- मेहसाणा-बेचराजी-साबरमती MEMU ट्रेन शुरू की गई है.
- मेमू ट्रेन साबरमती-मेहसाणा के बीच 9 स्टेशनों पर रुकेगी.
- पीएम मोदी ने हरी झंडी दिखाकर मेमू ट्रेन को रवाना किया.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 30 अक्टूबर 2026 को उत्तर गुजरात के रेल यात्रियों बड़ा तोहफा दिया है. इसके तहत नई मेहसाणा-बेचराजी-साबरमती मेमू (MEMU) ट्रेन सेवा को शुरू किया गया है. लगभग 9 साल के लंबे अंतराल के बाद इस महत्वपूर्ण रेल मार्ग पर ट्रेन सेवा की वापसी हुई है, जिससे पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है. इस ट्रेन के शुरू होने से मेहसाणा, पाटण और आसपास के जिलों के यात्रियों को सुगम, सुरक्षित और किफायती रेल यात्रा की सुविधा मिलेगी.
इन प्रमुख स्टेशनों को जोड़ेगी नई रेल सेवा
मेहसाणा-बेचराजी-साबरमती मेमू ट्रेन उत्तर गुजरात के प्रमुख शहरों, औद्योगिक क्षेत्रों और धार्मिक स्थलों को आपस में जोड़ेगी. यात्रा के दौरान यह ट्रेन दोनों दिशाओं में 9 स्टेशनों पर ठहरेगी. इसमें साबरमती, चांदखेड़ा, कलोल, कड़ी, भोयाणी, कटोसन रोड, बेचराजी, चाणस्मा, रणुज और मेहसाणा शामिल है.
इस ट्रेन से किसे मिलेगा फायदा
मेहसाणा-बेचराजी-साबरमती मेमू ट्रेन सेवा विशेष रूप से रोजाना यात्रा करने वाले लोगों, कॉलेज छात्रों, नौकरीपेशा करने वाले लोगों, व्यापारियों और औद्योगिक कर्मचारियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी. इसके अलावा, प्रसिद्ध श्री बहुचर माता मंदिर (बेचराजी) जाने वाले श्रद्धालुओं को भी अब बड़ी सहूलियत मिलेगी.
मेहसाणा-बेचराजी-साबरमती मेमू ट्रेन टाइम टेबल
यात्रियों की सुविधा के लिए मेहसाणा-बेचराजी-साबरमती मेमू ट्रेन को सुबह और शाम दोनों समय यात्रा के लिए विकल्प दिए गए हैं.
सुबह की ट्रेन सेवा
साबरमती से मेहसाणा- साबरमती से सुबह 06:40 बजे प्रस्थान कर ट्रेन 08:05 बजे बेचराजी पहुंचेगी. इसके बाद बेचराजी से 08:07 बजे छूटकर यह ट्रेन 09:45 बजे मेहसाणा पहुंचेगी.
मेहसाणा से साबरमती- वापसी में मेहसाणा से शाम को 16:40 बजे रवाना होकर ट्रेन 17:49 बजे बेचराजी पहुंचेगी. वहां से 17:51 बजे चलकर यह रात 20:30 बजे साबरमती पहुंचेगी.
शाम की ट्रेन सेवा
साबरमती से मेहसाणा- साबरमती से शाम 17:05 बजे प्रस्थान कर ट्रेन 18:48 बजे बेचराजी पहुंचेगी. इसके बाद बेचराजी से 18:50 बजे रवाना होकर रात 20:25 बजे मेहसाणा पहुंचेगी.
मेहसाणा से साबरमती- वापसी में मेहसाणा से सुबह 07:05 बजे रवाना होकर ट्रेन 07:50 बजे बेचराजी पहुंचेगी और वहां से 07:52 बजे छूटकर सुबह 10:20 बजे साबरमती पहुंचेगी.
यह भी पढ़ें | दिवाली-छठ पर यूपी-बिहार के लिए कौन-कौन सी चलेगी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन, यहां देखें पूरी लिस्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं