उत्तर प्रदेश के अमरोहा के गजरौला थाना क्षेत्र में बच्चों के बीच हुए मामूली लड़ाई ने बड़ा रूप ले लिया. देखते ही देखते गांव के दो पक्षों के बीच जमकर खूनी संघर्ष हुआ. मारपीट में घायल हुए शाहिद की मौत इलाज के दौरान अस्पताल में हो गई. पुलिस ने 5 लोगों को गिरफ़्तार किया है. बाकी आरोपियों की तलाश जारी है. बताया जा रहा है कि लड़ाई गांव खाई खेड़ा में बच्चों के बीच चाट खाने को लेकर शुरू हुई. उसके बाद विवाद बढ़ता चला गया. ईद के पाक त्योहार के दिन हुए इस खूनी संघर्ष की तस्वीरें और वीडियो किसी ने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया. बाद में वीडियो वायरल कर दिया गया.
यह भी पढ़ें : फरीदाबाद में पुरानी रंजिश को लेकर दो गुटों में खूनी संघर्ष, 5 लोगों की मौत
बताया जा रहा है कि पूरा मामला बीते शनिवार की सुबह का है. मामूली विवाद के बाद खूनी संघर्ष में करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए थे, जिनमें से शाहीद नाम के युवक के सर पर गंभीर चोटे आने की वजह से उसे इलाज के लिए मेरठ रेफर किया गया था. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. शाहिद की मौत से गुस्साए परिजन और बिरादरी के लोग दूसरे पक्ष पर कार्रवाई की मांग को लेकर शाहिद की लाश के साथ थाने पहुंच गए और हंगामा करने लगे. पुलिस ने उन्हें किसी तरह समझा-बुझा कर मामला शांत किया. जिसके बाद गांव वाले शाहिद के शव को लेकर गांव चले गए.
यह भी पढ़ें : ब्राजील की जेलों में फिर खूनी संघर्ष, 32 कैदी मरे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं