विज्ञापन

Plane Crash VIDEO: उड़ान भरते ही प्लेन ने गोता लगाया, धमाके के साथ बना आग का गोला, 66 कोलंबियाई सैनिक मरे

Colombia military transport plane crashes: पिछले एक महीने से कम समय में दक्षिण अमेरिका में C-130 हरक्यूलिस विमान की यह दूसरी दुर्घटना है. यह चार इंजन वाला टर्बोप्रॉप विमान लॉकहीड मार्टिन द्वारा बनाया गया है.

Plane Crash VIDEO: उड़ान भरते ही प्लेन ने गोता लगाया, धमाके के साथ बना आग का गोला, 66 कोलंबियाई सैनिक मरे
Colombia military plane crashes: कोलंबिया में मिलिट्री का प्लेन क्रैश

कोलंबिया का एक सैन्य विमान, जिसमें 125 सैनिक और क्रू मेंबर सवार थे, सोमवार की सुबह उड़ान भरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया. अधिकारियों ने बताया है कि इस हादसे में कम से कम 66 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों लोग घायल हो गए. C-130 हरक्यूलिस नाम का यह विमान पुएर्तो लेगुइज़ामो से उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद गिर गया. यह जगह इक्वाडोर और पेरू की दक्षिणी सीमा के पास है. दुर्घटना के बाद जलता हुआ मलबा जंगल की जमीन पर फैल गया. न्यूज एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार एक सैन्य स्रोत ने बताया कि 58 सैनिकों की मौत हो गई, साथ ही वायु सेना के छह कर्मियों और दो पुलिस अधिकारियों की भी मौत हुई.

इससे पहले स्थानीय सरकार के सचिव कार्लोस क्लारोस ने आरसीएन टेलीविजन को बताया था कि 33 लोगों की मौत हुई है, और दर्जनों अन्य घायल लोगों का इलाज करने और उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने यह भी कहा कि जांचकर्ता दुर्घटना के कारण की जांच कर रहे हैं. अब मौतों का यह आकड़ां सीधा दोगुना हो गया है.

आखिर विमान हादसा हुआ कैसे?

जहां विमान गिरा वह सीमा क्षेत्र हाल के हफ्तों में भारी सैन्य गतिविधियों का केंद्र रहा है. यहां कोलंबिया और इक्वाडोर की सेनाएं ड्रग तस्करी करने वाले गिरोहों और मिलिशिया समूहों से निपटने की कोशिश कर रही हैं. घटनास्थल से आईं एएफपी की तस्वीरों में दिखा कि आम लोग विमान के टूटे हुए पिछले हिस्से के आसपास चढ़े हुए थे. विमान पर FAC 1016 लिखा हुआ था, और पेड़ों के ऊपर धुआं और आग की लपटें उठ रही थीं.

Latest and Breaking News on NDTV

कोलंबिया के रक्षा मंत्री पेद्रो सांचेज ने इस हादसे पर “गहरा दुख” जताया और कहा कि अभी यह तय करना जल्दबाजी होगी कि दुर्घटना का कारण क्या था. सांचेज ने कहा, “यह देश के लिए बहुत दुखद घटना है. हमारी प्रार्थनाएं कुछ हद तक सांत्वना दे सकें.” वहीं जनरल कार्लोस फर्नांडो सिल्वा रुएदा ने बताया कि विमान में 114 सैनिक और 11 चालक दल के सदस्य सवार थे. वे पुएर्तो लेगुइज़ामो से पास के अमेजन क्षेत्र के एक सैन्य चौकी की ओर जा रहे थे.

पुतामायो क्षेत्र के गवर्नर जॉन गैब्रियल मोलिना ने एक फेसबुक वीडियो में कहा, “हवाई अड्डा छोटा है और कई मुश्किलें हैं, जिसकी वजह से शवों और घायलों को निकालने का काम प्रभावित हो रहा है.”

‘भयानक था हादसा'

इलाके के स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने एक जोरदार धमाका सुना. एक किसान नोए मोता ने कहा, “मुझे हवा में एक विस्फोट महसूस हुआ और जब मैंने ऊपर देखा तो विमान मेरे खेत के घर के पास उड़ रहा था.”

कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने एक वीडियो शेयर किया जिसमें विमान ऊंचाई पकड़ने की कोशिश करता दिख रहा था, लेकिन फिर नीचे गिर गया. उन्होंने X पर इस हादसे को “भयानक दुर्घटना” बताया और कहा कि कोलंबिया की सेना के उपकरणों को आधुनिक बनाने की जरूरत है, हालांकि उन्होंने सीधे तौर पर इस दुर्घटना को विमान की हालत से नहीं जोड़ा.

बता दें कि पिछले एक महीने से कम समय में दक्षिण अमेरिका में C-130 हरक्यूलिस विमान की यह दूसरी दुर्घटना है. यह चार इंजन वाला टर्बोप्रॉप विमान लॉकहीड मार्टिन द्वारा बनाया गया है. इससे पहले 27 फरवरी को बोलीविया का एक सैन्य मालवाहक विमान, जिसमें बैंक नोट ले जाए जा रहे थे, ला पाज के पास उतरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. उस हादसे में कम से कम 24 लोगों की मौत हुई थी. यह विमान अस्थायी हवाई पट्टियों से भी उड़ान भरने की क्षमता के लिए जाना जाता है, इसलिए दुनिया भर की सेनाएं इसका व्यापक रूप से उपयोग करती हैं.

यह भी पढ़ें: न्यूयॉर्क के एयरपोर्ट पर लैंडिग के दौरान प्लेन और ट्रक की भीषण टक्कर, हादसे में दोनों पायलटों की मौत

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com