विज्ञापन

एक छोटे से घर में बंद थे 84 कुत्ते, उनकी तस्वीरें देख सब सिहर गए

पिछले साल अप्रैल में जब एनिमल इंस्पेक्टर इस घर पर पहुंचे तो उन्होंने जो मंजर आंखों के सामने देखा, वह उनकी रूह तक को डरा गया. उनके शब्दों में "किचन में फर्श से लेकर छत तक गंदगी और मल फैला हुआ था. फर्श पर कम से कम 20 जगह मल पड़ा था, जिसे कुत्तों ने पूरे फर्श पर और अपने शरीर पर भी फैला लिया था."

एक छोटे से घर में बंद थे 84 कुत्ते, उनकी तस्वीरें देख सब सिहर गए
Cruelty on Dogs: एक ही घर में बंद मिले थे 84 कुत्ते और दो बिल्ली (फोटो- RSPCA)
  • इंग्लैंड के साउथ यॉर्कशायर में एक घर से 84 कुत्ते और दो बिल्लियां गंदगी और बदहाल हालत में बरामद किए गए थे
  • RSPCA के इंस्पेक्टर ने बताया कि घर फर्श से छत तक मल और गंदगी से भरा हुआ था और जानवरों की हालत बेहद खराब थी
  • इस मामले में मुख्य आरोपी 61 साल के डेविड पार्क्स को पशु क्रूरता के तीन अपराधों में दोषी करार दिया गया है

जानवरों में कुत्ते इंसानों के धरती पर पहले दोस्त माने जाते हैं. हम आज भी उन्हें पालते हैं, उनकी फिक्र करते हैं. लेकिन इंग्लैंड में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने दिखाया कि इंसान जानवरों से कहीं बदतर हो सकता है. एक घर के अंदर ऐसा मंजर दिखा है जो रूह में सिहरन पैदा कर दे. इस छोटे से घर में 84 कुत्तों और दो बिल्लियों को गंदी और बदहाल हालत में रखा गया था. यह मासूम जानवर अपने ही मल में लिपटे हुए थे, फ्लोर से लेकर छत तक यही हालात थे. स्काई न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार साउथ यॉर्कशायर के इस घर के मालिक को लापरवाही बरतने का दोषी करार दिया गया है.

क्या था पूरा मामला?

बात पिछले साल की है. पिछले साल 18 अप्रैल को इन 84 कुत्तों और दो बिल्लियों को एक प्रॉपर्टी से बचाया गया था, उन्हें रेस्क्यू किया गया था. इन कुत्तों में 78 स्प्रिंगर स्पैनियल नस्ल के कुत्ते थे. स्काई न्यूज की इस रिपोर्ट के अनुसार RSPCA के एक इंस्पेक्टर ने बताया कि घर फर्श से लेकर छत तक गंदगी और मल से भरा हुआ था और कई कमरों में जाना मुश्किल था. वहां इतनी तेज बदबू थी कि एक एनिमल रेस्क्यू ऑफिसर ने कहा कि उससे उनकी आंखों में जलन होने लगी.

साउथ यॉर्कशायर पुलिस की तरफ से जारी घर में बंद कुत्तों की तस्वीर

साउथ यॉर्कशायर पुलिस की तरफ से जारी घर में बंद कुत्तों की तस्वीर

नोट- RSPCA का पूरा नाम रॉयल सोसाइटी फॉर द प्रिवेंशन ऑफ क्रुएल्टी टू एनिमल्स (पशु क्रूरता निवारण के लिए रॉयल सोसाइटी) है. यह पशु कल्याण को बढ़ावा देने और उनके साथ होने वाली क्रूरता को रोकने के लिए काम करने वाली एक प्रमुख इंटरनेशनल चैरिटी ऑर्गेनाइजेशन है.

घर के अंदर क्या दिखा?

लिखित सबूत में RSPCA की इंस्पेक्टर क्रिस्टी लुडलैम ने बताया था कि जब किचन का दरवाजा खोला गया, तो 20 से 25 स्प्रिंगर स्पैनियल कुत्ते दिखे. कुछ कोने में दुबके हुए थे, तो कुछ इधर-उधर भाग रहे थे. उन्होंने बताया, "किचन में फर्श से लेकर छत तक गंदगी और मल फैला हुआ था. फर्श पर कम से कम 20 जगह मल पड़ा था, जिसे कुत्तों ने पूरे फर्श पर और अपने शरीर पर भी फैला लिया था. कुत्ते डरे-सहमे एक कोने में दुबके हुए थे या कमरे के पिछले हिस्से में खिड़की के पास किचन के काउंटर पर कूद रहे थे. वे बहुत गंदे थे, उनके बाल मल से सने हुए थे और कई के कानों पर गंदगी के गोले चिपके हुए थे."

रिपोर्ट के अनुसार 46 कुत्तों की जांच करने वाले एक वेट (जानवरों के डॉक्टर) ने बताया कि उनमें से 14 कुत्ते बहुत कमजोर और दुबले-पतले थे और कम से कम एक महीने से तकलीफ में थे. पांच कुत्तों के कानों पर घाव थे जिनमें संक्रमण हो गया था. माना जा रहा है कि ये घाव उलझे हुए बालों को कैंची से काटने की कोशिश के कारण हुए थे.

मजाक देखिए- दोषी बच्चों के लिए सोशल वर्कर है

रिपोर्ट के अनुसार इस मामले में मुख्य आरोपी डेविड पार्क्स बच्चों का सोशल वर्कर और उसकी उम्र 61 साल की है. डेविड पार्क्स ने इन जानवरों के मालिक होने या उनकी जिम्मेदारी लेने से इनकार किया था. लेकिन अब जाकर 29 सितंबर को इस मामले में फैसला आया. बार्न्सली मजिस्ट्रेट कोर्ट में दो दिन तक चले ट्रायल के बाद डेविड पार्क्स को पशु कल्याण से जुड़े तीन अपराधों का दोषी पाया गया.

उसकी 60 साल की पत्नी डेल्फिन पार्क्स और 28 साल का बेटा सैम पार्क्स भी उसी घर में रहते थे. दोनों ने RSPCA की जांच और कानूनी कार्रवाई के बाद हुई पिछली सुनवाई में पशु कल्याण से जुड़े तीन अपराधों के लिए अपना गुनाह कबूल कर लिया था.

यह भी पढ़ें: आज एक साथ दी जाएगी 23 हाथियों की बलि, दुनिया भर में उठ रही इन बेगुनाहों को बचाने की आवाज

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Dog, Animal Cruelty, Dog Rescue
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com