विज्ञापन

कानपुर में बच्चों से भरी स्कूल बस और ट्रक की जोरदार भिड़ंत, बच्चों की चीख पुकार से पसीजा मंत्री का दिल काफिला रोककर मदद में जुटे

Road Accident News: उत्तर प्रदेश के कानपुर में बुधवार को कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान के एक फैसले ने लोगों का दिल जीत लिया. दरअसल, जिस रास्ते से मंत्री जा रहे थे, उस रास्ते में एक स्कूल बस और ट्रक के बीच भिड़ंत हो गई थी. लिहाजा, स्कूल बस में सवार बच्चों की चीख पुकार मच गई थी, जिसे देख मंत्री ने अपना काफिला रुकवाकर राहत और बचाव के काम को अंजाम दिया. जिसका वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है.

कानपुर में बच्चों से भरी स्कूल बस और ट्रक की जोरदार भिड़ंत, बच्चों की चीख पुकार से पसीजा मंत्री का दिल काफिला रोककर मदद में जुटे
स्कूल बस हादसे के बाद रास्ते से गुजर रहे उत्तर प्रदेश के कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान खुद गाड़ी से नीचे उतरे और राहत व बचाव कार्य में जुट गए.
Aruyn Chouhan
  • कानपुर देहात के मावर शरीफ गांव के पास स्कूल बस और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हुई, लेकिन कोई गंभीर चोट नहीं आई
  • हादसे के समय कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान का काफिला मौके पर था, जिन्होंने तुरंत राहत कार्य में भाग लिया
  • मंत्री ने घायल बच्चे को अपने सुरक्षा गार्ड से गोद में उठाकर अस्पताल पहुंचाने का इंतजाम किया
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

Kanpur Road accident:  उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात में बुधवार को उस समय चीख पुकार मच गई, जब बच्चों से भरी एक स्कूल बस और ट्रक के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई. यह हादसा कानपुर-झांसी हाईवे पर सिंगूर नदी के पास मावर शरीफ गांव (मावर कट) के सामने हुआ. गनीमत यह रही कि इस भयानक टक्कर के बाद भी किसी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई और एक बहुत बड़ा हादसा होते-होते टल गया.

जानकारी के अनुसार, लालपुर स्थित ग्रीन वैली स्कूल की बस छुट्टी होने के बाद बच्चों को उनके घर छोड़ने जा रही थी. रास्ते में कानपुर-झांसी हाईवे पर सड़क निर्माण का काम चल रहा है, जिसकी वजह से जगह-जगह गड्ढे हैं और वनवे ट्रैफिक के कारण गाड़ियों को आने-जाने में परेशानी हो रही है. जैसे ही स्कूल बस मावर कट के पास मुड़ने लगी, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि बस में सवार बच्चे डर के मारे चीखने-चिल्लाने लगे.

मसीहा बनकर पहुंचे कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान

इस दुर्घटना के ठीक बाद, उत्तर प्रदेश के कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान का काफिला उसी रूट से गुजर रहा था. सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त स्कूल बस और बच्चों के रोने की आवाज सुनकर मंत्री ने बिना एक पल गंवाए तुरंत अपना काफिला रुकवा दिया. एक सच्चे जनसेवक की मिसाल पेश करते हुए मंत्री दारा सिंह खुद गाड़ी से नीचे उतरे और राहत व बचाव कार्य में जुट गए. उन्होंने प्रशासनिक मदद का इंतजार किए बिना अपने सुरक्षाकर्मियों के साथ मिलकर बच्चों को बस से सुरक्षित बाहर निकालना शुरू कर दिया.

तपती सड़क पर बच्चे को गार्ड की गोद में उठाया

हादसे के बाद का मंजर बेहद भावुक कर देने वाला था. भीषण गर्मी के बीच जब एक घायल बच्चे को इलाज के लिए बस से बाहर लाया गया, तो धूप से तप रही सड़क के कारण उसके पैर जलने लगे. बच्चे को तड़पता देख मंत्री दारा सिंह चौहान ने तुरंत अपने सुरक्षा गार्ड को निर्देश दिया कि बच्चे को गोद में उठा लिया जाए. गार्ड ने तुरंत बच्चे को गोद में लिया और मंत्री की अपनी सरकारी गाड़ी में बैठा लिया, ताकि उसे बिना देरी किए अस्पताल पहुंचाया जा सके. इसके साथ ही मंत्री ने रोते बिलखते बच्चों को गले से लगाया, उन्हें पानी पिलाया और छांव में बैठाकर उनका हौसला बढ़ाया. मंत्री के निर्देश पर उनके स्टाफ ने बस के अंदर फंसे बच्चों के स्कूल बैग और अन्य सामान भी सुरक्षित बाहर निकाले.

एक घंटे तक मौके पर डटे रहे मंत्री

मंत्री दारा सिंह चौहान करीब एक घंटे तक घटनास्थल पर ही मौजूद रहे. उन्होंने स्थानीय प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों को फोन कर तुरंत मौके पर पहुंचने और घायलों को बेहतर इलाज देने के सख्त निर्देश दिए. मंत्री की इस तत्परता और संवेदनशीलता के कारण बच्चों को समय रहते मेडिकल हेल्प मिल सकी.

यह भी पढ़ें - मां का कटा हाथ डिब्बे में लेकर पुलिस कमिश्नर दफ्तर पहुंचा ITBP जवान, Krishna Hospital पर की कार्रवाई की मांग

इस हादसे में सबसे राहत की बात यह रही कि किसी भी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई है. केवल दो बच्चों को मामूली खरोंचें आई थीं, जिन्हें शुरुआती इलाज के बाद डॉक्टरों ने पूरी तरह सुरक्षित घोषित कर दिया. भोगनीपुर कोतवाली के निरीक्षक सतीश कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटना को अंजाम देने वाले ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है. सभी बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें उनके परिजनों के साथ सकुशल घर भेज दिया गया है. हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा तफरी का माहौल जरूर बना, लेकिन पुलिस और प्रशासन की मुस्तैदी से यातायात को जल्द ही सुचारू कर दिया गया.

यह भी पढ़ें- इस शहर में पेट्रोल-डीजल की शुरू हुई राशनिंग, जानें-2 पहिया और 4 पहिया वाहनों को अब कितना मिलेगा तेल

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com