UP Politics: पश्चिम बंगाल विधानसभा में ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी के हार के बाद टीएमसी की टूट की चर्चा अभी शांत भी नहीं हुई है कि भाजपा नेता और उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद ने सपा के 25-26 सांसदों के संपर्क में होने का दावा कर उत्तर प्रदेश का सियासी पारा बढ़ा दिया है. दरअसल, केशव प्रसाद मौर्य ने कानपुर में दावा किया है कि समाजवादी पार्टी के 25-26 सांसद टूटने को तैयार हैं, लेकिन हम तोड़ नहीं रहे हैं.
उन्होंने कहा कि सपा चाहे जितने भी सम्मेलन कर लें, उसका कोई भला नहीं होगा. इसके साथ ही उन्होंने सपा पर तंज कसते हुए कहा कि सपा सैफई जाने वाली है और भाजपा लखनऊ में है और लखनऊ में ही सत्ता पर रहेगी. डिप्टी सीएम मौर्य ने ये बातें बृजेंद्र स्वरूप पार्क में आयोजित एक कार्यक्रम के बाद मीडिया से बात करते हुए कही. उन्होंने कहा कि जो पार्टियां टूट रही हैं, उसमें भाजपा का कोई रोल नहीं है.
राजभर ने भी जताई सपा में टूट की आशंका
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) अध्यक्ष और योगी आदित्यनाथ सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने भी सभा में भीतरघात की सुगबुगाहट को हवा दे दी है. उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को चुनौती देकर कहा कि आप अपने सांसदों की बैठक बुलाकर उनके हाथ में गीता व क़ुरान देकर शपथ कराइये, तो आपको सच्चाई पता लग जाएगी. उन्होंने दावा किया कि विभीषण अखिलेश यादव के साथ हैं, वो लंका में आग लगवा कर रहेगा.
शिवपाल ने मौर्या के बयान को बताया टीआरपी का खेल
समाजवादी पार्टी के 25-26 सांसदों के संपर्क में होने के उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के बयान पर सपा नेता शिवपाल यादव ने कहा कि सपा ने डिप्टी सीएम मौर्या को कितने बार हराया है. यह अपनी टीआरपी बढ़ाने के लिए इस तरह की बयानबाजी करते हैं. फिर लड़ेंगे और फिर हराएंगे. वहीं, अयोध्या मंदिर में चंदा चोरी के सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि बीजेपी के लोग झूठे हैं. यह सब अधर्मी है. यह लोग बहुत झूठ बोलते हैं. मंदिर की देखभाल करने वाले अब अधर्मी है.
टूट चुकी है टीएमसी व शिवसेना को लेकर भी है हलचल
ये बयान ऐसे वक्त में आया है, जब टीएमसी के 20 बागी सांसद पार्टी से बगावत कर नेशनलिस्ट सिटिज़न्स पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) नामक क्षेत्रीय पार्टी में विलय करने का ऐलान करने के साथ ही केंद्र में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को समर्थन देने की घोषणा कर दी है. इसके साथ ही इस बागी गुट ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात कर संसद में अलग बैठने की व्यवस्था करने की भी मांग की है. वहीं, शिवसेना उद्धव गुट में टूट की खबरें सामने आ रही है. माना जा रहा है कि 5 सांसद शिवसेना उद्धव से बगावत कर किसी दूसरी पार्टी में ये गुट अपना विलय कर सकते हैं.
सपा की बढ़ सकती हा मुश्किलें
ऐसे में समाजवादी पार्टी को लेकर दिए गए भाजपा नेता व यूपी के डिप्टी सीएम मौर्या के इस बयान से समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की धड़कनें बढ़ सकती है. गौरतलब है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी. तब उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी को कुल 37 लोकसभा सीटों पर जीत मिली थी. यहां तक कि भाजपा के लिए सबसे महत्वपूर्ण माने जाने वाली अयोध्या की सीट भी सपा ने भाजपा से छील ली थी. ऐसे में अगर भाजपा सपा के 25-26 सांसद तोड़ने में सफल हो जाती है, तो इससे समाजवादी पार्टी को बड़ा झटका लग सकता है. खास तौर से 2027 में होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले अगर भाजपा ऐसा कुछ करती है, तो इससे पार्टी काफी कमजोर पड़ सकती है.
यह भी पढ़ें- शिवसेना (UBT) को टूट से बचाने के लिए 'ऑपरेशन टाइगर' को नाकाम करने के लिए उद्धव ने झोंकी ताकत, चार सांसद पहुंचे दिल्ली
अब देखना ये होगा कि केशव प्रसाद मौर्य का बयान सिर्फ एक शिगूफा है, या फिर इसमें कुछ सच्चाई भी है. अगर केशव प्रसाद मौर्य के बयान में जरा भी सच्चाई है, तो विधानसभा चुनाव से पहले सपा के लिए अपने घर को संभालने की बड़ी चुनौती होगी.
यह भी पढ़ें- Ram Mandir Donation Scame: जांच के लिए अयोध्या पहुंची SIT की टीम, पूरे खेल के पीछे छिपे चेहरे होंगे बेनकाब ?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं