विज्ञापन
This Article is From Aug 17, 2015

बैंकॉक में आतंकी हमला, 16 लोगों की मौत, 80 से अधिक घायल

बैंकॉक में आतंकी हमला, 16 लोगों की मौत, 80 से अधिक घायल
बैंकॉक में धमाके के घटना स्थल की तस्वीर
नई दिल्ली: भीड़भाड़ वाले व्यावसायिक जिले में स्थित भगवान ‘ब्रह्मा’ के मंदिर के भीतर सोमवार को हुए शक्तिशाली बम विस्फोट में चार विदेशी नागरिकों सहित 16 लोग मारे गए हैं और 80 लोग घायल हुए हैं। थाईलैंड की राजधानी में यह पहला ऐसा हमला है।

चिडलोम जिले में स्थित भगवान ब्रह्मा के ‘इरावन’ मंदिर के भीतर यह विस्फोट हुआ। सरकार का मानना है कि विस्फोटों का लक्ष्य देश की अर्थव्यवस्था और पर्यटन को नुकसान पहुंचाना है।
यह मंदिर बैंकाक के व्यावसायिक गढ़ के मुख्य मार्ग पर स्थित है और इसके आसपास तीन बड़े शॉपिंग मॉल और बड़े औद्योगिक समूहों के होटल हैं। यह थाईलैंड के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में से एक है जहां पूर्वी एशिया और स्थानीय बौद्ध पर्यटक बड़ी संख्या में आते हैं।

हालांकि विस्फोटों में अभी तक किसी भारतीय के हताहत होने की सूचना नहीं है। विस्फोटों के बाद वहां चारों ओर लोगों के शरीर के अंग बिखरे पड़े थे, अफरातफरी मची थी।

राष्ट्रीय पुलिस प्रमुख, सोमयोत पुमपानमुआंग के अनुसार विस्फोट में 16 लोगों की मौत हुई है, लेकिन थाई टीवी के अनुसार 27 लोग मारे गए हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है क्योंकि बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं।
 

मारे गए चार विदेशी नागरिकों में से दो की पहचान चीनी और फिलीपीनी नागरिकों के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि विस्फोट मंदिर के भीतर स्थित एक पोल पर लगाए गए विस्फोटक में शाम करीब 6:55 बजे पर हुआ। अभी तक किसी समूह ने विस्फोटों की जिम्मेदारी नहीं ली है।

रक्षा मंत्री प्रावित वोंगसुवोंग ने कहा, ‘‘यह टीएनटी बम था... जिन लोगों ने भी यह किया है, उन्होंने विदेशियों, पर्यटन और अर्थव्यवस्था को निशाना बनाया है।’’ पुलिस ने बताया कि बम पांच किलोग्राम टीएनटी से बना हुआ था। विस्फोट का सबसे ज्यादा प्रभाव त्रिज्या में हुआ है।

‘बैंकाक पोस्ट’ ने पुलिस के हवाले से कहा है, अधिकारियों ने इसी इलाके में कम से कम दो बमों को निष्क्रिय किया है।

थाईलैंड में भारतीय राजदूत हषर्वर्धन श्रींगला ने बताया, ‘‘हम संबंधित अधिकारियों के साथ संपर्क में हैं। अभी तक किसी भारतीय के हताहत होने की सूचना नहीं है।’’

बैंकॉक में भारतीय राजदूत हर्ष शृंगला ने बताया कि विस्फोट के कारणों के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है। किसी भारतीय के हताहत होने की भी कोई खबर नहीं है। हम पूरी घटना पर नजर बनाए हुए हैं।

विदेश मंत्रालय के अनुसार बैंकॉक में भारतीय दूतावास ने भारतीयों की मदद के लिए इमरजेंसी नंबर जारी किए है : +66618819218
इमरजेंसी लैंडलाइन नंबर : +6622580300-5

विदेश मंत्रालय के ट्विटर हैंडल के अनुसार बैंकॉक में किसी प्रकार की मदद के लिए एससी सिन्हा और मानस मुस्तफी से संपर्क किया जा सकता है। सिन्हा से +66614021434 पर & मानस मुस्तफी से +66922605849 पर संपर्क किया जा सकता है। (इनपुट भाषा से भी)


NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
बैंकॉक, धमाका, बैंकॉक धमाका, Bangkok, Bangkok Blast, बैंकॉक में आतंकी हमला, Blast In Bangkok, Terrorist Attack In Badgam