- उन्नाव के बीघापुर कस्बे में शादी समारोह में जा रहे दो युवक गूगल मैप्स के गलत मार्ग पर कार लेकर भटक गए
- गूगल मैप्स द्वारा दिखाए गए रास्ते पर कच्चा मार्ग होने के कारण कार नाले के किनारे फिसलकर नाले में लटक गई
- राहगीरों ने समय रहते दोनों युवकों को कार से सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की और उनकी जान बचाई
उन्नाव के बीघापुर कस्बे में शादी समारोह में जा रहे दो युवकों को गूगल मैप्स पर भरोसा करना भारी पड़ गया.दोनों रास्ता भटके और कार नाले में लटक गई. मौके पर मौजूद राहगीरों की मदद से दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. हाइड्रा की मदद से कार को भी नाले से बाहर निकाला गया है. दोनों युवक सुरक्षित हैं.
गूगल मैप ने कर दिया ब्लंडर
उन्नाव के बारासगवर थाना क्षेत्र के भगवंतखेड़ा गांव निवासी सूर्यपाल यादव के घर शुक्रवार को शादी समारोह था. समारोह में शामिल होने के लिए कानपुर के नौबस्ता निवासी संदीप और सुनील कुमार कार से वहां जा रहे थे. संदीप ने बताया कि उन्होंने गूगल मैप में भगवंतखेड़ा की लोकेशन डाली थी. मैप के अनुसार रास्ता लालकुआं से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर बताया जा रहा था. इसी आधार पर वह आनंदी मंदिर से रुझई मार्ग की ओर मुड़ गए. आगे रास्ता कच्चा दिख रहा था, लेकिन वे लोकेशन के अनुसार आगे बढ़ते रहे.
गूगल के धोखे में फंस गए कार सवार
गूगल लोकेशन लगाकर लगाकर जा रहे थे, तभी कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद पता चला कि आगे केवल पैदल रास्ता है. कार को वापस मोड़ते समय बीघापुर से रुझई जाने वाले मार्ग पर शारदा नहर के पास नाले के किनारे गाड़ी फिसल गई और नाले में लटक गई इस दौरान वहां से गुजर रहे राहगीरों ने दोनों युवकों को बाहर निकालने में मदद की. सूचना मिलने के बाद हाइड्रा बुलाकर कार को नाले से बाहर निकाला गया.
उन्नाव से गौरव शर्मा की रिपोर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं