जम्मू-कश्मीर में पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बेहतर और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए सरकार एक बड़ा कदम उठाने जा रही है. राज्य में ई-बसों की संख्या को दोगुना करने की तैयारी है. इसके तहत श्रीनगर और जम्मू शहरों में 200 नई स्मार्ट इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जाएगी. इन बसों की मांग हाल के दिनों में तेजी से बढ़ी है, क्योंकि लोग अब साफ-सुथरे और प्रदूषण मुक्त सफर को प्राथमिकता दे रहे हैं. ऐसे में इन नई इलेक्ट्रिक बसों के आने से शहर में पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा मिलेगा.
महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा जारी रहेगी
सरकार की ओर से महिलाओं को दी जा रही मुफ्त बस सेवा इस योजना के साथ आगे भी जारी रहेगी. अधिकारियों के अनुसार, स्मार्ट बसों और अन्य सरकारी बसों में महिलाओं को पहले की तरह ही मुफ्त सफर की सुविधा मिलती रहेगी. यह योजना महिलाओं के सशक्तिकरण और उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखकर लागू की गई है.
ग्रामीण और पर्यटन क्षेत्रों को भी मिलेगा लाभ
नई ई-बसों के शामिल होने के बाद सिर्फ शहर ही नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों और पर्यटन स्थलों को भी इस सेवा से जोड़ा जाएगा. इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी बेहतर यात्रा सुविधा मिलेगी. ई-बसें पारंपरिक बसों की तुलना में ज्यादा शांत, साफ और आरामदायक होती हैं, जिससे सफर का अनुभव बेहतर होता है.
आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगी बसें
पहले से चल रही ई-बसों की तरह नई बसों में भी कई आधुनिक सुविधाएं होंगी. इनमें एयर कंडीशनिंग, GPS ट्रैकिंग और स्मार्ट टिकटिंग सिस्टम शामिल हैं. इन सुविधाओं से यात्रियों को सुरक्षित और भरोसेमंद सेवा मिलती है.
पुरानी बसों की जगह लेंगी नई ई-बसें
परिवहन विभाग भविष्य में पारंपरिक बसों को हटाकर उनकी जगह ई-बसों को लाने की योजना बना रहा है. इसके लिए अलग से और बसें खरीदने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है. अधिकारियों का मानना है कि इससे जम्मू-कश्मीर का परिवहन सिस्टम पूरी तरह बदल जाएगा.
यह भी पढ़ें:- जुलाई में निकलेगा ATM से PF का पैसा, जानिए PF Withdrawal के नए नियम और प्रोसेस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं