- शंकर चौक, साइबर हब और उद्योग विहार के लिए बने नए रूट मैप
- NH-48 पर बंद पड़े डायवर्जन दोबारा खोले गए
- शंकर चौक और सरहौल बॉर्डर पर जाम से मिलेगी राहत
दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय एक्सप्रेसवे पर रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने नई पहल शुरू की है. शहर के सबसे व्यस्त और जाम प्रभावित इलाकों शंकर चौक, साइबर हब और उद्योग विहार के लिए नए रूट प्लान तैयार किए गए हैं. इसके साथ ही लंबे समय से बंद पड़े कई डायवर्जन को दोबारा खोल दिया गया है, ताकि वाहनों की आवाजाही सुचारू हो सके.
एसीपी ट्रैफिक सत्यपाल यादव ने बताया कि शंकर चौक, साइबर हब और उद्योग विहार के आसपास प्रतिदिन भारी ट्रैफिक दबाव के कारण वाहन चालकों को घंटों जाम में फंसना पड़ता था. इसका सीधा असर दिल्ली-जयपुर NH-48 पर सफर करने वाले यात्रियों पर भी पड़ रहा था. इसी समस्या के समाधान के लिए ट्रैफिक विभाग ने नए ट्रैफिक प्रबंधन प्लान को लागू किया है.
(गुरुग्राम से साहिल मनचंदा की रिपोर्ट)
लंबे समय से बंद पड़े डायवर्जन को फिर से खोला गया
एसीपी ट्रैफिक सत्यपाल यादव ने बताया कि दिल्ली से जयपुर, साइबर हब से दिल्ली और उद्योग विहार से दिल्ली जाने वाले वाहनों के लिए नए रूट मैप तैयार किए गए हैं. साथ ही, NH-48 पर ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए लंबे समय से बंद पड़े डायवर्जन को फिर से खोल दिया गया है. ट्रैफिक पुलिस को उम्मीद है कि यह नई व्यवस्था सफल रही तो शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में रोजाना लगने वाले जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं