- मथुरा पुलिस ने एक गिरोह का पर्दाफाश किया जो ग्राइंडर ऐप के जरिए युवकों को फंसाता था
- गिरोह सुनसान जगहों पर युवकों को बुलाकर आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करता था
- जैत पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मोबाइल फोन, नकद और बाइकें बरामद कीं
डेटिंग एप्स पर कई युवक बेहद सुनहरे सपने बुनकर जाते हैं, लेकिन कई बार उन्हें यहां धोखा मिलता है. ऐसे भी डेटिंग एप्स हैं, जो युवकों को मुसीबत में डाल देते हैं. मथुरा पुलिस ने एक गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो युवकों को ग्राइंडर ऐप (खासतौर पर समलैंगिकों के लिए ऐप) के जरिए कॉन्टैक्ट कर सुनसान जगहों पर बुलाता था. फिर उनका आपत्तिजनक स्थिति में वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करते थे. मथुरा की जैत पुलिस ने इस गैंग के सात शातिर ठगों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने बताया कि ये गैंग पूरी प्लानिंग कर युवकों को टारगेट कर फंसाता था.
अश्लील वीडियो बनाकर करते थे ब्लैकमेल
मथुरा पुलिस ने सात आरोपियों के कब्जे से लूट के 10 मोबाइल फोन, 51,500 रुपये नकद और दो बाइकें बरामद की हैं. जांच में सामने आया है कि आरोपी युवकों को सुनसान इलाकों में बुलाकर उनके अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करते थे. थानाध्यक्ष सोनू कुमार के नेतृत्व में जैत पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने शुक्रवार सुबह सूचना के बाद धौरेरा के जंगल में घेराबंदी कर सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
कौन हैं ये 7 शातिर?
आरोपियों की पहचान बिहार के भोजपुर निवासी सुनील, हरियाणा के रेवाड़ी निवासी सूरज, वृंदावन निवासी रवि, कृष्णा उर्फ बिट्टू, राया निवासी भूपेंद्र, हाथरस निवासी प्रवीण और मध्य प्रदेश के दमोह निवासी राजेश सिंह के रूप में हुई है. ये सभी आरोपी अभी वृंदावन में ही रह रहे थे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं