- गोरखपुर-वाराणसी के बीच नॉन स्टॉप मेमू ट्रेन चलेगी.
- साढ़े चार घंटे में गोरखपुर से वाराणसी का होगा सफर.
- जल्द ही संचालन की तारीखों का ऐलान किया जा सकता है.
Gorakhpur-Varanasi Non-stop MEMU: गोरखपुर से वाराणसी के बीच सफर करने वाले राजोना यात्रियों और आम लोगों के लिए जल्द ही एक बड़ी राहत मिल सकती है. पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल ने जोन मुख्यालय को गोरखपुर से बनारस सिटी के बीच एक नॉन-स्टॉप मेमू (MEMU) ट्रेन चलाने का आधिकारिक प्रस्ताव भेजा है. इस प्रस्ताव पर रेलवे मुख्यालय स्तर पर विचार शुरू कर दिया गया है. इस रूट पर ट्रेनों की स्थिति और यात्रियों की संख्या जैसी अहम जानकारियां मांगी गई है.
क्या होगी इस MEMU ट्रेन की खासियत?
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, नॉन-स्टॉप मेमू ट्रेन के संचालित होने की वजह से गोरखपुर से बनारस की दूरी तय करने में मात्र साढ़े चार घंटे का समय लगेगा. वर्तमान में इस रूट पर छह ट्रेनें संचालित हो रही हैं, लेकिन ऐसी कोई भी ट्रेन उपलब्ध नहीं है जो सुबह गोरखपुर से चलकर बनारस जाए और उसी दिन देर रात तक वापस लौट सके. इसी कमी को दूर करने और यात्रियों की रोजाना की परेशानी को खत्म करने के लिए यह विशेष मेमू ट्रेन चलाने का विचार किया गया है.
इसके अलावा बाराबंकी से लखनऊ के बीच ट्रेन को आउटर पर रोकने की समस्या भी खत्म करने का बड़ा कदम उठाया है. इसके लिए मल्हौरा से दिलकुशा केबिन तक तीसरी रेल लाइन बिछाने की योजना को मंजूरी दी गई है.
मुख्यालय ने मांगी विस्तृत रिपोर्ट
वाराणसी मंडल से मिले इस प्रस्ताव के बाद रेलवे जोन मुख्यालय ने मंडल प्रशासन से इस रूट पर सफर करने वाले यात्रियों की मौजूदा संख्या, ट्रेनों की स्थिति और अन्य जरूरी तकनीकी आंकड़ों की रिपोर्ट मांगी है. रिपोर्ट मिलने और उच्च स्तर पर हरी झंडी मिलने के बाद इस नॉन-स्टॉप मेमू ट्रेन के संचालन की तारीखों का ऐलान किया जा सकता है, जिससे पूर्वांचल के इस व्यस्त रेल रूट पर यात्रियों का का सफर आसान हो जाएगा.
यह भी पढ़ें | नई दिल्ली-गाजियाबाद EMU का अलीगढ़ तक विस्तार, दादरी-दनकौर-खुर्जा-सोमना समेत 15 स्टॉपेज बढ़ाए गए
यह भी पढ़ें | फरीदाबाद-दिल्ली मेमू ट्रेन की शुरुआत, ओखला-हजरत निजामुद्दीन-तिलक ब्रिज समेत 7 स्टॉपेज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं