कानपुर में पुलिस ने ऐसे शातिर बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है, जिन्होंने हाल ही में मोबाइल पर पति और बेटे की फोटो पर चाकू चलाते हुए महिला को डराया. महिला को दहशत में लाकर बदमाशों ने उससे मंगलसूत्र और पर्स छीन लिया. यही नहीं बदमाशों ने महिला को धमकाया और बाइक पर बैठाकर घर ले गए. डरी-सहमी महिल अपने घर के अंदर गई, सोने-चांदी के जेवर, 500 रुपये नकद, आधार कार्ड और कंपनी का आईडी कार्ड लाकर बदमाशों को सौंप दिया.
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार, 30 जून को थाना गुजैनी पुलिस बनपुरवा-फत्तेहपुरवा दक्षिण मार्ग पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी. इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर तीन संदिग्ध आते हुए दिखाई दिए. पुलिस टीम ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो बदमाशों ने भागने की कोशिश की और खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी.
बदमाशों के पैर में लगी गोली
पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की. इस गोलीबारी में दो बदमाश मोहम्मद अकरम और जावेद अख्तर उर्फ चिकना के पैरों में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़े. पुलिस ने तुरंत उन्हें गिरफ्तार कर लिया और इलाज के लिए हैलट अस्पताल में भर्ती कराया है. वहीं, उनका तीसरा साथी जो मौके से फरार हो गया था, उसे भी पुलिस ने घेराबंदी कर कुछ देर बाद गिरफ्तार कर लिया. पकड़े गए बदमाशों के पास से पुलिस ने अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस और महिला से लूटा गया माल बरामद किया है.
महिला से लूट का पर्दाफाश
पुलिस के अनुसार, यह कोई आम लुटेरे नहीं बल्कि शातिर गैंगस्टर हैं. इन दोनों के खिलाफ कानपुर के अलावा कासगंज, हमीरपुर और जालौन समेत कई अन्य जिलों में लूटपाट और अन्य संगीन अपराधों के कई मुकदमे दर्ज हैं. इन बदमाशों की गिरफ्तारी से उस लूट का भी पर्दाफाश हुआ है जो इन्होंने 21 जून 2026 को बिंदन देवी नाम की महिला के साथ की थी.
शातिर तरीके से की थी लूटपाट
थाना गुजैनी में दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक, बिंदन देवी शाम करीब 6 बजे बर्रा-8 कच्ची बस्ती स्थित अपनी ननद श्यामपति के घर से वापस लौट रही थीं. जैसे ही वह गोविंद स्वीट हाउस के पास पहुंचीं. बाइक सवार इन दोनों बदमाशों ने उन्हें रोक लिया. बदमाशों ने बड़ी ही चालाकी से महिला को बातों में उलझाया और अपने मोबाइल में महिला के पति और बेटे की फोटो दिखाने लगे. बदमाशों का तरीका बेहद खौफनाक था. उन्होंने मोबाइल में दिख रही पति और बेटे की फोटो पर (डिजिटल/स्क्रीन पर) चाकू चलाते हुए महिला को ऐसा डराया कि वह दहशत में आ गई. उन्होंने महिला का मंगलसूत्र और पर्स छीन लिया. इसके बाद उन्होंने महिला को धमकाते हुए कहा कि घर में जो भी सोने-चांदी के जेवर हैं, वो भी लाकर दो, वरना तुम्हारे पति और बेटे की मौत हो जाएगी.
पति और बेटे को मारने की दी थी धमकी
बदमाशों ने महिला को अपनी बाइक पर बैठाया और उसके घर तक ले गए. डरी-सहमी बिंदन देवी घर के अंदर गईं और 1 जोड़ी पायल, 12 बिछिया, एक छोटा व एक बड़ा मंगलसूत्र, 500 रुपये नकद, अपना आधार कार्ड और ड्यूटी का आईडी कार्ड लाकर उन बदमाशों को सौंप दिया. जाते-जाते बदमाशों ने महिला को सख्त हिदायत दी थी कि अगर तीन दिन तक इस घटना के बारे में किसी को भी बताया, तो उसके पति और बेटे का वही हाल होगा जो मोबाइल की फोटो में चाकू चलाकर दिखाया गया था. खौफ के साये से बाहर आने के बाद महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी.
गाजीपुर: पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी मुख्तार गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से हुआ घायल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं