फ्रांस से एक खौफनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. एक महिला को उसके ही एक्स ब्वॉयफ्रेंड ने सात सालों तक हैवानियत के उस दलदल में धकेला, जहां से उसका जिंदा बचना किसी चमत्कार से कम नहीं था. एक बैंक मैनेजर ने अपनी ही प्रेमिका को डरा-धमकाकर, ब्लैकमेल करके एक-दो नहीं, बल्कि 487 से ज्यादा मर्दों के साथ सेक्स करने को मजबूर किया. अदालत में जब पीड़ित महिला ने अपनी दास्तां सुनाई. तब वहां मौजूद हर शख्स की रूह कांप गई.
42 साल की लैटिटिया आर. साल 2015 में गिलाउम बुच्ची नाम के एक बैंक मैनेजर के संपर्क में आई थीं. शुरुआत में बुच्ची ने उनके सामने 'साडोमासोचिस्टिक' (S&M- दर्द और आनंद का खेल) सेक्स गेम की बात रखी. लैटिटिया ने सोचा कि यह आम कपल्स की तरह कोई सामान्य खेल होगा और बुच्ची ने वादा भी किया था कि अगर उन्हें पसंद नहीं आया, तो वह रुक जाएगा. लेकिन यह सिर्फ एक जाल था. धीरे-धीरे इस खेल ने 'प्योर वॉयलेंस' यानी मुकम्मल जुल्म का रूप ले लिया.
बुच्ची ने लैटिटिया पर इस कदर मनोवैज्ञानिक काबू पा लिया था कि वह चाहकर भी उसके चंगुल से आजाद नहीं हो सकीं. वह लगातार खौफ के साए में जीने लगीं. बुच्ची ने उनके कुछ बेहद निजी वीडियो बना लिए थे और धमकी देता था कि अगर वह उसे छोड़कर गईं, तो वो इन वीडियो को हर तरफ लीक कर देगा. इसी ब्लैकमेलिंग के दम पर उसने लैटिटिया की जिंदगी को नर्क बना दिया.
हाइवे से शुरू हुआ जिस्मफरोशी का धंधा
इस वहशीपन की शुरुआत साल 2015 की क्रिसमस ईव को हुई. बुच्ची ने लैटिटिया को मजबूर किया कि वह एक हाइवे सर्विस स्टेशन पर जाकर अजनबियों के सामने खुद को पेश करें. हद तो तब हो गई जब वह खुद फोन पर इस पूरी घिनौनी करतूत को सुनता रहा. कोर्ट में लैटिटिया ने रोते हुए कहा, "उस वक्त मुझे ऐसा लगा जैसे मैं अंदर से बिल्कुल मर चुकी हूं."
हैवानियत की हद तो तब पार हो गई जब बुच्ची ने लैटिटिया को एक लिस्ट बनाने पर मजबूर किया ताकि हिसाब रखा जा सके कि वह कितने मर्दों के संबंध बना चुकी हैं. अदालत में गवाही देते हुए लैटिटिया ने बताया, "जब गिनती 487 मर्दों के पार हो गई, तो मैंने गिनना ही बंद कर दिया. इनमें से कुछ मर्द तो ऐसे थे जिनके पास मुझे 10-10 बार भेजा गया."
अदालत में मुजरिम ने कबूल किया जुर्म
मुकदमे के दौरान आरोपी गिलाउम बुच्ची ने अदालत में माना कि उसने लैटिटिया के साथ मारपीट की, उसे बांधा, गला घोंटने की कोशिश की और यहां तक कि जानवरों के साथ शारीरिक संबंध बनाने जैसे घिनौने अपराध भी किए. लेकिन उसने बेहद बेशर्मी से दलील दी कि यह सब 'आपसी सहमति' से हो रहा था और उसे अंदाजा नहीं था कि वह लैटिटिया को 'तकलीफ' पहुंचा रहा है. उसने यह बात भी कबूल की कि उसने लैटिटिया पर जिस्मफरोशी के लिए दबाव डाला था.
मामले की गंभीरता और वहशीपन को देखते हुए फ्रांस की अदालत ने गिलाउम बुच्ची को 25 साल जेल की सख्त सजा सुनाई है. अदालत ने अपने फैसले में यह भी साफ कर दिया है कि बुच्ची को अपनी सजा का कम से कम दो-तिहाई हिस्सा (करीब 16 साल से ज्यादा) जेल में काटना ही होगा, उसके बाद ही वह पैरोल के लिए अर्जी दे सकेगा.
यह भी पढ़ें: पेरिस के किंडरगार्टन में स्कूल सहायक ने मासूम बच्चे का किया रेप, अब देश भर में हो रही जांच
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं