गोरखपुर के चौरीचौरा पुलिस ने तरकुलहा मंदिर में दर्शन करने आए लोगों पर नकली रबर के सांप-छिपकली फेंककर उनके सोना-चांदी के जेवर पर हाथ साफ करने वाले गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार होने वालों में 8 पुरुष और 8 महिलाएं हैं. पुलिस ने आरोपियों के पास सोने की दो चेन, 8 अदद नेलकटर, 4 रबर के नकली सांप, 3 रबर की नकली छिपकली, 5 फोर-व्हीलर और 4 स्मार्टफोन भी बरामद किए हैं. इनके पास से 45,940 रुपये की नकदी भी बरामद हुई है.
पुलिस ने बताया कि गैंग के जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, वो गोरखपुर, गाजीपु, मऊ और देवरिया में वांटेड अपराधी हैं.

इस बारे में चौरीचौरा के सीओ रत्नेश्वर सिंह ने बताया भीड़भाड़ वाली जगहों और ऑटो और ई-रिक्शा में अकेले सफर करने वालीं महिलाओं को टारगेट बनाकर यह गिरोह उनके कीमती गहनों पर हाथ साफ कर देता था. यह गिरोह लंबे समय से जिले के कई क्षेत्रों के सक्रिय था, इस गैंग के बारे में लगातार शिकायत मिल रही थी.
पुलिस ने तरकुलहा मंदिर परिसर में इनकी मौजूदगी की सूचना पर वहां जाकर इन्हें गिरफ्तार किया. इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 310(204), 317(2) और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 207 के तहत केस दर्ज किया गया है. फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं