उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है, जहां आधी रात को चार घंटे के लिए घर से लापता हुई 19 साल की युवती को पिता और अन्य परिजनों ने पीट-पीटकर मार डाला. हत्या को छिपाने के लिए आरोपियों ने उसके शरीर पर सुई से दो निशान बनाए ताकि लोगों को यह यकीन दिलाया जा सके कि सांप के काटने से उसकी मौत हुई है. आरोपियों ने युवती का अंतिम संस्कार भी कर दिया, लेकिन मां की शिकायत के बाद पूरा मामला खुल गया. पुलिस ने जांच के बाद पिता और भाइयों समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया.
रात में चार घंटे घर में नहीं थी युवती
संडीला थाना पुलिस के अनुसार, जिले के समदखेड़ा गांव में रहने वाले रामदयाल की 19 साल की बेटी शुभी 3-4 जून 2026 की रात करीब 12 बजे बिना किसी से कुछ कहे कहीं चली गई. पिता की नींद खुली तो बेटी घर में नहीं थी. इंतजार करने के बाद सुबह करीब 4 बजे वह वापस घर आ गई. इससे नाराज युवती के पिता रामदयाल (शराब के नशे में) ने शुभी के साथ जमकर मारपीट की. दो भाइयों मुनेश और सुरेश व भाभी माधुरी ने भी उसे खूब पीटा. इससे शुभी की मौके पर ही मौत हो गई.
ये भी पढ़ें- दूल्हे को चाहिए थी बुलेट... डिमांड पूरी नहीं कर सका परिवार, निकाह के 5 घंटे बाद तलाक
पुलिस ने बचने आरोपियों ने क्या किया
आरोपी पिता रामदयाल और भाइयों ने शुभी की हत्या करना कबूल कर लिया. उन्होंने पुलिस को बताया कि बेटी रात में चार घंटे के लिए कहीं चली गई थी. घर आने पर उससे पूछताछ की और उसके साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए कपड़े सिलने वाली सुई से उसके शरीर पर सांप के काटने के निशान बनाए. साथ ही सुसाइड दिखाने के लिए गले पर फांसी के फंदे का भी निशान बनाया. इसके बाद बिना पुलिस को सूचना दिए सब को जला दिया, ताकि कोई सबूत न बचे. आरोपियों को कबूलनामे के बाद पुीलिस ने भाई मुनेश, सुरेश, पिता रामदयाल और मुनेश की पत्नी माधुरी को गिरफ्तार कर लिया.
ये भी पढ़ें- भिंड में तेज रफ्तार डंपर ने युवक को कुचला, लोगों ने वाहन फूंका, पुलिस को खदेड़ा, चार थानों की फोर्स तैनात
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं