विज्ञापन

बारिश होते ही मुहल्‍ले में भर जाता है पानी, घर के आगे जमता है कीचड़ तो यहां कर सकते हैं संपर्क

मुहल्ले या सोसाइटी में जल जमाव और घर के आगे कीचड की समस्या सभी जगह है. हालांकि इसकी मॉनेटरिंग का काम वार्ड पार्षद की जिम्मेदारी है.

बारिश होते ही मुहल्‍ले में भर जाता है पानी, घर के आगे जमता है कीचड़ तो यहां कर सकते हैं संपर्क
कैसे दूर होगी जल भराव की समस्या (IANS)

देश में मानसून की बारिश शुरू हो गई है. उत्तर भारत में भीषण गर्मी के बाद मानसून का इंतजार बेसब्री से किया जा रहा था.  वहीं मानसून की बारिश शुरू हो गई है. लेकिन जहां लोगों को तेज धूप वाली गर्मी से राहत मिली है. वहीं देश के कई राज्यों के बड़े जिलों में बारिश आफत बनकर भी आई है. देश के अलग-अलग इलाकों में सड़क धंसने और जल भराव की समस्या देखने को मिल रही है. विडंबना यह है कि देश में हर साल मानसून आता है और सरकार हर बार ही प्रशासन को पानी से होने वाली समस्याओं से निपटने की तैयारी करने के निर्देश देती है. लेकिन जमीनी स्तर पर काम केवल कागजों पर ही होता है. 

बारिश की वजह से बड़े इलाकों के साथ-साथ छोटे इलाकों में भी जल जमाव की समस्या आम हो गई है. आपके इलाके में भी जल जमाव की समस्या जरूर होगी. लेकिन छोटे जगहों पर जल भराव की समस्या खत्म हो सकती है अगर इसके लिए वहां रहने वाले लोग सजग रहें और कुछ काम को सही समय पर करवा लें तो दिक्कतों का सामना करने से बचा जा सकता है.

लापरवाही से होती है जल जमाव की समस्या

अगर आपके इलाके में जल जमाव की पुरानी समस्या है तो आप अपने क्षेत्र के लोगों के साथ मिलकर इस समस्या का समाधान कर सकते हैं. क्योंकि जल जमाव का मुख्य कारण प्रशासनिक लापरवाही होती है. मुहल्ले या सोसाइटी में जल जमाव और घर के आगे कीचड की समस्या सभी जगह है. हालांकि इसकी मॉनेटरिंग का काम वार्ड पार्षद की जिम्मेदारी है. इसके साथ ही सफाई की जिम्मेदारी नगर निगम की होती है. लेकिन इन कामों में लापरवाही से यह समस्या उत्पन्न होती है.

कैसे होगा समाधान

मुहल्ले और सोसाइटी में कीचड़ जमने और जल जमाव की समस्या ठीक नहीं हो रही है तो आप इसकी जानकारी पहले वार्ड पार्षद को दे सकते हैं. लेकिन इसके बावजूद इसका समाधान नहीं हो तो आप सीधे अपने नगर निगम में शिकायत कर सकते हैं. इसकी शिकायत आप नगर निगम आयुक्त या फिर निगम के मेयर को कर सकते हैं. उनकी जिम्मेदारी होती है कि वह सफाई कर्मचारियों को भेजकर समस्या का समाधान करते हैं.

बिहार स्थित मुंगेर नगर निगम आयुक्त पार्थ गुप्ता बताते हैं कि ऐसे मामलों में लोगों को शिकायत करने का पूरा हक होता है. वह निगम में इसके लिए आवेदन दे सकते हैं. शिकायत के मुताबिक निगम से लोगों को भेजकर समाधान किया जाता है. वहीं अगर बड़ी समस्या होती है तो मेयर और वार्ड पार्षदों की बैठक में इसका समाधान किया जाता है. इसके लिए फंड का इस्तेमाल किया जाता है. उन्होंने बताया कि निगम आम लोगों की शिकायत के लिए शिकायत या हेल्पलाइन नंबर जारी करती है. जिस पर सीधे शिकायत दर्ज कराई जा सकती है.

आकस्मिक फंड से भी होता है निपटारा

जल जमाव का मुख्य कारण है नालों की सफाई समय पर नहीं होना. मानसून की बारिश से पहले मुहल्ले और सोसाइटी के नालों की सफाई की जाती है. इसके लिए मानसून के पहले निर्देश भी जारी किये जाते हैं. वहीं कोई बड़ी समस्या या सड़क-नाले बनाने की जरूरत होती है तो आकस्मिक फंड के जरिए इसका निपटारा किया जाता है.

बता दें, अगर निगम के द्वारा भी इसका समाधान नहीं किया जाता है तो आप जिला कलेक्टर के पास भी इसकी शिकायत कर सकते हैं. हालांकि इसके अलावा मुहल्ले और सोसाइटी के लोगों की भी जिम्मेदारी है कि अपने आस-पास साफ सफाई रखें.

यह भी पढ़ेंः दिल्ली में अब GPA-पावर ऑफ अटॉर्नी के आधार पर नहीं होगी घर-मकान-दुकान की रजिस्‍ट्री, नया नियम जान लें

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Waterlogged, Monsoon Rain, Kaam Ki Baat, Monsoon Problem
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com