विज्ञापन
This Article is From Jan 12, 2017

यूपी चुनाव 2017 : अमित शाह मिले प्रदेश नेताओं से, 15 को जारी होगी बीजेपी की पहली प्रत्याशी सूची

यूपी चुनाव 2017 : अमित शाह मिले प्रदेश नेताओं से, 15 को जारी होगी बीजेपी की पहली प्रत्याशी सूची
यूपी चुनाव के लिए बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने प्रदेश नेताओं के साथ बैठक की (फाइल फोटो)
नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के उम्मीदवारों की पहली सूची 15 जनवरी को जारी की जाएगी, जिसे अंतिम रूप देने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह गुरुवार को दिनभर प्रदेश पार्टी नेताओं के साथ बैठक करते रहे.

अमित शाह के घर पर हुई बैठक में गृहमंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र, पार्टी उपाध्यक्ष ओम माथुर, राज्य बीजेपी अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य, संगठन मंत्री सुनील बंसल और योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे.

योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी इस लिहाज़ से महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि प्रदेश चुनाव समिति में उनका नाम शामिल नहीं किया गया था. इसे लेकर उनकी नाराज़गी की ख़बरों ने भी ज़ोर पकड़ा था, हालांकि खुद योगी आदित्यनाथ ने उनका खंडन किया था.

बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक 15 जनवरी को दिल्ली में होगी, जिसमें यूपी और उत्तराखंड की पहली सूची जारी की जाएगी. चुनाव समिति 17 जनवरी को फिर बैठेगी, जिसके बाद एक और सूची आएगी.

बीजेपी नेताओं का कहना है कि राज्य चुनाव समिति ने सभी 403 सीटों के लिए नामों को अंतिम रूप दे दिया है, और अब केंद्रीय चुनाव समिति में नाम जाने से पहले पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के साथ वरिष्ठ नेताओं ने सलाह-मशविरा किया है.

शाह हर विधानसभा सीट को लेकर विस्तार से चर्चा कर रहे हैं. पार्टी नेताओं के मुताबिक बीजेपी हर विधानसभा सीट के लिए अलग रणनीति तय कर रही है, जिसमें वहां के जातीय समीकरणों के साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि दूसरी पार्टियों ने कौन-सा उम्मीदवार खड़ा किया है.

माना जा रहा है कि दूसरी पार्टियों से बीजेपी में शामिल होने वाले नेताओं और विधायकों को भी बड़ी संख्या में टिकट दिया जाएगा. गौरतलब है कि चुनाव से ठीक पहले राज्य में सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी (एसपी), पूर्व मुख्यमंत्री मायावती की बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी), पूर्व केंद्रीय मंत्री अजित सिंह की राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) और कांग्रेस से करीब 22 विधायक बीजेपी में शामिल हुए हैं.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2017, यूपी विधानसभा चुनाव 2017, अमित शाह, योगी आदित्यनाथ, केशव प्रसाद मौर्य, राजनाथ सिंह, बीजेपी प्रत्याशी सूची, UP Assembly Polls 2017, Amit Shah, BJP Candidates List
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com