विज्ञापन
26 minutes ago
नई दिल्ली:

Iran US Israel War Live Updates: अमेरिका-इजरायल और ईरान की जंग के लिए मंगलवार की रात बहुत भारी होने वाली है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को दी गई डेडलाइन आज खत्म हो रही है. ट्रंप ने सोमवार को कहा था कि ईरान को एक रात में खत्म किया जा सकता है. उन्होंने ईरान के पावर प्लांट और ब्रिज को उड़ाने की धमकी दी थी. इस बीच ईरान में मंगलवार को लगातार हमले हो रहे हैं. ईरान के लिए सबसे अहम माने जाने वाले खार्ग द्वीप में एक के बाद एक हमले हो रहे हैं. वहीं, तुर्किए में इजरायली दूतावास के बाहर गोलीबारी होने की खबर है.

ईरान जंग के 39वें दिन की बड़ी बातेंः-

    1. ईरान की राजधानी तेहरान में कई धमाकों की खबरें आई हैं. इससे पहले, रात भर चले हमलों में देश भर में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई थी.
    2. इजरायली सेना ने कहा कि उसने शिराज में एक ईरानी पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स पर हमला किया, जबकि IRGC ने कहा कि इसके तुरंत बाद उसने सऊदी अरब में काम कर रही अमेरिकी कंपनियों पर जवाबी हमले किए.
    3. इजरायली सेना ने एक बयान जारी कर ईरानियों को चेतावनी दी कि वे अपनी "सुरक्षा" के लिए स्थानीय समय के अनुसार रात 9 बजे (17:30 GMT) तक ट्रेनों का इस्तेमाल न करें.
    4. इजरायली मीडिया ने बताया कि ईरान की ओर से कई मिसाइलें दागे जाने के बाद सेंट्रल इजरायल में नुकसान हुआ है. ये मिसाइलें रोश हाईन और रामत हशारोन सहित कई इलाकों में गिरीं.
    5. सऊदी अरब और बहरीन को जोड़ने वाले एक महत्वपूर्ण पुल, किंग फहद कॉज़वे को यातायात के लिए अनिश्चित काल के लिए बंद कर दिया गया है, क्योंकि दोनों देशों को ईरान की ओर से हमलों का सामना करना पड़ रहा है.
    6. अमेरिकी सांसदों ने ट्रंप प्रशासन के सदस्यों से आग्रह किया कि वे अमेरिकी संविधान के 25वें संशोधन का इस्तेमाल करके उन्हें उनके पद से हटा दें. इस संशोधन के तहत, यदि राष्ट्रपति अपना कार्यभार संभालने में असमर्थ होते हैं, तो सत्ता का हस्तांतरण किया जा सकता है.

    US-Irael-Iran War Live Updates:

ईरान का दावा- हमारे पास 15 हजार मिसाइलें और 45 हजार ड्रोन

ईरान पर दी गई ट्रंप की डेडलाइन के खत्म होने में अब मात्र 7 घंटे बाकी है. इस बीच ईरान ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि हमारे पास 15 हजार मिसाइलें, 45 हजार ड्रोन है. दूसरी ओर पाकिस्तान ने इजरायल को कोसा है. पाकिस्तान के विदेश मंत्री ने एक बयान में कहा कि कल रात तक बातचीत पटरी थी, लेकिन इजरायल के नए हमलों ने मामले को बिगाड़ दिया है.

पाकिस्तान का आरोप- इजरायल ने रोकी बातचीत

पाकिस्तान ने इजरायल पर बातचीत रोकने का आरोप लगाया है. पाकिस्तान का कहना है कि जब दोनों पक्ष बातचीत के लिए आमने-सामने बैठने ही वाले ते, तभी इजरायल ने ईरान पर हमला कर दिया. पाकिस्तान के विदेश मंत्री ने कहा, 'कल रात हम बहुत आशावादी थे, लेकिन हाल ही में हुए कुछ खतरनाक घटनाक्रमों ने स्थिति को एक बार फिर तनावपूर्ण बना दिया है. ठीक उस समय, जब दोनों पक्ष बातचीत की मेज पर बैठने के बेहद करीब थे, इजरायल ने ईरान पर हमला कर दिया. इसके जवाब में, ईरान ने सऊदी अरब के शहर जुबैल में स्थित तेल प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया. इस पूरी स्थिति ने शांति प्रक्रिया को गंभीर रूप से क्षति पहुंचाई है.'

आखिरी प्रस्ताव हमारी उम्मीदों से बेहतरः अमेरिकी अधिकारी

ईरान-अमेरिका से बातचीत पर Axios से एक अमेरिकी अधिकारी ने कहा- हमें जो आखिरी प्रस्ताव मिला, वह ठीक वैसा नहीं था जैसा हम चाहते थे, लेकिन हमारी उम्मीद से कहीं ज़्यादा बेहतर था. अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत में कुछ प्रगति हुई है, लेकिन ट्रंप की रात 8 बजे की डेडलाइन से पहले किसी समझौते पर पहुंचना अभी भी मुश्किल लग रहा है.

अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि अब ध्यान इस बात से हटकर कि क्या कोई समझौता संभव है, इस बात पर आ गया है कि क्या यह समय पर हो सकता है.

ईरान के साथ हालात किस मोड़ पर हैं, आगे क्या होगा, यह सिर्फ ट्रंप जानते हैं: व्हाइट हाउस

व्हाइट हाउस ने कहा- ईरान के साथ हालात किस मोड़ पर हैं, आगे क्या होगा, यह सिर्फ ट्रंप जानते हैं. 

व्हाइट हाउस ने ट्रंप की इस मांग को दोहराया है कि ईरान अगले सात घंटों के भीतर कोई समझौता करे। साथ ही, यह भी कहा है कि अगर तेहरान ऐसा करने में नाकाम रहता है, तो अमेरिकी राष्ट्रपति इस पर क्या प्रतिक्रिया देंगे, यह सिर्फ़ वही जानते हैं.

व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने अल जज़ीरा को बताया, "ईरानी शासन के पास इस मौके का फ़ायदा उठाने और अमेरिका के साथ समझौता करने के लिए ईस्टर्न टाइम के अनुसार रात 8 बजे तक का समय है." "हालात किस मोड़ पर हैं और राष्ट्रपति आगे क्या कदम उठाएंगे, यह सिर्फ़ वही जानते हैं."

होर्मुज पर UNSC में प्रस्ताव गिरा

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में होर्मुज स्ट्रेट को खोलने का प्रस्ताव गिर गया है. इस प्रस्ताव को बहरीन लेकर आया था लेकिन चीन और रूस के वीटो के कारण यह पास नहीं हो सका. इस प्रस्ताव के पक्ष में 11 वोट पड़े थे लेकिन चीन और रूस ने वीटो लगाकर इसे गिरा दिया. 

ईरान बोला- हम ट्रंप की धमकियों से नहीं डरते

ट्रंप की धमकियों पर ईरान का कहना है कि वह किसी धमकी से नहीं डरता. ईरान के पहले उपराष्ट्रपति मोहम्मद रजा आरिफ ने कहा कि ईरानी सभ्यता ने हजारों सालों से अपने दुश्मनों के 'भ्रम' को मात दी है. उन्होंने कहा कि ईरान ट्रंप की धमकियों से डरने वाला नहीं है. उन्होंने यह बात तब कही जब ट्रंप ने धमकी दी है कि आज रात पूरी सभ्यता को खत्म कर दिया जाएगा.

ईरान ने कहा- खोखले वादों पर होर्मुज नहीं खुलेगा

अमेरिका और इजरायल लगातार ईरान पर हमले कर रहे हैं. डेडलाइन खत्म होने से पहले ईरान पर डेडली अटैक हो रहे हैं. लेकिन ईरान अब भी अड़ा हुआ है. न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने ईरानी सूत्रों के हवाले से बताया है कि ईरान खोखले वादों पर होर्मुज स्ट्रेट को नहीं खोलेगा. 

इजरायल ने ईरान के 8 पुल उड़ाए

इजरायली सेना ने ईरान के आठ पुलों को बमबारी कर उड़ा दिया है. इजरायली सेना ने एक वीडियो जारी किया है, जिसमें उसने ईरान के आठ पुलों को उड़ाने का दावा किया है. इजरायल का कहना है कि ईरानी आतंकी शासन अपने हथियार और सैन्य साजो-सामान को लाने-ले जाने के लिए जिन पुलों का इस्तेमाल करता है, उस पर हमला किया गया है. ये हमले तेहरान, करज, तबरीज, काशान और कोम सहित कई इलाकों में हुए हैं.

ईरान के मियानेह में इजरायल ने पुल उड़ाया

ईरान के सिविलियन इंफ्रास्ट्रक्चर पर अमेरिका-इजरायल के हमले जारी हैं. ईरान के पुलों को निशाना बनाया जा रहा है. ईरानी मीडिया के मुताबिक, उत्तर-पश्चिमी ईरान के मियानेह में एक पुल को इजरायल ने बमबारी कर उड़ा दिया है.

ईरान में भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी

ईरान में भारतीय दूतावास ने भारतीयों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है, जिसमें कहा गया है कि उन्हें अगले 48 घंटों तक "जहां हैं, वहीं रहना चाहिए". एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि लोगों को घर के अंदर ही रहना चाहिए और सभी बिजली और सैन्य ठिकानों, साथ ही बहुमंजिला इमारतों की ऊपरी मंजिलों से दूर रहना चाहिए.

ईरान पर हमलों पर नेतन्याहू ने क्या कहा?

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा, 'हम ईरान में आतंकवादी शासन को कुचल रहे हैं. लेकिन हम ऐसा और भी ज्यादा जोर-शोर से और बढ़ती हुई ताकत के साथ कर रहे हैं. कल, हमने ट्रांसपोर्ट विमानों और दर्जनों हेलीकॉप्टरों को तबाह कर दिया. आज, हमने उन ट्रेन की पटरियों और पुलों पर हमला किया, जिनका इस्तेमाल रिवोल्यूशनरी गार्ड्स करते हैं.'

ईरान के साथ बातचीत सकारात्मक रहीः अमेरिकी अधिकारी

अमेरिकी सरकार के एक अधिकारी ने फॉक्स न्यूज से कहा कि ईरान के साथ चल रही सीजफायर बातचीत अब तक "सकारात्मक" रही है, लेकिन यह अभी भी साफ नहीं है कि क्या राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की डेडलाइन को पूरा करने के लिए समय पर कोई समझौता हो पाएगा. उन्होंने कहा, 'हम ईरान के साथ पूरी तरह से संपर्क में हैं. बातचीत सकारात्मक रही है. अगर हमारी किस्मत अच्छी रही, तो दिन के आखिर तक हमारे पास कुछ होगा.'

US Strike on Iran: ईरान ने अमेरिका से बातचीत के सभी रास्ते बंद किएः रिपोर्ट

तेहरान टाइम्स के अनुसार ईरान ने अमेरिका के साथ बातचीत के सभी डिप्लोमैटिक और इनडायरेक्ट चैनल बंद कर दिए हैं. मैसेज का कोई भी लेन-देन भी रोक दिया गया है. वहीं दूसरी ओर अल जरीरा की रिपोर्ट में 

पाकिस्तानी सूत्रों से दावा किया गया है कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत कराने की कोशिशें जारी हैं. रिपोर्ट के अनुसार दो पाकिस्तानी सूत्र जिन्हें इन चर्चाओं की जानकारी है, ने रॉयटर्स को बताया है कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत कराने की कोशिशें अभी भी जारी हैं. यह ऐसे समय हो रहा है जब ईरान पर हमले तेज़ हो गए हैं और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा तय की गई समय सीमा नजदीक आ रही है.

रूस ने की सीजफायर की अपील

रूस ने अमेरिका-इजरायल और ईरान में सीजफायर की अपील की है. रूस ने कहा, 'ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमलों के बीच मध्य पूर्व का संकट बढ़ता जा रहा है, जिससे आम नागरिकों और परमाणु ठिकानों को लगातार नुकसान पहुंच रहा है. एक बड़ी तबाही का खतरा बढ़ रहा है, जिससे आम नागरिकों को भारी नुकसान पहुंचने के साथ-साथ वैश्विक ऊर्जा और खाद्य सुरक्षा को भी क्षति पहुंच सकती है. रूस ने तत्काल युद्धविराम की अपील की है.'

जेडी वेंस ने कहा- अब गेंद ईरानियों के पाले में

ईरान पर जारी हमलों के बीच अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि अब गेंद ईरानियों के पाले में है. उन्होंने कहा कि 'जंग शुरू होने से पहले भी ईरानी बातचीत करने में बहुत तेज नहीं थे और अब भी नहीं है. कभी-कभी एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति तक संदेश पहुंचने में थोड़ी देर हो जाती है लेकिन हमें भरोसा है कि हमें जवाब मिलेगा, चाहे वह सकारात्मक हो या नकारात्म. आज रात 8 बजे तक हमें ईरानियों से जवाब मिल जाएगा. मुझे उम्मीद है कि वे सही जवाब देंगे, क्योंकि हम ऐसी दुनिया चाहते हैं जहां तेल-गैस का प्रवाब बिना किसी रुकावट के हो.'

जेडी वेंस बोले- युद्ध जल्द खत्म होगा

ट्रंप एक तरफ लगातार धमकियां दे रहे हैं. एक रात में पूरी सभ्यता खत्म करने की धमकियां दे रहे हैं. वहीं अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का कहना है कि बहुत जल्द यह युद्ध खत्म हो जाएगा. उन्होंने कहा कि ईरान युद्ध के सैन्य मकसद पूरे हो चुके हैं.

भारत में ईरानी राजदूत ने क्या कहा?

ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमले जारी हैं. इस बीच भारत में ईरान के राजदूत मोहम्मद फताली ने कहा 'हमने कहा था कि अगर आप जंग शुरू करेंगे तो उसे खत्म नहीं कर पाएंगे. और हमने फिर कहा है- अगर आप हमारे इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाएंगे तो.... पिछली गलतियों से सीखिए.'

शारजाह में मिसाइल अटैक, 2 घायल

ईरान लगातार खाड़ी देशों पर हमला कर रहा है. UAE में शारजाह टेलीकॉम बिल्डिंग पर बैलिस्टिक मिसाइल से हमला हुआ है, जिसमें दो लोग घायल हो गए हैं. UAE के अधिकारियों ने बताया कि शारजाह सेंट्रल रीजन में थुराया टेलीकॉम कंपनी की इमारत पर ईरान की ओर से बैलिस्टिक मिसाइल दागी गई है. इस हमले में दो पाकिस्तानी नागरिक घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया है.

ट्रंप बोले- आज रात पूरी सभ्यता खत्म हो जाएगी

डेडलाइन खत्म होने से पहले ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को धमकी दी है. ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा- 'आज रात एक पूरी सभ्यता खत्म हो जाएगी, जिसे फिर कभी वापस नहीं लाया जा सकेगा. मैं नहीं चाहता कि ऐसा हो, लेकिन शायद ऐसा ही होगा.' ट्रंप ने कहा कि 'हमें आज रात पता चल जाएगा, जो दुनिया के लंबे और जटिल इतिहास के सबसे अहम पलों में से एक है. 47 सालों की जबरदस्ती, भ्रष्टाचार और मौत का सिलसिला आखिरकार खत्म हो जाएगा.'

ईरान दाग रहा इजरायल पर मिसाइल

ईरान लगातार मिसाइलों से इजरायल पर हमला कर रहा है. ईरान की IRGC ने बताया कि आज सुबह से 'ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 4' की 99वीं लहर में कब्जे वाले फिलिस्तीन (इजरायल) को निशाना बनाया जा रहा है. ईरान ने इसका कोड नेम 'ओ फातिमा जहरा' यानी 'उन पर शांति हो' दिया है.

खार्ग द्वीप में लगातार हो रहे धमाके

ईरान के खार्ग द्वीप पर अमेरिका-इजरायल लगातार हमले कर रहा है. यह वही द्वीप है जहां से ईरान का 90 फीसदी कच्चा तेल एक्सपोर्ट होता है. ईरान की अर्थव्यवस्था के लिए यह बहुत मायने रखता है.

ईरानी की चेतावनी: अब संयम खत्म हो गया है

ईरान की IRGC ने पड़ोसी देशों को चेतावनी दी है. ईरान का कहना है कि अमेरिका के दोस्तों पर हमला किया जाएगा. ईरान ने कहा, 'हम अमेरिका और उसके पार्टनर्स के इंफ्रास्ट्रक्चर को इस तरह टारगेट करेंगे कि अमेरिका और उसके साथी सालों तक इस इलाके के तेल और गैस से दूर रहेंगे. अमेरिका के इलाके के पार्टनर्स को यह भी पता होना चाहिए कि आज तक, हमने अच्छे पड़ोसियों के लिए बहुत ज्यादा संयम बरता है.'

ईरान के जवाबी हमले भी जारी

अमेरिका और इजरायल जहां मिलकर हमले कर रहे हैं तो वहीं ईरान के जवाबी हमले भी जारी हैं. ईरान ने इजरायल के पेट्रोकेमिकल ठिकानों को निशाना बनाया है. ईरानी सेना ने दावा किया है कि डिमोना के पास इजरायल के पेट्रोकेमिकल उद्योगों के साथ-साथ ही संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और कुवैत में अमेरिकी आतंकी सेना के ठिकानों को ड्रोन हमलों से निशाना बनाया गया है. 

सेंट्रल ईरान के रेलवे ब्रिज को इजरायल ने उड़ाया

इजरायल ने ईरान के काशान में रेलवे ब्रिज को उड़ा दिया है. इस हमले में दो लोगों की मौत हो गई है. ईरान की मेहर न्यूज एजेंसी के मुताबिक, सेंट्रल ईरान के काशान शहर में स्थित याह्या आबाद रेलवे पुल पर इजरायल ने हमला किया है. न्यूज एजेंसी ने इस्फहान के डिप्टी गवर्नर के हवाले से बताया है कि इस हमले में दो लोगों की मौत हो गई.

ईरान के खार्ग द्वीप पर कई हमले

ईरान की इकॉनमी के लिए अहम माने जाने वाले खार्ग द्वीप पर एक के बाद एक कई हमले होने की खबरें हैं. ईरानी मीडिया ने भी इसकी पुष्टि की है. जानकारी के मुताबिक, इजरायल और अमेरिका ने मिलकर खार्ग द्वीप पर हमला किया है. यहां रडार स्टेशन, मिलिट्री बेस और डॉकिंग फैसेलिटी को निशाना बनाया गया है. वहीं, ईरान की इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) का कहना है कि अमेरिका अगर रेड लाइन पार करता है तो करारा जवाब दिया जाएगा.

Track Latest News Live on NDTV.com and get news updates from India and around the world

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com