विज्ञापन
This Article is From Sep 24, 2015

मक्का में भगदड़, 700 से ज्यादा की मौत, 800 से ज्यादा घायल, 1 महीने में दूसरा बड़ा हादसा

मक्का में भगदड़, 700 से ज्यादा की मौत, 800 से ज्यादा घायल, 1 महीने में दूसरा बड़ा हादसा
मक्‍का: हज के दौरान मची भगदड़ में चार भारतीयों सहित कम से कम 717 लोगों की मौत हो गई जबकि 860 से अधिक घायल हुए। सउदी अरब में हज के दौरान यह अब तक का सबसे भयावह हादसा है।

जेद्दा में भारतीय महावाणिज्य दूतावास के अधिकारियों ने कहा कि शैतान को कंकड़ मारने की रस्म के दौरान हुए हादसे में एक महिला और एक कार्यकर्ता सहित चार भारतीयों की मौत हुई है। दो भारतीय घायल भी हुए हैं।

अचानक से बढ़ी भीड़
सउदी नागरिक रक्षा प्रशासन ने कहा कि शैतान को कंकड़ मारने की रस्म के लिए जमारात जा रहे लोगों की भीड़ अचानक से बढ़ गई जिसके बाद यह हादसा हुआ जिसमें अलग-अलग देशों के 717 श्रद्धालुओं की मौत हो गई जबकि 863 लोग घायल हुए। यह हादसा भारतीय समयानुसार दिन में 11:30 बजे हुआ।

दो रास्तों को जोड़ने वाले स्थान पर हुआ हादसा
सरकारी सउदी प्रेस एजेंसी ने कहा कि यह घटना जमारात को जाने वाले दो रास्तों को जोड़ने वाले स्थान पर हुई। यह स्थान मक्का से करीब पांच किलोमीटर की दूरी पर है।

तिरूवनंतपुरम में केरल के ग्रामीण विकास एवं अनिवासी केरलवासी मामलों के मंत्री केसी जोसेफ ने कहा कि मरने वाले भारतीयों में केरल के व्यक्ति की पहचान त्रिस्सूर जिले के कोडुंगालूर के मोहम्मद के रूप में हुई है।

उन्होंने कहा कि मृतक एक निजी प्रायोजक समूह के जरिये हज करने गया था। घायलों में राज्य की एक महिला शामिल है।

तेलंगाना प्रदेश हज समिति के विशेष अधिकारी एसए शुकूर ने कहा कि हैदराबाद की महिला की पहचान बीबी जान के रूप में हुई है जिसकी भगदड़ में मौत हुई।

उन्होंने कहा कि जान 2 सितंबर को अपने पति तथा दो अन्य रिश्तेदारों के साथ तीर्थयात्रा पर गई थी। वह भगदड़ में फंस गई थी और उसकी मौत मीना में एक अस्पताल में हुई।

असम के दो भारतीय घायल
असम के दो भारतीय घायलों में शामिल हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे पहले 1990 में हज के दौरान एक सुरंग के भीतर मची भगदड़ में 1,426 लोग मारे गए थे। भारतीय हज मिशन के चिकित्सकों को मीना और मक्का के विभिन्न अस्पतालों में तैनात किया गया है।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
डार्क मोड/लाइट मोड पर जाएं
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com