विज्ञापन

साईंं भक्तों के लिए सौगात: पुणे-शिरडी के बीच डायरेक्ट ट्रेन, जानिए रूट और शिरडी के बारे में डिटेल

साईं भक्तों के लिए खुशखबरी. पुणे से शिरडी तक पहली डायरेक्ट डेली ट्रेन शुरू हो रही है. केवल शिरडी के साईं बाबा मंदिर ही नहीं बल्कि शनि शिंगणापुर जाना भी होगा आसान. जानिए कहां-कहां ट्रेन ठहरेगी. शिरडी के आसपास क्या-क्या देख सकते हैं, यह भी जानें.

साईंं भक्तों के लिए सौगात: पुणे-शिरडी के बीच डायरेक्ट ट्रेन, जानिए रूट और शिरडी के बारे में डिटेल
भारतीय रेल की प्रतीकात्मक तस्वीर
ANI
  • रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव बुधवार को नई एक्सप्रेस ट्रेन पुणे-साईंनगर शिरडी को हरी झंडी दिखा कर रवाना करेंगे.
  • ट्रेन शनि शिंगणापुर होते हुए शिरडी पहुंचेगी. यानी पुणे और इस रूट के अन्य शहरों के लोगों को मिलेगा दोहरा फायदा.
  • शिरडी में हर दिन हजारों और सालभर में एक करोड़ से अधिक श्रद्धालु श्री साईं बाबा के दर्शन करने पहुंचते हैं.

शिरडी के लिए ट्रेन से सफर करने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक खुशखबरी है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव 17 जून को पुणे रेलवे स्टेशन से एक नई एक्सप्रेस ट्रेन पुणे-साईंनगर शिरडी को हरी झंडी दिखा कर रवाना करेंगे. यह पुणे से साईंनगर शिरडी के बीच पहली दैनिक रेल सेवा होगी, जिसकी मांग लंबे समय से की जा रही थी. करीब ढाई सौ किलोमीटर दूर, महाराष्ट्र के इन दो महत्वपूर्ण शहरों के बीच रेल संपर्क के इस नए अध्याय से केवल धार्मिक पर्यटन ही नहीं, बल्कि स्थानीय व्यापार और अन्य कामों के लिए आने-जाने में भी सुधार की उम्मीद जागी है. बता दें कि हफ्ते में चार दिन चलने वाली दादर-साईंनगर एक्सप्रेस ट्रेन  अब तक पुणे से साईं नगर शिरडी जाने के लिए एक मात्र ट्रेन है. इस नई ट्रेन के शुरू होने से शिरडी जाने के लिए पुणे से दो ट्रेनें हो जाएंगी.  

पुणे महाराष्ट्र का प्रमुख शैक्षणिक, आईटी और ऑटोमोबाइल केंद्र माना जाता है. शहर में कई प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान, अनुसंधान केंद्र, हिंजवाड़ी आईटी पार्क और चाकन ऑटो क्लस्टर मौजूद हैं. यही वजह है कि देशभर से छात्र, पेशेवर और कारोबारी यहां आते हैं. इसके अलावा शनिवार वाडा, आगा खान पैलेस और लोनावला-महाबलेश्वर जैसे पर्यटन स्थलों की नजदीकी भी पुणे को खास बनाती है.

Photo Credit: NDTV

वहीं साईंनगर शिरडी, महाराष्ट्र के नासिक डिवीजन के अहिल्यानगर जिले में स्थित देश के सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों में से एक है. यहां श्री साईंबाबा की समाधि स्थित है. हर साल देश और विदेश से यहां एक करोड़ से अधिक श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए पहुंचते हैं. साईंबाबा संस्थान के मुताबिक सामान्य दिनों में औसतन करीब 25 हजार श्रद्धालु दर्शन करते हैं. त्योहारों के दौरान यह संख्या एक लाख प्रतिदिन से भी अधिक हो जाती है. वहीं सालाना श्रद्धालुओं की संख्या 1 से सवा करोड़ तक पहुंच जाती है.

श्री साईं बाबा ट्रस्ट के रिकॉर्ड के मुताबिक यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है. इस साल जनवरी के शुरुआती आठ दिनों में 8 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने श्री साईं बाबा के दर्शन किए. वहीं मार्च के अंत में रामनवमी के दौरान भी करीब ढाई लाख श्रद्धालु दर्शन करने मंदिर पहुंचे थे.

Photo Credit: ANI

पुणे-साईंनगर शिरडी एक्सप्रेस से क्या होगा फायदा?

नई ट्रेन सेवा शुरू होने के बाद पुणे से शिरडी जाने वाले यात्रियों को पहली बार सीधी दैनिक रेल सुविधा मिलेगी. सबसे बड़ा लाभ साईंबाबा मंदिर में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं को होगा. खासकर वरिष्ठ नागरिकों, परिवारों और समूह में यात्रा करने वाले लोगों को अब सड़क यात्रा की तुलना में अधिक सुरक्षित, आरामदायक और किफायती विकल्प मिलेगा. साथ ही शिरडी और अहिल्यानगर क्षेत्र के लोगों को पुणे की शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच आसान होगी.

रेलवे का मानना है कि इससे शिरडी के आसपास होटल, टैक्सी, स्थानीय दुकानदारों और छोटे कारोबारियों को भी फायदा मिलेगा और धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी.

ये भी पढ़ें: ट्रेन टिकट बुकिंग होगी तेज और आसान, 15 जुलाई से IRCTC की नई वेबसाइट, छात्रा ने दिए थे सुझाव

shani shingnapur

शनि शिंगणापुर
Photo Credit: NDTV

पुणे के साथ और किन जगहों को मिलेगा नई ट्रेन का फायदा?

नई ट्रेन पुणे-साईंनगर शिरडी एक्सप्रेस कई महत्वपूर्ण स्टेशनों से होकर गुजरेगी.

दौंड कॉर्ड केबिनः यह पुणे-दौंड लाइन और दौंड-मनमाड लाइन के बीच बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा.

श्रीगोंडाः इससे यहां के किसानों, व्यापारियों और छात्रों को तेज और सस्ती यात्रा की सुविधा मिलेगी.

अहिल्यानगरः इसी जिले में शिरडी साईं मंदिर पड़ता है. यह धार्मिक के अलावा महाराष्ट्र का महत्वपूर्ण प्रशासनिक, सैन्य और व्यावसायिक केंद्र भी है, जहां हजारों यात्री रोज आते-जाते हैं.

राहुरीः यहां स्थित महात्मा फुले कृषि विद्यापीठ राज्य का प्रमुख कृषि विश्वविद्यालय है. ट्रेन रुकने से छात्रों, वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और किसानों को विशेष लाभ मिलेगा.

बेलापुरः इसे चीनी उद्योग और शनि शिंगणापुर मंदिर का प्रमुख प्रवेश द्वार भी माना जाता है. यानी एक ही ट्रेन से लोग शिरडी के साथ-साथ शनि शिगणापुर भी जा सकेंगे.

रेलवे के अनुसार इस ट्रेन के शुरू होने से कनेक्टिविटी बढ़ेगी, व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा यात्रियों की सुविधा में उल्लेखनीय सुधार होगा.

ये भी पढ़ें: सीता के जन्मस्थान जनकपुर से राम नगरी अयोध्या तक चलेगी ट्रेन, यूपी, बिहार से नेपाल तक जाएगा सर्किट

Shirdi ke Sai Baba

Photo Credit: ANI

किन शहरों से है शिरडी के लिए ट्रेन सेवाएं?

शिरडी रेलवे स्टेशन देश के कई बड़े शहरों से सीधे जुड़ा हुआ है. समय-समय पर रेलवे शेड्यूल बदल सकता है, लेकिन यहां के लिए देश के प्रमुख शहरों दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, हैदराबाद, बेंगलुरु और अन्य कई शहरों से ट्रेन सेवाएं मौजूद हैं.

नई दिल्ली - साईंनगर शिरडी सुपरफास्ट एक्सप्रेस
मुंबई - साईंनगर शिरडी वंदे भारत एक्सप्रेस
चेन्नई - साईंनगर शिरडी एक्सप्रेस
हैदराबाद - साईंनगर शिरडी एक्सप्रेस
बेंगलुरु - साईंनगर शिरडी एक्सप्रेस
मैसूर - साईंनगर शिरडी हमसफर एक्सप्रेस
जयपुर - साईंनगर शिरडी सुपरफास्ट सेवा
विशाखापट्टनम - साईंनगर शिरडी एक्सप्रेस
तिरुपति - साईंनगर शिरडी ट्रेन सेवा

Si Baba Mandir

महाराष्ट्र के शिरडी स्थित श्री साईं बाबा मंदिर
Photo Credit: Maharashtra Tourism

शिरडी जाने का सबसे अच्छा समय कौन सा है?

शिरडी पूरे साल जाया जा सकता है. हालांकि यहां राम नवमी, गुरु पूर्णिमा, विजयादशमी (साईंबाबा महासमाधि दिवस), क्रिसमस और न्यू ईयर और साईंबाबा के विशेष दिन माने जाने वाले हफ्ते के गुरुवार को अधिक श्रद्धालु पहुंचते हैं. ऐसे में अगर आप कम भीड़ में दर्शन करना चाहते हैं तो जुलाई-सितंबर के मानसून महीनों या सामान्य सप्ताह के दिनों में यहां आ सकते हैं.

ये भी पढ़ें: मंदिर में देवी-देवताओं की क्यों लगाई जाती है परिक्रमा, जानें इससे जुड़े सभी जरूरी नियम

ये भी जानें-

प्रश्न: शिरडी का सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन कौन सा है?
साईंनगर शिरडी रेलवे स्टेशन ही मंदिर के सबसे नजदीक है.

प्रश्न: शिरडी मंदिर में दर्शन के लिए कितना समय लगता है?
सामान्य दिनों में 1 से 3 घंटे. त्योहारों और छुट्टियों में इंतजार कई घंटे तक पहुंच सकता है.

प्रश्न: क्या VIP दर्शन की सुविधा उपलब्ध है?
हां. संस्थान द्वारा विशेष दर्शन पास की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है.

प्रश्न: शिरडी में एक दिन में कितने श्रद्धालु आते हैं?
सामान्य दिनों में लगभग 25 हजार और त्योहारों में 1 लाख से अधिक श्रद्धालु हर दिन आते हैं.

प्रश्न: शिरडी के आसपास कौन-कौन से प्रमुख धार्मिक स्थल हैं?
शनि शिंगणापुर, त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग, नासिक पंचवटी,  राहाता क्षेत्र के कई प्राचीन मंदिर. इसके अलावा आप गार्गोटी मिनरल म्यूजियम भी जा सकते हैं.

ये भी पढ़ें: Shirdi Sai Baba: शिरडी वाले साईं बाबा के 11 वचन, जो भक्तों को आज भी उनके दर पर खींच लाते हैं

लेखक के बारे में
img
पल्लव मिश्रा
Correspondent
रेलवे, नागरिक उड्डयन और स्वास्थ्य मंत्रालय की अच्छी समझ रखने वाले पल्लव मिश्रा इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्र रहें है. फिलहाल वह एनडीटीवी इंडिया के न... और पढ़ें
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Shirdi Sai Baba, Shirdi Sai Baba Ka Mandir, IRCTC, New Train Announcement, Shirdi Ke Sai Baba
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com