विज्ञापन
This Article is From Sep 25, 2015

मक्‍का : भगदड़ में 14 भारतीयों समेत 717 लोगों की मौत, सऊदी सरकार ने दिए जांच के आदेश

मक्‍का : भगदड़ में 14 भारतीयों समेत 717 लोगों की मौत, सऊदी सरकार ने दिए जांच के आदेश
मक्‍का में हुए भगदड़ हादसे का फाइल फोटो...
मक्‍का: मक्का के बाहर मची भगदड़ में 717 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है, जबकि हादसे में 805 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। यह भयावह हादसा शैतान को पत्थर मारे जाने की रस्म के दौरान हुआ। स्थानीय प्रशासन की ओर से 4 हज़ार लोगों को राहत और बचाव के कामों में लगाया गया है। मरने वालों में भारत समेत कई देशों के नागरिक शामिल हैं।

चार भारतीयों के भी मारे जाने की ख़बर
मक्का भगदड़ में भारतीयों की मौत का आंकड़ा बढ़ गया है। विदेश मंत्री सुषमा स्‍वराज ने सुषमा स्वराज ने आज सुबह ट्वीट कर बताया कि इस हादसे में 14 भारतीयों की मौत हुई है, जबकि 13 घायल जेद्दा के अस्पताल में भर्ती हैं। मृतकों में 8 गुजरात से हैं। पहले इस हादसे में चार भारतीयों के मारे जाने की ख़बर थी, जिनमें दो लोग हैदराबाद और दो रांची के रहने वाले बताए गए। भारत सरकार की ओर से लोगों की मदद के लिए दो हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। साथ ही विदेश मंत्रालय के अधिकारी भी हालात पर नज़र बनाए हुए हैं। मक्का में इस समय करीब एक लाख भारतीय हज के लिए पहुंचे हुए हैं।

(पढ़ें, हजयात्रा के दौरान हादसों का एक लंबा इतिहास, 25 साल में 2700 की मौत)

सऊदी सरकार ने दिए जांच के आदेश
सऊदी सरकार ने मक्का से पांच किलोमीटर दूर हुई भगदड़ की जांच के आदेश दे दिए हैं। सरकार की ओर से मेजर जनरल मंसूल अल तुर्की ने बताया कि जांच अधिकारी कई पहलुओं को ध्यान में रख कर जांच को आगे बढ़ाएंगे। मक्का में इस समय लाखों की संख्या में हज यात्री पहुंचे हुए हैं। सऊदी सरकार की ओर से एक लाख साठ हज़ार टेंट लगाए गए हैं, जहां श्रद्धालु ठहरे हुए हैं। स्थानीय प्रशासन ने 220 से ज्यादा एंबुलेंसों के जरिए घायलों को अस्‍पताल भेजा।

(मक्‍का में हुए भगदड़ हादसे से जुड़ीं 10 महत्वपूर्ण बातें...)

अचानक भीड़ बढ़ने के बाद हुआ हादसा
सऊदी नागरिक रक्षा प्रशासन का कहना है कि शैतान को कंकड़ मारने की रस्म के लिए जमारात जा रहे लोगों की भीड़ अचानक से बढ़ गई, जिसके बाद यह हादसा हुआ। यह हादसा भारतीय समयानुसार दिन में 11:30 बजे हुआ। सरकारी सउदी प्रेस एजेंसी के अनुसार, यह घटना जमारात को जाने वाले दो रास्तों को जोड़ने वाले स्थान पर हुई। यह स्थान मक्का से करीब पांच किलोमीटर की दूरी पर है।


भारत सरकार द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर : 00966125458000, 00966125496000
तीर्थयात्रियों के लिए टोल फ्री नंबर: 8002477786

हादसे में मारे गए भारतीयों की सूची...

 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
डार्क मोड/लाइट मोड पर जाएं
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com