दिल्ली और गुरुग्राम के बीच यात्रा करने वाले लाखों लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है. दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने द्वारका एक्सप्रेसवे के पास स्थित यशोभूमि मेट्रो स्टेशन को गुरुग्राम के राजीव चौक से जोड़ने के लिए नए मेट्रो कॉरिडोर की योजना तैयार की है. इसके लिए ड्राफ्ट डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) बनाकर यूनियन मिनिस्ट्री ऑफ हाउसिंग एंड अर्बन अफेयर्स को भेजी गई है. हालांकि, मंत्रालय ने कुछ तकनीकी बदलावों के साथ डीपीआर को दोबारा सब्मिट करने के निर्देश दिए हैं. मंजूरी मिलने के बाद यह प्रोजेक्ट दिल्ली-एनसीआर की कनेक्टिविटी को नई दिशा दे सकता है.
एयरपोर्ट मेट्रो लाइन का होगा विस्तार
इस प्रस्तावित योजना के जरिए एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन को यशोभूमि स्टेशन से आगे बढ़ाकर राजीव चौक तक ले जाया जाएगा. इसके अलावा द्वारका सेक्टर-21 से गुरुग्राम सेक्टर-21 तक मेट्रो सेवा विस्तार की योजना भी तैयार की गई है. इस नए रूट के बनने से द्वारका एक्सप्रेसवे के आसपास बसे सेक्टरों, सोसाइटियों और कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को बेहतर और तेज पब्लिक ट्रांसपोर्ट सुविधा मिलेगी. इससे दिल्ली एयरपोर्ट और गुरुग्राम के बीच यात्रा का समय भी कम हो सकता है.
पचगांव तक मेट्रो विस्तार की तैयारी
बैठक में हरियाणा के सेक्टर-56 से पचगांव तक प्रस्तावित मेट्रो प्रोजेक्ट को भी रिव्यू किया गया है. करीब 35.25 किलोमीटर लंबे इस एलिवेटेड कॉरिडोर में 28 स्टेशन प्रस्तावित हैं. जल्द ही इस प्रोजेक्ट को मुख्यमंत्री की मंजूरी के लिए पेश किया जाएगा. इसके अलावा बल्लभगढ़ से पलवल तक मेट्रो विस्तार और बहादुरगढ़ से असौदा तक प्रस्तावित मेट्रो कॉरिडोर पर भी चर्चा हुई. पलवल मेट्रो प्रोजेक्ट लगभग 30.30 किलोमीटर लंबी होगी, जिसमें 18 स्टेशन प्रस्तावित हैं.
दिल्ली मेट्रो फेज-5 में बनेंगे 7 नए कॉरिडोर
DMRC राजधानी में मेट्रो नेटवर्क को और मजबूत करने के लिए फेज-5 (बी) के तहत 7 नए मेट्रो कॉरिडोर बनाने की तैयारी कर रहा है. इन कॉरिडोर की कुल लंबाई करीब 97 किलोमीटर होगी और इनमें 65 नए स्टेशन बनाए जाएंगे. इन प्रोजेक्ट पर 48000 करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च होने का अनुमान है. इस दौरान प्रमुख कॉरिडोर में शामिल हैं -
- ढांसा बस स्टैंड से नांगलोई
- केंद्रीय सचिवालय से किशनगढ़
- समयपुर बादली से नरेला
- कीर्ति नगर से पालम
- जोर बाग से मीठापुर
- शास्त्री पार्क से मयूर विहार फेज-3
- केशवपुरम से रोहिणी सेक्टर-34
यात्रियों को मिलेगा बड़ा फायदा
नए मेट्रो रूट बनने से दिल्ली और गुरुग्राम के बीच ट्रैफिक दबाव कम होगा. इसके साथ ही हजारों यात्रियों को तेज, सुरक्षित और बेहतर यात्रा का ऑप्शन मिलेगा. अगर सभी प्रस्तावों को समय पर मंजूरी मिल जाती है, तो आने वाले सालों में दिल्ली-एनसीआर के ट्रैफिक में काफी राहत देखने को मिल सकती है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली में कंस्ट्रक्शन वर्कर्स को सरकार का तोहफा, मिलेगा 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज, जानें पूरी योजना
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं