विज्ञापन

गाजियाबाद: होटल के कमरे में मिला 19 वर्षीय युवती का शव, नदीम के साथ उस रात क्‍या हुआ?

गाजियाबाद के विजयनगर इलाके में स्थित अंश होटल के एक कमरे में 19 वर्षीय युवती का शव फंदे से लटका हुआ बरामद हुआ है. युवती गुरुवार को नदीम नाम के एक युवक के साथ होटल आई थी. मृतका की मां ने युवक पर धमकी देने और नशा कराने के गंभीर आरोप लगाए हैं. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच में जुट गई है.

गाजियाबाद: होटल के कमरे में मिला 19 वर्षीय युवती का शव, नदीम के साथ उस रात क्‍या हुआ?
  • गाजियाबाद स्थित अंश होटल के बंद कमरे में सुंदरपुरी निवासी 19 वर्षीय युवती का शव फंदे से लटका मिला.
  • मृतका के साथ होटल में ठहरे दूसरे समुदाय के युवक नदीम को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
  • मृतका की मां ने आरोपी युवक पर धमकी देने, प्रताड़ित करने और नशा कराने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है.

गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत भूड रेलवे रोड स्थित अंश होटल में एक 19 वर्षीय युवती का शव कमरे में फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इस मामले में पुलिस ने मृतका के साथ ठहरे एक युवक को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है.

होटल में रुकने आए थे युवक-युवती

जानकारी के अनुसार, विजयनगर क्षेत्र की सुंदरपुरी निवासी करीब 19 वर्षीय युवती गुरुवार दोपहर एक युवक नदीम के साथ अंश होटल में ठहरने के लिए आई थी. दोनों ने होटल में एक कमरा बुक किया था. देर रात करीब 10:30 बजे होटल के कर्मचारियों ने पुलिस को कमरे के अंदर युवती का शव फंदे से लटके होने की सूचना दी.

दो-ढाई महीने से थी जान-पहचान

मृतका की मां ने बताया कि उनकी बेटी नदीम के साथ घूमने के लिए निकली थी, लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटी. अगले दिन पुलिस ने फोन कर उन्हें सूचना दी कि उनकी बेटी ने आत्महत्या कर ली है. मां के मुताबिक, उनकी बेटी और नदीम पिछले दो-ढाई महीने से एक-दूसरे को जानते थे और अक्सर साथ में घूमने जाया करते थे.

मां ने लगाए गंभीर आरोप

युवती की मां ने नदीम पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कल जब उन्होंने नदीम को डांटा था, तो वह उन पर चिल्लाने लगा और 'देख लेने' की धमकी देने लगा. मां का यह भी आरोप है कि नदीम उनकी बेटी को नशा आदि भी कराया करता था. हालांकि, आत्महत्या के मुख्य कारणों का अभी पता नहीं चल सका है. पुलिस तमाम पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है कि आखिरकार होटल के बंद कमरे में ऐसा क्या हुआ, जिसके कारण युवती को आत्महत्या जैसा आत्मघाती कदम उठाना पड़ा.

घटना की जानकारी मिलते ही जब विजयनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था. पुलिस ने दरवाजा तोड़कर युवती को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और परिजनों को घटना की विस्तृत जानकारी दी.

आत्महत्या के कोण से जांच कर रही पुलिस

प्रारंभिक जांच में पुलिस इस मामले को आत्महत्या मानकर चल रही है, हालांकि सभी संभावित एंगल से तफ्तीश की जा रही है. बताया जा रहा है कि मृतका हिंदू समुदाय से थी, जबकि उसके साथ होटल में रुका युवक मुस्लिम समुदाय का है. पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर घटना से जुड़े तथ्यों पर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

कोतवाली क्षेत्र की सहायक पुलिस आयुक्त उपासना पाण्डेय ने मामले की जानकारी देते हुए बताया, "होटल कर्मचारी द्वारा सूचना मिली थी कि एक युवती ने होटल के कमरे में आत्महत्या कर ली है. पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और प्रकरण में आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है."

यह भी पढ़ें- जगुआर कार बनी आग का गोला: यमुना एक्सप्रेसवे पर जलकर राख हुई लग्‍जरी कार, 4 लोगों ने कूदकर बचाई जान

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com