विज्ञापन

LPG संकट के बीच सरकार का बड़ा कदम: इंडक्शन स्टोव के नियमों में राहत, अब 2027 से लागू होंगे नए नियम

इंडक्शन स्टोव के लिए लागू होने वाले स्टार लेबलिंग नियमों की तारीख 6 महीने आगे बढ़ा दी है. पहले ये नियम 1 जुलाई 2026 से लागू होने थे, लेकिन अब ये 1 जनवरी 2027 से लागू होंगे. इससे कंपनियों और ग्राहकों दोनों को तैयारी का ज्यादा समय मिल जाएगा.

LPG संकट के बीच सरकार का बड़ा कदम: इंडक्शन स्टोव के नियमों में राहत, अब 2027 से लागू होंगे नए नियम
इंडक्शन स्टोव नियमों में ढील

देश में LPG गैस की सप्लाई पर बढ़ते दबाव के बीच सरकार ने आम लोगों को राहत देने वाला अहम फैसला लिया है. कुकिंग गैस की कमी और अंतरराष्ट्रीय हालात को देखते हुए सरकार अब इलेक्ट्रिक कुकिंग को तेजी से बढ़ावा देना चाहती है. इसी को ध्यान में रखते हुए इंडक्शन स्टोव से जुड़े सख्त नियमों को फिलहाल 6 महीने के लिए टाल दिया गया है. पावर मंत्रालय के मुताबिक, इंडक्शन स्टोव पर लागू होने वाले स्टार लेबलिंग नियम अब 1 जुलाई 2026 की बजाय 1 जनवरी 2027 से लागू होंगे. इस फैसले से कंपनियों को अपने प्रोडक्ट्स को नए मानकों के अनुसार तैयार करने के लिए ज्यादा समय मिलेगा, साथ ही ग्राहकों को भी बेहतर ऑप्शन मिल सकेंगे.

गौरतलब है कि पश्चिम एशिया में चल रहे संकट के कारण गैस की उपलब्धता प्रभावित हुई है. ऐसे में सरकार चाहती है कि लोग गैस के बजाय बिजली से खाना बनाने के विकल्प अपनाएं. इंडक्शन स्टोव (Induction Cooktop) इसी का एक आसान और सुरक्षित तरीका है.

स्टार लेबलिंग क्या होती है?

स्टार लेबलिंग एक सिस्टम है जिसमें इलेक्ट्रिक उपकरणों को उनकी बिजली खपत के हिसाब से रेटिंग दी जाती है. ज्यादा स्टार का मतलब होता है कि वो उपकरण कम बिजली खर्च करता है. वहीं, अगर किसी उपकरण पर कम स्टार हैं, तो इसका मतलब है कि वो ज्यादा बिजली खर्च करता है. इससे लोगों को समझ आता है कि कौन सा प्रोडक्ट ज्यादा किफायती है.

यह भी पढ़ें- YEIDA Plot Scheme 2026: नोएडा एयरपोर्ट के पास सस्ते प्लॉट खरीदने का मौका, जानें कीमत, साइज और आवेदन प्रक्रिया

इंडक्शन स्टोव कैसे काम करता है?

इंडक्शन स्टोव के अंदर एक खास तरह की कॉइल होती है. जब उस पर कोई धातु का बर्तन रखा जाता है, तो यह कॉइल बिजली के जरिए सीधे बर्तन को गर्म करती है. इसमें गैस की तरह आग नहीं जलती. सबसे खास बात यह है कि जब तक बर्तन नहीं रखा जाता, तब तक स्टोव ठंडा रहता है, जिससे यह काफी सुरक्षित होता है.

इंडक्शन स्टोव के फायदे
  • कम बिजली की खपत
  • खाना जल्दी तैयार होता है
  • गैस के मुकाबले ज्यादा सुरक्षित
  • साफ करना बहुत आसान
  • किचन में धुआं और गर्मी कम फैलती है

सरकार का यह कदम लोगों को राहत देने के साथ-साथ भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर लिया गया है. आने वाले समय में इंडक्शन स्टोव का इस्तेमाल तेजी से बढ़ सकता है और यह कुकिंग का एक नया सामान्य तरीका बन सकता है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com