विज्ञापन

गोरखपुर में वाहन पार्किंग को लेकर विवाद, थाने में पुलिस ने जेप्टो राइडर्स को जमकर पीटा, वीडियो वायरल 

गोरखपुर में वाहन पार्किंग को लेकर हुआ विवाद थाने तक पहुंच गया, जहां इंसाफ मांगने पहुंचे जेप्टो राइडर्स की पुलिस द्वारा कथित तौर पर लाठी से पिटाई की गई. थाने के अंदर हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है.

गोरखपुर में वाहन पार्किंग को लेकर विवाद, थाने में पुलिस ने जेप्टो राइडर्स को जमकर पीटा, वीडियो वायरल 

UP Police Assault Case: गोरखपुर में एक मामूली वाहन पार्किंग विवाद ने ऐसा तूल पकड़ लिया कि मामला थाने तक पहुंच गया. आरोप है कि इंसाफ की उम्मीद लेकर थाने पहुंचे जेप्टो राइडर्स को ही पुलिस ने अंधेरे कमरे में लाठियों से पीटा. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं.

वाहन पार्किंग से शुरू हुआ विवाद

गोरखपुर के खोराबार थाना क्षेत्र में रविवार रात वाहन पार्किंग को लेकर ज़ेप्टो राइडर्स और एक कार चालक के बीच विवाद हो गया. बताया जा रहा है कि कार में एक महिला भी मौजूद थीं, जो पेशे से डॉक्टर हैं. पार्किंग को लेकर कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते मामला बढ़ गया. आरोप है कि जेप्टो राइडर्स ने अपशब्द कहे, जिस पर विवाद और गहरा गया.

सीसीटीवी फुटेज में दिखी मारपीट

इस विवाद का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि जेप्टो राइडर्स और कार सवार के बीच हाथापाई हुई. पुलिस का कहना है कि महिला के साथ भी बदसलूकी की गई और कई लोग मौके पर इकट्ठा होकर हंगामा करने लगे.

इंसाफ मांगने थाने पहुंचे राइडर्स

घटना के बाद रात करीब 11 बजे कई जेप्टो राइडर्स खोराबार थाने पहुंचे. उनका कहना था कि वे अपनी बात रखने और इंसाफ मांगने गए थे. लेकिन आरोप है कि थाने पहुंचते ही हालात बिगड़ गए और पुलिस ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी.

थाने के भीतर लाठीचार्ज का आरोप

सबसे गंभीर आरोप यह है कि पुलिस ने थाने की लाइट बंद कर एक कमरे में जेप्टो राइडर्स की लाठियों से पिटाई की. वायरल वीडियो में वर्दीधारी पुलिसकर्मी लाठी चलाते नजर आते हैं. वीडियो भले ही साफ न हो, लेकिन उसमें राइडर्स की दर्द से भरी आवाजें “अरे सर, अरे सर” लगातार सुनाई देती हैं.

घायलों के शरीर पर मिले चोट के निशान

बताया जा रहा है कि पिटाई में कई जेप्टो राइडर्स घायल हुए. उनके शरीर पर कई जगह चोट के निशान पाए गए. पिटाई के बाद कुछ लोग थाने से भागने को मजबूर हो गए. राइडर्स का आरोप है कि वे न्याय की उम्मीद लेकर गए थे, लेकिन उन्हें ही निशाना बनाया गया.

पुलिस का पक्ष और कार्रवाई
एसपी सिटी निमिष पाटिल ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए बताया कि वाहन पार्किंग को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था. मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है. थाने के भीतर पिटाई के आरोपों पर उन्होंने कहा कि मामले की जांच चल रही है और जांच के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com