विज्ञापन

पंजाब में सीएम मावां धीयां सत्कार योजना से 33 लाख महिलाओं के खाते में आए 1147 करोड़ रुपए, यूं करें अप्लाई

पंजाब सरकार ने 'मुख्यमंत्री मावां धीयां सत्कार योजना' में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के जरिए 33 लाख लाभार्थियों महिलाओं के बैंक खातों में 1147 करोड़ रुपये का अमाउंट सीधे ट्रांसफर किया है.

पंजाब में सीएम मावां धीयां सत्कार योजना से 33 लाख महिलाओं के खाते में आए 1147 करोड़ रुपए, यूं करें अप्लाई
पंजाब में मुख्यमंत्री मावां धीयां सत्कार योजना के जरिए लाखों महिलाओं की आर्थिक रुप से मदद की गई है.
NDTV

पंजाब की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए राज्य सरकार की 'मुख्यमंत्री मावां धीयां सत्कार योजना' की पहली किस्त जारी कर दी है. पंजाब सरकार ने अब तक इस योजना के जरिए राज्य की करीब 33 लाख लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर से सीधे 1147 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए हैं. अगर आप भी पंजाब की निवासी हैं और इस योजना का फायदा लेना चाहती हैं, तो इस खबर में योजना से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी आपको देते हैं, जैसे मुख्यमंत्री मावां धीयां सत्कार योजना क्या है? इसके लिए कहां से अप्लाई करें और नियम और शर्तें क्या है.

मुख्यमंत्री मावां धीयां सत्कार योजना में कितना मिलेगा पैसा?

इस योजना के जरिए पंजाब सरकार महिलाओं को फाइनेंशियली स्टेबिलिटी दे रही है. पहली किस्त में 25 जून 2026 तक रजिस्ट्रेशन कराने वाली महिलाओं को तीन महीने का इकठ्ठा पैसा दिया गया है. राज्य सरकार इसमें कैटेगरी के हिसाब से महिलाओं को फायदा दे रही है. अनुसूचित वर्ग की महिलाओं को 1,500 हर महीने के हिसाब से 3 महीने की किस्त मिलाकर कुल 4,500 ट्रांसफर किए हैं. वहीं दूसरी सभी वर्ग की महिलाओं को 1,000 रुपये प्रति महीने के हिसाब से 3 महीने की किस्त मिलाकर कुल 3,000 रुपये ट्रांसफर किए हैं.

कौन ले सकता है योजना का फायदा?

मुख्यमंत्री मावां धीयां सत्कार योजना का फायदा लेने के लिए कुछ नियम और शर्ते हैं. मसलन महिला का पंजाब का स्थायी निवासी होना जरूरी है. ये योजना राज्य की सभी महिलाओं, खासतौर पर आर्थिक रूप से कमजोर और SC वर्ग के लिए खुली है. महिला का खुद का बैंक अकाउंट होना चाहिए, जो आधार कार्ड से लिंक हो, जिससे डीबीटी के जरिए पैसा सीधे खाते में आ सके.

योजना के लिए कैसे अप्लाई करें?

पंजाब सरकार इस योजना के लिए रजिस्ट्रेशन का प्रोसेस बहुत ही आसान है.  दो तरीकों के जरिए इसमें रजिस्ट्रेशन महिलाएं करा सकती है. पहला आंगनवाड़ी केंद्र की मदद से और दूसरा ग्राम जागरूकता शिविर के जरिए. आंगनवाड़ी केंद्र के लिए महिलाएं सेंटर पर जाकर इस योजना का फॉर्म ले सकती हैं. आंगनवाड़ी कार्यकर्ता फॉर्म भरने और उसे जमा करने में आपकी पूरी मदद करेंगी.  ग्राम जागरूकता शिविर के जरिए सरकार गांवों में विशेष शिविर लगाती है, जहां जाकर मौके पर ही अपना रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है. फार्म के साथ आधार कार्ड, पंजाब का निवास प्रमाण पत्र, बैंक खाता पासबुक और अगर SC वर्ग से हैं तो कैटेगरी सर्टिफिकेट की जरूरत होगी.

क्या इस योजना के लिए कोई लास्ट डेट है?

मुख्यमंत्री मावां धीयां सत्कार योजना के लिए रजिस्ट्रेशन का प्रोसेस अभी के समय में पूरे पंजाब में जारी है. सरकार ने इसके लिए कोई डेडलाइन फिक्स नहीं की है. अब तक 66 लाख से ज्यादा महिलाएं अपना रजिस्ट्रेशन करा चुकी हैं. जिन महिलाओं का रजिस्ट्रेशन 25 जून 2026 के बाद हो रहा है, उन्हें अगले पेमेंट साइकिल में अमाउंट सीधे उनके बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी जाएगी. इसलिए बिना किसी देरी के जल्द से जल्द अपना एप्लीकेशन पूरा करें.

पेंशन के साथ भी मिलेगा इस योजना का फायदा

अमूमन महिलाओं के मन में ये सवाल होता है कि क्या इस योजना से जुड़ने के बाद उनकी पुरानी सरकारी पेंशन बंद हो जाएगी? पंजाब सरकार ने इस बात पूरी तरह साफ कर दिया है. महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि ये योजना पूरी तरह से एक अलग से सामाजिक सुरक्षा कवच है. जो महिलाएं पहले से ही विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन या वृद्धावस्था पेंशन का लाभ ले रही हैं, उनकी वो पेंशन चलती रहेगी. 

'ये योजना किसी वरदान से कम नहीं'

गुरदासपुर के मुस्तबा जट्टा गांव की रहने वाली कुलदीप कौर बताती हैं, "मैंने आज तक अपने हाथ में खुद की कमाई नहीं देखी थी. जब मोबाइल पर 4,500 रुपये क्रेडिट होने का मैसेज आया, तो मेरी खुशी का ठिकाना नहीं रहा. इससे मेरे पति और परिवार की नजरों में मेरा सम्मान और बढ़ गया है." वहीं धूरी की रहने वाली किरण कहती हैं कि उनके घर में कोई कमाने वाला नहीं है, ऐसे में राज्य सरकार की ये योजना उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है. वहीं मजदूर रीता ने कहा, "मोबाइल दी तूण-तूण ने साडी जिंदगी बणा दित्ती. यानी मोबाइल की टूं-टूं से हमारी जिंदगी बदल गई.

ये भी पढ़ें- मां-बाप की संपत्ति पर जन्मजात नहीं होता बच्चों का हक, इन 4 वजहों से छिन सकती है प्रॉपर्टी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Punjab CM, Punjab News Latest
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com