- ट्रंप ने साल 2025 में क्रिप्टोकरेंसी से जुड़े अपने इन्वेस्टमेंट से करीब 1.2 अरब डॉलर की कमाई की.
- ट्रंप ने सफाई देते हुए कहा है कि सिर्फ मैं ही नहीं, हर कोई फायदा कमा रहा है. लेकिन इस दावे पर सवाल उठ रहे हैं
- ट्रंप से जुड़े $TRUMP मीमकॉइन के मामले में चंद निवेशकों को फायदा हुआ जबकि 7 लाख 64 हजार लोगों को नुकसान हुआ है
डोनाल्ड ट्रंप के आलोचक उनके बारे में कहते हैं कि वह अमेरिका के राष्ट्रपति होने से पहले एक बिजनेसमैन हैं. ट्रंप पिछले एक साल से व्हाइट हाउस में हैं (दूसरा कार्यकाल) और उन्होंने एक साल में क्रिप्टोकरेंसी से इतना बड़ा कारोबार खड़ा किया कि उनकी कमाई अरबों डॉलर तक पहुंच गई. ट्रंप ने साल 2025 में क्रिप्टोकरेंसी से जुड़े अपने इन्वेस्टमेंट से करीब 1.2 अरब डॉलर की कमाई की. भारतीय करेंसी में लगभग 11 हजार करोड़ रुपए. लोग अब सवाल उठा रहे हैं कि ट्रंप खुद क्रिप्टोकरेंसी से जुड़ी अमेरिका की नीतियां बना रहे हैं और खुद मुनाफा कमा रहे हैं. ऐसे में ट्रंप ने क्रिप्टोकरेंसी कारोबार से इस छप्पर फाड़ कमाई का बचाव किया है. उन्होंने कहा कि "मैं ही नहीं, इस समय हर कोई कमाई कर रहा है."
लेकिन क्या यह सही है? यह जानने से पहले आपको बताते हैं कि ट्रंप और उनकी सरकार इस कमाई पर क्या कह रही?
ट्रंप ने क्या कहा?
कतर की ओर से तोहफे में मिले नए एयर फोर्स वन विमान में पहली बार सफर करते हुए ट्रंप ने उन आरोपों को खारिज किया कि वह राष्ट्रपति पद का इस्तेमाल खुद को अमीर बनाने के लिए कर रहे हैं. ट्रंप ने कहा, "आप जानते हैं मैं क्यों कमाई कर रहा हूं? क्योंकि शेयर बाजार ऊपर जा रहा है. हर कोई फायदा कमा रहा है." 80 साल के ट्रंप ने कहा कि उनकी कमाई और इन्वेस्टमेंट ब्लाइंड ट्रस्ट में रखे गए हैं. इसका मतलब है कि उनके पैसे का फैसला दूसरे लोग करते हैं और उन्हें यह नहीं बताया जाता कि पैसा कहां लगाया जा रहा है. इससे वह सरकारी फैसलों का इस्तेमाल अपनी कमाई बढ़ाने के लिए नहीं कर सकते.
ट्रंप ने कहा, "मैं अपने निजी पैसों के मामलों में दखल नहीं देता. कुछ फंड मेरे पैसे संभालते हैं. राष्ट्रपति बनने से पहले भी मैंने बहुत पैसा कमाया था. वही लोग मेरे पैसे निवेश करते हैं और मैं उनसे इस बारे में बात नहीं करता." उन्होंने यह भी कहा कि उनकी दौलत उनके पुराने कारोबार की वजह से है, जबकि उनकी यह नई कमाई क्रिप्टो कारोबार से हुई है, जिसे उन्होंने दोबारा राष्ट्रपति बनने के बाद शुरू किया था.
क्या सच में सब ट्रंप की तरह पैसा बना रहे हैं?
मंगलवार को यूएस ऑफिस ऑफ गवर्नमेंट एथिक्स की ओर से जारी दस्तावेजों के अनुसार, 2025 में ट्रंप को वर्ल्ड लिबर्टी फाइनेंशियल (WFL) नाम की क्रिप्टो कंपनी से जुड़े होने के कारण लगभग 55 करोड़ डॉलर की कमाई हुई. वर्ल्ड लिबर्टी फाइनेंशियल की शुरुआत सितंबर 2024 में ट्रंप के बेटों और ट्रंप के मध्य पूर्व मामलों के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ के बेटे ने मिलकर की थी. फोर्ब्स के अनुसार, ट्रंप की क्रिप्टो से जुड़ी कमाई की वजह से उनकी कुल संपत्ति 2024 से 2026 के बीच 2.3 अरब डॉलर से बढ़कर 6.5 अरब डॉलर हो गई. यानी उनकी दौलत लगभग तीन गुना हो गई.
राष्ट्रपति रहते हुए ट्रंप ने ऐसे कई फैसले लिए, जिनसे क्रिप्टो सेक्टर पर सरकारी नियम कम हुए. इसके बाद क्रिप्टो संपत्तियों की कीमतें तेजी से बढ़ीं. इसी लिए आरोप लग रहे कि ट्रंप पॉलिसी बनाकर अपना फायदा कमा रहे हैं. सवाल है कि क्या अकेले ट्रंप ही फायदा कमा रहे या आम लोगों ने भी मुनाफा कमाया है.
पिछले साल डोनाल्ड ट्रंप की कुल कमाई में से 636 मिलियन डॉलर सिर्फ $TRUMP नाम की एक क्रिप्टोकरेंसी से आए. $TRUMP एक मीमकॉइन है यानी ऐसी क्रिप्टोकरेंसी, जिसकी कीमत ज्यादातर लोगों की दिलचस्पी और चर्चा के आधार पर ऊपर-नीचे होती है. $TRUMP मीमकॉइन से ट्रंप को रॉयल्टी मिलती है. यह क्रिप्टोकरेंसी जनवरी 2025 में उनके राष्ट्रपति पद की शपथ लेने से कुछ घंटे पहले लॉन्च की गई थी. जब ट्रंप दोबारा राष्ट्रपति बने, तो उनके लाखों समर्थकों और दूसरे लोगों ने यह सोचकर $TRUMP कॉइन खरीदा कि अब इसकी कीमत बहुत बढ़ जाएगी और उन्हें बड़ा फायदा होगा.
हालांकि, ट्रंप और उनके कारोबार से जुड़े लोगों को फिर भी फायदा होता रहा. कैसे? जब भी कोई व्यक्ति $TRUMP कॉइन खरीदता या बेचता था, हर लेन-देन पर ट्रांजैक्शन फीस लगती थी. यह फीस ट्रंप और उनके पार्टनर्स को मिलती थी. यानी लोगों को फायदा हो या नुकसान, हर खरीद-बिक्री से ट्रंप और उनके पार्टनर कमाई करते रहे.
यह भी पढ़ें: ट्रंप ने एक साल में क्रिप्टो से कमाए 11 हजार करोड़! खुद बनाए नियम, खुद उठाया फायदा?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं