- कांगो के पूर्वी इटुरी प्रांत में इबोला वायरस के कारण शुक्रवार देर रात तक कुल 80 लोगों की मौत हो चुकी है.
- स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि रवाम्पारा, मोंगवालू और बुनिया में इबोला वायरस के 8 कंफर्म मामले सामने आए हैं.
- वायरस के कुल 246 संदिग्ध मामले रिपोर्ट किए गए हैं, जिनमें एक नर्स भी शामिल हैं, जिनकी मौत हो गई थी
कांगो (Congo) के पूर्वी इटुरी प्रांत में इबोला (Ebola) से शुक्रवार देर रात 80 लोगों की मौत हो गई है. देश के स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी. स्वास्थ्य मंत्री सैमुअल रोजर कंबा मुलम्बा ने एक बयान में कहा कि बृहस्पतिवार को किए गए टेस्ट में रवाम्पारा, मोंगवालू और बुनिया के स्वास्थ्य क्षेत्रों में इबोला वायरस के बुंडीबुग्यो स्ट्रेन के आठ मामलों की पुष्टि हुई है.
मंत्रालय ने बताया कि अब तक वायरस के 246 संदिग्ध मामले सामने आए हैं. संदिग्ध मामलों में से एक नर्स थी, जिसकी बुनिया के इवेंजेलिकल मेडिकल सेंटर में बुखार, ब्लीडिंग, उल्टी और अत्यधिक कमजोरी जैसे लक्षणों के बाद मौत हो गई.
दक्षिण सूडान हुआ सतर्क
कांगो के पड़ोसी देश दक्षिण सूडान सरकार ने कहा कि उसने कांगो की हालत को देखते हुए अपने पब्लिक हेल्थ इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर को एक्टिव कर दिया है. महामारी विज्ञान और लैबरोटरी सर्विलांस को मजबूत किया है और रिस्पांस टीमों की त्वरित तैनाती का आदेश दिया है.
अफ्रीका के और देश भी चिंतित
अफ्रीका रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र ने एक बयान में कहा कि वह सीमा पार निगरानी, तैयारी और प्रतिक्रिया प्रयासों को मजबूत करने के लिए कांगो, युगांडा, दक्षिण सूडान और वैश्विक भागीदारों के साथ एक आपातकालीन बैठक बुला रहा है. एजेंसी ने कहा कि मौतें और संदिग्ध मामले मुख्य रूप से मोंगवालू और रवाम्पारा स्वास्थ्य क्षेत्रों में सामने आए हैं, जबकि प्रयोगशाला में पुष्टि किए गए मामलों में चार मौतें दर्ज की गई हैं. प्रांतीय राजधानी बुनिया में भी संदिग्ध मामले सामने आए हैं.
नया स्ट्रेन मिलने से खौफ
एजेंसी ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि वायरस जैरे स्ट्रेन से उत्पन्न नहीं हुआ है. इसकी विशेषताओं का पता लगाने के लिए सीक्वेंसिंग जारी है. कांगो के वायरोलॉजिस्ट जीन-जैक्स मुयेम्बे (जिन्होंने इबोला की सह-खोज की थी और जो किंशासा में राष्ट्रीय जैव चिकित्सा अनुसंधान संस्थान के प्रमुख हैं) ने रॉयटर्स को बताया कि कांगो में पहले हुए 16 प्रकोपों में से एक को छोड़कर बाकी सभी जैरे स्ट्रेन के कारण हुए थे. उन्होंने कहा कि एक अलग प्रकार की पहचान से प्रतिक्रिया जटिल हो जाएगी, क्योंकि मौजूदा उपचार और टीके जैरे स्ट्रेन के खिलाफ विकसित किए गए थे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं