विज्ञापन
This Article is From Apr 03, 2011

लीबिया में सेना और विद्रोहियों के बीच संघर्ष जारी

त्रिपोली: लीबिया के पूर्वी ब्रेगा में गद्दाफी सेना और विद्रोहियों के बीच तीसरे दिन रविवार को भी संघर्ष जारी रहा। गद्दाफी सेना को कमजोर करने के लिए गठबंधन देशों की सेना हवाई हमले कर रही है इसके बावजूद विद्रोही समारिक बढ़त बनाने में असफल हुए हैं। उधर, उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के नेतृत्व वाली गठबंधन सेना द्वारा भूलवश किए गए एक हवाई हमले में 13 विद्रोहियों की मौत हो गई। इस बीच, विद्रोहियों का कहना है कि शुक्रवार को उनके काफिले पर गठबंधन सेना के हमले के लिए उनके अपने लड़ाके जिम्मेदार हो सकते हैं। समाचार चैनल 'अल जजीरा' के मुताबिक सेना द्वारा तोपों से हमला किए जाने के बाद सैकड़ों विद्रोही ब्रेगा के पूर्वी इलाके से पीछे हट गए। इसके पहले उन्होंने सेना पर रॉकेटों से हमले किए। शहर के पश्चिमी इलाके से धुआं उठता दिखाई दिया। विद्रोहियों ने शहर के पश्चिमी सिरे पर स्थित एक विश्वद्यिालय के समीप पहुंचने में सफलता पाई है लेकिन गद्दाफी की सेना पर गठबंधन सेना द्वारा किए जा रहे हवाई हमलों के बावजूद विद्रोही आगे बढ़ पाने में असमर्थ हैं। इस बीच पश्चिम इलाके में स्थित देश के तीसरे सबसे बड़े शहर मिसुराता पर सेना का हमला जारी है। इस क्षेत्र पर विद्रोहियों का नियंत्रण है। रविवार सुबह हुए एक मोर्टार हमले में कम से कम एक व्यक्ति मारा गया और कई लोग घायल हुए। डॉक्टरों का कहना है कि केवल मिसुराता में पिछले एक महीने में 240 से अधिक लोग मारे गए हैं और 1000 से अधिक लोग घायल हुए हैं। उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के नेतृत्व वाली गठबंधन सेना द्वारा शुक्रवार को भूलवश किए गए एक हवाई हमले में 13 विद्रोहियों की मौत हो गई है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक गठबंधन सेना द्वारा गलतफहमी में गिराए गए बमों के कारण कई विद्रोही घायल भी हो गए हैं। यह घटना उस घटी जब विद्रोही, शहर पर फिर से कब्जा करने के लिए सरकारी बलों से संघर्ष कर रहे थे। नाटो की तरफ से हालांकि अभी इस हमले की पुष्टि नहीं की गई है। नाटो के एक प्रवक्ता ने ब्रसेल्स में कहा कि गठबंधन सेना इन खबरों की जांच कर रही है। बीबीसी के मुताबिक इस बीच विद्रोहियों ने कहा है कि  लगता है कि उनके सदस्यों के हवाई फायरिंग करने की वजह से ही नाटो की ओर से हवाई हमला हुआ। विद्रोहियों द्वारा बनाई गई अस्थायी राष्ट्रीय परिषद के प्रमुख मुस्तफा अब्दुल जलील ने कहा कि कुछ सदस्य नाटो के हमले वाले इलाके में घुस गए, जिसके लिए नाटो को जिम्मेदार ठहराना गलत होगा। विपक्षी दलों ने कहा है कि वे अपने सदस्यों को प्रशिक्षित करने की कोशिश कर रहे हैं। दूसरी ओर समाचार चैनल अल-जजीरा के मुताबिक अमेरिका और मिस्र के विशेष बल विद्रोहियों को हथियार मुहैया करा रहे हैं।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
लीबिया, सेना, संघर्ष