विज्ञापन

मुजफ्फरनगर में एनकाउंटर के बाद बदमाश की अजीब फरमाइश- साहब, एक सिगरेट पिलवा दो

यूपी के मुजफ्फरनगर में रामराज थाना पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक दर्जन मुकदमों में वांछित शातिर अपराधी इनाम को गिरफ्तार किया है. पैर में गोली लगने के बाद घायल बदमाश दर्द से कराहने के बजाय पुलिसकर्मियों से बीड़ी-सिगरेट मांगता नजर आया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.

मुजफ्फरनगर में एनकाउंटर के बाद बदमाश की अजीब फरमाइश- साहब, एक सिगरेट पिलवा दो

Muzaffarnagar Encounter cigarette Demand: मुजफ्फरनगर के रामराज थाना क्षेत्र में हुई एक पुलिस मुठभेड़ की वारदात सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. आमतौर पर पुलिस की गोली से घायल होने के बाद बदमाश दर्द से कराहते या रहम की भीख मांगते दिखते हैं, लेकिन यहां कहानी बिल्कुल उलट थी. एक दर्जन से अधिक संगीन मामलों में वांछित बदमाश इनाम जब पुलिस की गोली लगने से जमीन पर गिरा, तो वह दर्द से चिल्लाने के बजाय पुलिसकर्मियों से बीड़ी और सिगरेट का जुगाड़ करने की अजीबोगरीब फरमाइश करने लगा. एम्बुलेंस और जमीन पर पड़े बदमाश की इस अजीब मांग का  एक वीडियो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है.

जमालपुर नहर पटरी पर घेराबंदी और फायरिंग

मुजफ्फरनगर की रामराज थाना पुलिस रविवार देर शाम जमालपुर नहर पटरी के पास रूटीन चेकिंग अभियान चला रही थी. इसी दौरान पुलिस टीम को एक संदिग्ध बाइक सवार आता हुआ दिखाई दिया. पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो खुद को घिरा पाकर बाइक सवार ने भागने की कोशिश की. जब पुलिस ने पीछा किया तो उसने अपनी कमर से तमंचा निकालकर सीधे पुलिस फोर्स पर फायरिंग कर दी.बदमाश की तरफ से हुई अचानक गोलीबारी के बाद पुलिस ने भी मोर्चा संभाला. आत्मरक्षा में पुलिस की तरफ से की गई जवाबी फायरिंग में एक गोली सीधे बदमाश के पैर में जा लगी, जिससे वह बाइक सहित जमीन पर गिर पड़ा. पुलिस ने तत्काल उसे दबोच लिया और उसके पास से एक संदिग्ध मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा, एक खोखा और कुछ जिंदा कारतूस बरामद किए. 

दर्द पर भारी पड़ी बीड़ी की तलब

इस पूरी घटना का सबसे हैरान करने वाला पहलू मुठभेड़ के तुरंत बाद सामने आया. पैर में गोली लगने के बावजूद बदमाश के चेहरे पर न तो कानून का खौफ था और न ही घाव का दर्द. वह जमीन पर पड़े-पड़े ही पुलिसवालों से कहने लगा, "साहब, पिलवा दो एक सिगरेट..." इसके बाद जब उसे अस्पताल ले जाने के लिए एम्बुलेंस में लिटाया गया, तब भी वह बीड़ी की मांग करता रहा. अपराधी की इस अजीब फरमाइश को देखकर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी भी चौंक गए.

एक दर्जन मुकदमों का 'इनामी' इतिहास

घायल अवस्था में जब पुलिस ने बदमाश से पूछताछ की, तो उसने अपना नाम इनाम बताया. पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि इनाम इलाके का शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ लूट, चोरी और गैंगस्टर एक्ट जैसे एक दर्जन से भी अधिक संगीन मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस के लिए यह एक बड़ी कामयाबी है क्योंकि यह शातिर अपराधी लंबे समय से वांछित चल रहा था.

पुलिस अधिकारी का आधिकारिक बयान

इस सनसनीखेज एनकाउंटर के बाद जानसठ की सीओ ऋषिका सिंह ने बताया कि रामराज पुलिस अपनी रोज की चेकिंग और गश्त पर थी, तभी यह मुठभेड़ हुई. उन्होंने पुष्टि की कि अभियुक्त इनाम के खिलाफ पहले से ही एक दर्जन से अधिक मामले पंजीकृत हैं. पुलिस ने उसे तुरंत इलाज के लिए जानसठ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत स्थिर है. मामले में आगे की वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
ये भी पढ़ें: मुजफ्फरनगर में फूड ब्लॉगिंग वीडियो पर विवाद; माफी के बाद भी गिरफ्तारी, धार्मिक स्थल दिखाने पर ब्लॉगर पर एक्शन

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com