विज्ञापन

WhatsApp, Facebook या Instagram हैक हो जाए तो क्या करें? दिल्ली पुलिस ने बताया आसान तरीका

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, अगर आपका WhatsApp, Facebook या Instagram अचानक लॉगआउट हो जाए या आपका अकाउंट पर कंट्रोल न रहे, तो घबराने की बजाय तुरंत सही कदम उठाना जरूरी है.

WhatsApp, Facebook या Instagram हैक हो जाए तो क्या करें? दिल्ली पुलिस ने बताया आसान तरीका
WhatsApp, Facebook या Instagram हैक हो जाए तो तुरंत अपनाएं ये तरीका
(P.C- NDTV)

सोशल मीडिया आज हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है. WhatsApp पर निजी बातचीत होती है, Facebook और Instagram पर हमारी तस्वीरें, यादें और कई जरूरी जानकारियां मौजूद रहती हैं. ऐसे में अगर इनमें से कोई अकाउंट हैक हो जाए, तो परेशानी होना स्वाभाविक है. अगर आपके साथ भी ऐसा कुछ हो गया है यानी आपका व्हाट्सएप, फेसबुक या इंस्टाग्राम अकाउंट हैक हो गया है, तो ये आर्टिकल आपके लिए बड़े काम का साबित हो सकता है. इसे लेकर दिल्ली पुलिस ने हाल ही में अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में दिल्ली पुलिस ने आसान और जरूरी उपाय बताए हैं. आइए जानते हैं- 

कैसे समझें कि अकाउंट हैक हो गया है?

दिल्ली पुलिस के अनुसार, अगर आपका WhatsApp अचानक बंद हो जाए, बिना वजह लॉगआउट हो जाए या आप उसे दोबारा इस्तेमाल न कर पा रहे हों, तो यह संकेत हो सकता है कि किसी दूसरे व्यक्ति ने आपके नंबर से WhatsApp एक्टिवेट कर लिया है. ऐसी स्थिति में आपके नंबर पर आने वाले ओटीपी भी गलत हाथों तक पहुंच सकते हैं.

सबसे पहले बंद करें कॉल फॉरवर्डिंग

दिल्ली पुलिस के ज्वाइंट कमिश्नर (IFSO) रजनीश गुप्ता के मुताबिक, कई मामलों में कॉल या मैसेज फॉरवर्डिंग की मदद से साइबर अपराधी अकाउंट पर कब्जा कर लेते हैं. ऐसे में सबसे पहले अपने मोबाइल से ##21# डायल करें. यह एक USSD कोड है, जो कॉल फॉरवर्डिंग जैसी सेवाओं को बंद करने में मदद करता है. इस नंबर को डायल करते ही आपकी कॉल फॉरवर्डिंग बंद हो जाएगी और नंबर पर OTP आना बंद हो जाएंगे.

WhatsApp हैक होने पर क्या करें?

ज्वाइंट कमिश्नर आगे बताते हैं, अगर आपके WhatsApp अकाउंट से छेड़छाड़ हुई है, तो इसके लिए-

  • www.whatsapp.com/contact/forms/1534459096974129 लिंक पर जाएं. 
  • लिंक पर क्लिक करते ही आपसे मोबाइल नंबर, नाम और ईमेल जैसी सामान्य जानकारी मांगी जाएगी. 
  • सही जानकारी देने के बाद सबमिट के बटन को दबाएं.
  • इतना करते ही कुछ घंटे बाद आपका अकाउंट संदिग्ध डिवाइस से अपने आप लॉगआउट हो जाएगा. 
Facebook और Instagram हैक होने पर क्या करें?

अगर फेसबुक अकाउंट हैक हो गया है, तो www.facebook.com/help/contact/295309487309948/ लिंक पर और अगर इंस्टाग्राम हैंडल हैक हुआ है, तो help.instagram.com/contact/636276399721841 लिंक पर क्लिक कर जानकारी दें. जरूरी जानकारी भरने के बाद कंपनी मामले की जांच करती है, इसके बाद आपका अकाउंट सभी डिवाइस से लॉगआउट कर दिया जाता है.

इसके कुछ समय बाद आपके ईमेल पर एक अलर्ट मैसेज आएगा, तब आप फिर से अपना अकाउंट अपने डिवाइस में लॉगइन कर सकते हैं. इस तरह दिल्ली पुलिस के सुझाए गए तरीके अपनाकर आप अपने अकाउंट को रिकवर कर सकते हैं.

आगे के लिए बरतें ये सावधानियां
  • सोशल मीडिया अकाउंट की सुरक्षा के लिए टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन जरूर चालू रखें. 
  • किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और ओटीपी किसी के साथ शेयर न करें. 
  • साथ ही, अपने ईमेल और सोशल मीडिया अकाउंट के पासवर्ड समय-समय पर बदलते रहें.

ऐसे में अगर आपका सोशल मीडिया अकाउंट हैक हो जाए, तो घबराने की जरूरत नहीं है. समय रहते सही कदम उठाकर आप अपने अकाउंट को दोबारा सुरक्षित कर सकते हैं. 

यह भी पढ़ें- PM Kisan 23rd Installment Date: इस तारीख को खाते में आएंगे पीएम किसान योजना की 23वीं किस्त के पैसे, सरकार ने किया ऐलान

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Police, Utility News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com