विज्ञापन

बच्चे को ऐसी टक्कर मारी कि दूर जा गिरा... मामा की कार से 15 साल के भांजे ने सड़क पर मचाया कोहराम

कानपुर में 15 साल का एक लड़का अपने मामा की कार लेकर निकल पड़ा. उसने रास्ते में कई गाड़ियों को टक्कर मारी. उसने 13 साल के एक बच्चे को भी रौंद दिया.

बच्चे को ऐसी टक्कर मारी कि दूर जा गिरा... मामा की कार से 15 साल के भांजे ने सड़क पर मचाया कोहराम
  • कानपुर के नौबस्ता इलाके में तेज रफ्तार कार ने घर के बाहर खेल रहे बच्चे को टक्कर मार दी
  • घटना शुक्रवार सुबह लगभग 11 बजे मछरिया यू ब्लॉक में हुई, जहां कार अनियंत्रित होकर कई वाहनों को भी टक्कर मारी
  • कार 15 वर्षीय नाबालिग किशोर चला रहा था, जिसने नियंत्रण खो दिया और कई गाड़ियों को टक्कर मारी
कानपुर:

कानपुर के नौबस्ता थानाक्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक नाबालिग की लापरवाही ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को मातम में बदलने की कोशिश की. बालिग होने से पहले ही स्टेयरिंग थामने का शौक और संकरी गलियों में रफ्तार का नशा एक 13 साल के बच्चे पर भारी पड़ गया. मछरिया यू ब्लॉक में 60 की स्पीड से दौड़ रही एक अनियंत्रित आई-10 कार ने गली में खड़े कई वाहनों को टक्कर मारते हुए घर के बाहर खेल रहे बच्चे को जोरदार टक्कर मार दी.

घटना शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे की है. मछरिया निवासी आलोक कुमार प्रजापति, जो प्लंबर और मिट्टी के बर्तन बनाने का काम करते हैं, काम के सिलसिले में बाहर गए हुए थे. घर पर उनकी पत्नी वंदना और 13 वर्षीय बेटा ऋषभ मौजूद थे. बसंत पंचमी का त्यौहार होने के कारण ऋषभ ने सुबह पूजा-पाठ किया और घर के बाहर खेलने लगा.

ऐसी टक्कर मारी कि बच्चा दूर जा गिरा

तभी गली में एक तेज रफ्तार आई-10 कार दाखिल हुई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ़्तार करीब 60 किलोमीटर प्रत घंटा रही होगी. कार चला रहे 15 वर्षीय किशोर ने नियंत्रण खो दिया और पहले गली में खड़े एक ई-रिक्शा और बाइक को टक्कर मारी. इसके बाद कार सीधे ऋषभ से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्चा दूर जा गिरा. कार आखिर में ऋषभ के पिता की खड़ी बाइक से टकराकर रुकी. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है.

Latest and Breaking News on NDTV

टक्कर की जोरदार आवाज और बच्चे की चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग घरों से बाहर दौड़े. मौके की नजाकत को भांपते हुए कार की पिछली सीट पर बैठे दो युवक दरवाजा खोलकर भाग निकले, लेकिन कार चला रहे 15 वर्षीय किशोर को लोगों ने मौके पर ही दबोच लिया. 

खतरे से बाहर है बच्चा

पड़ोसी शशिकांत वर्मा ने तुरंत घटना की जानकारी बच्चे के पिता आलोक को दी. आलोक मौके पर पहुंचे और खून से लथपथ बेटे को हंसपुरम स्थित राजरानी हॉस्पिटल में भर्ती कराया. गनीमत यह रही कि डॉक्टरों ने बच्चे की हालत को खतरे से बाहर बताया है, हालांकि उसे काफी चोटें आई हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

पुलिस ने क्या बताया?

नौबस्ता इंस्पेक्टर बहादुर सिंह ने जांच के बाद बताया कि जब्त की गई कार रेलबाजार थाना क्षेत्र के मीरपुर निवासी शादाब आलम के नाम पर रजिस्टर्ड है. शादाब मछरिया में अपनी बहन के घर आए हुए थे. इसी दौरान उनका 15 साल का भांजा अपने दोस्तों के साथ मामा की कार लेकर मौज-मस्ती के लिए निकल गया और यह हादसा हो गया. पुलिस का कहना है कि परिजनों की तरफ से अभी कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है. तहरीर मिलते ही नाबालिग चालक और वाहन मालिक के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
KANPUR, Kanpur News Hindi, Uttar Pradesh News In Hindi, Children Car Accident, Minor Driving Car
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com