- डोनाल्ड ट्रंप जूनियर और उनकी पत्नी बेटिना ट्रंप की शादी का खर्च रूसी बिजनेसमैन उमर क्रेमलेव ने उठाया था
- उमर क्रेमलेव इंटरनेशनल बॉक्सिंग एसोसिएशन के प्रमुख हैं और रूसी राष्ट्रपति पुतिन के करीबी माने जाते हैं
- ट्रंप जूनियर और क्रेमलेव का सार्वजनिक रूप से साथ दिखना और शादी के खर्च की जानकारी सोशल मीडिया पर शेयर की गई
एक तरफ अमेरिका और रूस में लगातार तनाव है तो दूसरी तरफ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का सुपर अमीर परिवार रूसी बिजनेसमैन के खर्च पर पार्टी कर रहा है. अब बात खुद ट्रंप के बेटे और बहु ने स्वीकार की है. डोनाल्ड ट्रंप के बड़े बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर और उनकी नई पत्नी बेटिना ट्रंप की शादी के बाद हुए जश्न का खर्च रूसी सरकार से करीबी संबंध रखने वाले इस रूसी बिजनेसमैन ने उठाया था. इस बिजनेसमैन का नाम उमर क्रेमलेव है.
शादी के बाद हुए जश्न का खर्च उठाया
डोनाल्ड ट्रंप जूनियर और बेटिना ट्रंप ने एक इंस्टाग्राम पोस्ट में बताया कि उनके 'प्यारे दोस्त' उमर क्रेमलेव ने मई में बहामास में हुए पार्टी वाली दो शानदार रातों का पूरा खर्च उठाया था, वो भी खुलकर. ऐसा नहीं है कि दोनों ने खुद से यह जानकारी दी है बल्कि एक तरह से यह मजबूरी में किया गया. दरअसल एक इंवेस्टिगेशन रिपोर्टिंग करने वाली वेबसाइट प्रोपब्लिका ने पहले ही बताया था कि क्रेमलेव ने इन पार्टियों पर कई लाख डॉलर खर्च किए थे.
कौन हैं उमर क्रेमलेव?
उमर क्रेमलेव इंटरनेशनल बॉक्सिंग एसोसिएशन यानी IBA के प्रमुख हैं. अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति ने वित्तीय व्यवस्था और नैतिक मामलों को लेकर बार-बार चिंता जताने के बाद IBA से अपने संबंध खत्म कर लिए थे. क्रेमलेव पुतिन के करीबी माने जाते हैं. रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अप्रैल 2026 में क्रेमलेव को 'ऑर्डर ऑफ फ्रेंडशिप' पुरस्कार दिया था. IBA की एक प्रेस रिलीज में पुतिन और क्रेमलेव की हाथ मिलाते हुए तस्वीर भी पब्लिश की गई थी. तब IBA ने अपने बयान में कहा था कि पुरस्कार देने के दौरान रूसी राष्ट्रपति ने राजनीतिक दबाव के बावजूद खिलाड़ियों का समर्थन करने में IBA की मजबूती की तारीफ की थी.
IBA की वेबसाइट पर सितंबर 2025 में इस्तांबुल में हुए एक कार्यक्रम की तस्वीरें भी थीं. इनमें डोनाल्ड ट्रंप जूनियर और क्रेमलेव एक साथ मंच पर दिखाई दे रहे थे.
बेटिना ने क्या कहा?
बेटिना ट्रंप की इंस्टाग्राम पोस्ट में कुल 20 तस्वीरें थीं. इनमें शादी के बाद समुद्र किनारे इस नए कपल की एक तस्वीर भी थी. दूसरी तस्वीरों में राष्ट्रपति ट्रंप के दूसरे बच्चे एरिक ट्रंप, इवांका ट्रंप और टिफनी ट्रंप भी नजर आए. पोस्ट में आगे कहा गया कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि इतनी प्राइवेट और खुशी की बात को सिर्फ इसलिए राजनीतिक या गलत मकसद वाली चीज के तौर पर पेश किया जा रहा है, क्योंकि कोई व्यक्ति कौन है या वह कहां से आया है.
रूस की सुरक्षा एजेंसियों से भी संबंध का दावा
न्यूज एजेंसी एएफपी ने रिपोर्ट छापी है कि क्रेमलेव मूल रूप से ताजिकिस्तान के रहने वाले हैं. इसके लिए रूस की खोजी मीडिया संस्था प्रोएक्ट की रिपोर्ट का हवाला दिया गाय है. इसके अनुसार क्रेमलेव ने बॉक्सिंग प्रमोटर के तौर पर काम किया और रूस की फेडरल प्रोटेक्टिव सर्विस (FSO) से संबंध बनाए. FSO का काम रूस के बड़े अधिकारियों की सुरक्षा करना है.
रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि क्रेमलेव रूसी सरकार के समर्थक नाइट वॉल्व्स बाइकर्स क्लब के सदस्य हैं. बता दें कि नाइट वॉल्व्स के मेंबर मार्च 2014 में रूस द्वारा यूक्रेन के क्रीमिया पर कब्जा किए जाने के तुरंत बाद बड़ी संख्या में वहां पहुंचे थे. रिपोर्ट के मुताबिक, इस क्लब के कुछ मेंबर पूर्वी यूक्रेन में रूस समर्थक अलगाववादियों के साथ मिलकर भी लड़ चुके हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं