विज्ञापन
This Article is From Nov 11, 2016

उत्तर प्रदेश : मुलायम सिंह 23 नवम्बर को रैली के साथ करेंगे अभियान का आगाज

उत्तर प्रदेश : मुलायम सिंह 23 नवम्बर को रैली के साथ करेंगे अभियान का आगाज
यूपी में मुलायम सिंह यादव 23 नवंबर को रैली से चुनावी अभियान शुरू करेंगे.
  • 23 नवम्बर को गाजीपुर में आयोजित होगी रैली
  • रैली में पूर्वांचल के आठ जिलों के कार्यकर्ता पहुंचेंगे
  • शिवपाल सिंह यादव ने रैली की तैयारियों के लिए बैठक की
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) मुखिया मुलायम सिंह यादव उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपनी रैलियों का आगाज आगामी 23 नवम्बर को गाजीपुर में आयोजित होने वाली रैली से करेंगे.

सपा में विलीन हुए कौमी एकता दल के महासचिव रहे मिसबाहुद्दीन ने आज यहां ‘भाषा’ को बताया कि सपा मुखिया आगामी 23 नवम्बर को गाजीपुर के आरटीआई मैदान में एक विशाल रैली को सम्बोधित करेंगे. पहले यह रैली 11 नवम्बर को होनी थी लेकिन मुलायम के व्यस्त होने की वजह से वह नहीं हो सकी.

उन्होंने दावा किया कि यह रैली अगली 14 नवम्बर को इसी मैदान पर होने वाली प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रैली से बड़ी होगी. इसमें पूर्वाचल के आठ जिलों गाजीपुर, मउ, आजमगढ़, बलिया, बनारस, सोनभद्र, भदोही, चन्दौली और जौनपुर से लाखों कार्यकर्ता पहुंचेंगे.

मिसबाहुद्दीन ने बताया कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने आज इस रैली की तैयारियों के सिलसिले में इन सभी जिलों के विधायकों, पार्टी जिलाध्यक्षों, जिला पंचायत अध्यक्षों तथा अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बैठक की.

उन्होंने बताया कि चूंकि यह आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मुलायम की पहली रैली होगी, लिहाजा इसे भव्य और विशाल बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है.

मालूम हो कि मुलायम को इससे पहले छह अक्तूबर को आजमगढ़ में रैली के साथ अपने चुनाव अभियान की शुरुआत करनी थी, लेकिन वह किन्हीं कारणों से नहीं हो सकी थी.

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
समाजवादी पार्टी, सपा, मुलायम सिंह, उत्तर प्रदेश, विधानसभा चुनाव 2017, Samajwadi Party, Mulayam Singh, UP, UP 2017 Assembly Elections
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com