जर्मनी की राजधानी बर्लिन में शनिवार को लाखों की भीड़ के बीच एक तेज रफ्तार वैन अचानक LGBTQ+ इवेंट में जा घुसी. इस हादसे में कम से कम 1 व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि 15 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. बर्लिन पुलिस ने इस खबर की पुष्टि की है. घटना के तुरंत बाद पुलिस ने एहतियात के तौर पर पूरे कार्यक्रम को रद्द कर दिया और आगे होने वाले कॉन्सर्ट को भी रोक दिया.
पार्क में घुसी वैन, पेड़ से टकराने से पहले कई लोगों को रौंदा
प्रत्यक्षदर्शियों और बर्लिन पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना मशहूर टियरगार्टन पार्क के पास हुई. इसी पार्क के पास से प्राइड मार्च की मुख्य रैली गुजरी थी. अचानक एक सफेद रंग की वैन अनियंत्रित होकर भीड़ के बीच घुसी और कई लोगों को रौंदते हुए सीधे एक पेड़ से जा टकराई. टक्कर इतनी भयानक थी कि मौके पर भगदड़ मच गई.
पुलिस कर रही संदिग्धों की तलाश
घटना के बाद से ही बर्लिन पुलिस पूरे इलाके को घेरकर जांच में जुट गई है. हालांकि, यह जानबूझकर किया गया हमला था या कोई दुर्घटना, इस पर अभी सस्पेंस बना हुआ है. बर्लिन पुलिस के आधिकारिक X हैंडल पर जारी एक छोटे वीडियो संदेश में पुलिस अधिकारी फ्लोरियन नाथ ने बताया, "हम संभावित संदिग्धों की तलाश के लिए एक सघन और व्यापक सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं."
वहीं, पुलिस प्रवक्ता अलेक्जेंडर क्लूट ने समाचार एजेंसी 'द एसोसिएटेड प्रेस' (AP) से बात करते हुए साफ किया कि फिलहाल पुलिस के पास हमले के मकसद या आरोपी के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं है. उन्होंने कहा, "इस मोड़ पर, हमें हमले के पीछे की वजह, आरोपी की पहचान या उसके साथियों के बारे में कुछ भी निश्चित तौर पर नहीं पता है."
जश्न में डूबी थी पूरी बर्लिन
बर्लिन का यह प्राइड परेड पूरे यूरोप में काफी मशहूर है, जिसे जर्मनी में 'क्रिस्टोफर स्ट्रीट डे' के नाम से जाना जाता है. हर साल की तरह इस बार भी शनिवार को इसमें शामिल होने और जश्न मनाने के लिए दुनिया भर से लाखों लोग बर्लिन पहुंचे थे. लेकिन कार्यक्रम शुरू होने के कुछ ही घंटों बाद हुई इस हादसे ने रंग में भंग डाल दिया.
यह भी पढ़ें: पिता से अलग मिजाज के हैं मोजतबा खामेनेई, अमेरिका खुफिया रिपोर्ट में ईरान के न्यूक्लियर हथियार पर बड़ा दावा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं