विज्ञापन

एप्पल, गूगल, मेटा, अमेजन जैसी कंपनियों से लिया टैक्स तो देना होगा 100 फीसदी टैरिफ, ट्रंप ने किसे धमकाया?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर किए एक पोस्ट में यूरोपीय देशों पर 100 प्रतिशत टैरिफ लगाने की चेतावनी दी है. ट्रंप ने अपने पोस्ट में लिखा कि यह टैरिफ उन सभी यूरोपीय देशों पर लगेगा जो अमेरिकी टेक्नोलॉजी कंपनियों से डिजिटल सेवा टैक्स लेंगे.

एप्पल, गूगल, मेटा, अमेजन जैसी कंपनियों से लिया टैक्स तो देना होगा 100 फीसदी टैरिफ, ट्रंप ने किसे धमकाया?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप.
AFP
  • US राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने डिजिटल सेवा कर लगाने वाले यूरोपीय देशों पर 100% टैरिफ लगाने की चेतावनी दी है.
  • ट्रंप ने कहा है कि दंडात्मक शुल्क द्विपक्षीय व्यापार समझौतों से ऊपर तुरंत प्रभाव से लागू किए जाएंगे.
  • ट्रंप ने फरवरी में सुप्रीम कोर्ट के टैक्स रद्द करने के बाद नए इंपोर्ट टैक्स और टैरिफ की कई घोषणाएं की हैं.
वांशिगटन:

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर टैरिफ बम फोड़ा है. राष्ट्रपति ट्रंप ने उन सभी यूरोपीय देशों पर 100 फीसदी टैरिफ लगाने की चेतावनी दी है, जो अमेरिकी टेक्नोलॉजी कंपनियों पर डिजिटल सेवा कर लागू करेंगे. ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि कई यूरोपीय देश ऐसा कर लगाने पर विचार कर रहे हैं और कुछ इसे जल्द लागू करने के करीब हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे देशों पर दंडात्मक शुल्क तुरंत प्रभाव से लगाया जाएगा और यह किसी भी मौजूदा द्विपक्षीय व्यापार समझौते से ऊपर होगा.

ट्रंप की चेतावनी का ब्रिटेन पर क्या असर, यह अभी क्लियर नहीं

ट्रंप की यह चेतावनी उन देशों के लिए है, जो नया कर लागू करने की तैयारी में हैं. लेकिन इसका ब्रिटेन पर क्या प्रभाव पड़ेगा, यह अभी स्पष्ट नहीं है, क्योंकि ब्रिटेन में पहले से ऐसा कर लागू है. ट्रंप ने लिखा, “कृपया इस बयान को यह स्पष्ट संदेश समझा जाए कि जो भी देश ऐसा कर लगाएगा, उसे अमेरिका भेजे जाने वाले सभी सामानों पर तत्काल 100% टैरिफ का सामना करना पड़ेगा.”

ब्रिटेन में एप्पल, गूगल, मेटा, अमेजन जैसी कंपनियों पर पहले से टैक्स

मालूम हो कि ब्रिटेन ने अप्रैल 2020 में प्रमुख सर्च इंजन, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और ऑनलाइन मार्केटप्लेस पर 2% डिजिटल सेवा कर (DST) लागू किया था. यह टैक्स एप्पल, गूगल, मेटा और अमेजन जैसी इंटरनेशन टेक्नोलॉजी कंपनियों पर लागू होता है. यह विशेष रूप से उन कंपनियों को लक्षित करता है जिनकी वैश्विक डिजिटल आय 50 करोड़ पाउंड (500 मिलियन पाउंड) से अधिक और ब्रिटेन में आय 2.5 करोड़ पाउंड (25 मिलियन पाउंड) से अधिक है.

ब्रिटेन के वित्त मंत्रालय के अनुसार, इस कर से वित्त वर्ष 2024-25 में 80 करोड़ पाउंड (800 मिलियन पाउंड) से अधिक की आय हुई, जो 2023-24 में 67.8 करोड़ पाउंड (678 मिलियन पाउंड) थी.

नए इंपोर्ट टैक्स को लेकर ट्रंप ने की है कई घोषणाएं

उल्लेखनीय हो कि हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नए इंपोर्ट टैक्स को लेकर कई घोषणाएं की है. शुक्रवार को 100 फीसदी टैरिफ के बारे में दी गई चेतावनी नए इंपोर्ट टैक्स को लेकर की गई कई घोषणाओं में से एक है. इससे पहले फरवरी में अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने ट्रंप द्वारा लगाए गए कई टैक्स को रद्द कर दिया था, जिसके बाद ये नई घोषणाएं की गई हैं. इस महीने की शुरुआत में अमेरिका ने कई देशों पर 10-12.5% ​​का नया टैरिफ लगाने की घोषणा की है. इन देशों से अमेरिका का लगभग सारा इंपोर्ट होता है. 

यह भी पढे़ं - ईरान ने सीजफायर का किया उल्लंघन, होर्मुज में जहाज पर किया ड्रोन अटैक: ट्रंप

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
US President Donald Trump, Trump Tariffs, Donald Trump Tariffs News, European Countries, Donald Trump Tariffs US Supreme Court Ruling
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com