- बोलिविया की सेना का विमान क्रैश होने के बाद लोगों ने करोड़ो रुपए लूटे, 20 से अधिक घरों पर पुलिस ने छापा मारा
- विमान में 1 करोड़ 70 लाख बैंक नोट थे, जिनकी कुल कीमत लगभग 5 करोड़ बोलिवियानो बताई गई है
- दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग विमान के मलबे से बिखरे पैसे उठाने लगे, जिसे रोकने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल हुआ
फ्री का माल किसे नहीं पसंद. अब बोलिविया की इस खबर को ही ले लीजिए. बोलिविया की पुलिस ने सोमवार, 2 फरवरी को 20 से ज्यादा घरों पर छापा मारा, ताकि उन बैंक नोटों को ढूंढा जा सके जो सेना के एक मालवाहक विमान की दुर्घटना के बाद चोरी हो गए थे. यह दुर्घटना बोलिविया की राजधानी ला पाज के पास हुई थी. इस दुखद हादसे में 24 लोगों की मौत हो गई थी. लेकिन यह वहां के कुछ लोगों के लिए नोट बंटोरने का मौका बन गया.
न्यूज एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार लॉकहीड सी-130 हरक्यूलिस नाम का सेना का कार्गो प्लेन (सामान ढोने वाला विमान) शुक्रवार को एल अल्टो इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस हादसे में कई कारें नष्ट हो गईं और कुछ ट्रक भी क्षतिग्रस्त हो गए. अब अर्थव्यवस्था मंत्रालय ने बताया है कि उस विमान में 1 करोड़ 70 लाख बैंक नोट थे, जिनकी कुल कीमत 5 करोड़ बोलिवियानो थी. भारतीय करेंसी में यह रकम 65 करोड़ रुपए से ज्यादा की होती है. यह पैसे देश के केंद्रीय बैंक तक पहुंचाने के लिए ले जाए जा रहे थे.
विमान में मौजूद 8 क्रू में से 7 लोग बच गए, लेकिन बाकी मृतकों की मौत कैसे हुई, इसके बारे में अधिकारियों ने अभी ज्यादा जानकारी नहीं दी है. हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग विमान के मलबे की ओर दौड़ पड़े और वहां बिखरे हुए पैसे उठाने लगे. भीड़ को रोकने के लिए पुलिस को आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा. जांच की जिम्मेदारी संभाल रहे पुलिस कर्नल हेनरी पिंटो ने बताया कि अब तक 22 घरों पर छापे मारे जा चुके हैं, जहां से सबूत के तौर पर बैंक नोट मिले हैं.
वहीं सेंट्रल बैंक ऑफ बोलीविया ने कहा है कि इन नोटों को रद्द कर दिया जाएगा, यानी अब बैंक और वित्तीय संस्थान इन्हें स्वीकार नहीं करेंगे. बोलीविया के अर्थव्यवस्था मंत्री जोस गेब्रियल एस्पिनोजा ने टीवी चैनल यूनिटेल से कहा कि उनके अनुमान के मुताबिक लगभग 30% नोट इस घटना में चोरी हो गए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं