विज्ञापन
This Article is From Jul 11, 2020

डोनाल्ड ट्रंप ने खारिज की चीन के साथ दूसरे चरण के व्यापार सौदे की संभावना

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने चीन के साथ दूसरे चरण के व्यापार सौदे से फिलहाल के लिए इनकार कर दिया है.

Also Read in
डोनाल्ड ट्रंप ने खारिज की चीन के साथ दूसरे चरण के व्यापार सौदे की संभावना
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि चीन के साथ संबंध बुरी तरह प्रभावित हुए हैं. (फाइल फोटो)
  • कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित अमेरिका
  • अमेरिका में संक्रमितों की संख्या 31 लाख पार
  • US में 1.3 लाख से ज्यादा संक्रमितों की मौत
वॉशिंगटन:

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने चीन के साथ दूसरे चरण के व्यापार सौदे से फिलहाल के लिए इनकार कर दिया है. उन्होंने कहा कि कोरोनावायरस (Coronavirus) प्रकोप से निपटने के बीजिंग के तरीके के चलते दोनों देशों के बीच संबंधों को बहुत अधिक नुकसान पहुंचा है. ट्रंप ने व्यापार समझौते के बारे में पूछे जाने पर एयर फोर्स वन से शुक्रवार को संवाददाताओं को बताया, ‘‘चीन के साथ संबंध बुरी तरह प्रभावित हुए हैं. मैं अभी इसके बारे में नहीं सोच रहा हूं.”

साल की शुरुआत में, ट्रंप प्रशासन ने चीन के साथ गहन बातचीत के बाद पहले चरण का बड़ा व्यापार सौदा किया था. लेकिन, कोरोनावायरस के प्रकोप के बाद से वाशिंगटन और बीजिंग के बीच संबंधों में लगातार खटास आती गई. राष्ट्रपति ट्रंप कोविड-19 वैश्विक महामारी से निपटने के एशियाई महाशक्ति के तरीके पर सवाल उठाते रहे हैं.

चीन द्वारा हांगकांग में नये राष्ट्रीय सुरक्षा कानून को लागू करने, अमेरिकी पत्रकारों पर प्रतिबंध, उइगर मुस्लिमों के साथ बर्ताव और तिब्बत में सुरक्षा उपायों को लेकर भी दोनों देशों में विवाद रहा. ट्रंप ने कहा, “चीन के साथ संबंध बहुत अधिक खराब हो चुके हैं. वे महामारी को रोक सकते थे लेकिन उन्होंने इसे रोका नहीं. उन्होंने इसे वुहान प्रांत से चीन के अन्य हिस्सों में फैलने से रोका. वे चाहते तो इस महामारी को और जगह जाने से भी रोक सकते थे लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया.”

सबसे पहले चीन के वुहान शहर में उभरे कोरोनावायरस से अमेरिका में 1,30,000 से अधिक लोगों की जान गई और 31 लाख लोग इससे संक्रमित हुए. चीन में संक्रमण के 85,000 मामले सामने आए और यहां मृतकों की संख्या 4,641 है.

VIDEO: दिल्ली में कोरोना से निपटने के लिए हर घर की स्क्रीनिंग शुरू

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Donald Trump, US Trade Deal With China, China, Coronavirus, Covid 19
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com