुआ. वह बेहद विनम्र था."

चिराग अंतिल सितंबर 2022 में वैंकूवर गया था. उसने हाल ही में यूनिवर्सिटी कनाडा वेस्ट से एमबीए पूरा किया था और उसे अपना वर्क परमिट मिला था. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Chirag Antil, Indian Student Canada Killed, Indian Student Canada Shot Dead
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com