WhatsApp अब अपने यूजर्स के लिए एक ऐसा नया फीचर लाने की तैयारी कर रहा है, जिससे स्पैम मैसेज और बेकार नोटिफिकेशन से राहत मिल सकती है. खासकर बिजनेस अकाउंट्स से आने वाले ऑफर और अपडेट्स कई बार इनबॉक्स को भर देते हैं. इसी समस्या को हल करने के लिए कंपनी एक नया चैट फिल्टरिंग फीचर पर काम कर रही है.

कैसे काम करेगा यह बिजनेस चैट फिल्टर?
रिपोर्ट्स के अनुसार, यह नया फीचर खास तौर पर एंड्रॉयड यूजर्स के लिए डिजाइन किया जा रहा है. इस फीचर के जरिए WhatsApp अपने आप बिजनेस चैट्स को अलग सेक्शन में डाल देगा. यानी जो मैसेज बिजनेस अकाउंट्स से आते हैं, वे कुछ समय बाद आपके मेन इनबॉक्स से हटकर एक अलग लिस्ट में चले जाएंगे. इससे आपका चैट बॉक्स साफ-सुथरा रहेगा और जरूरी पर्सनल मैसेज आसानी से दिखाई देंगे.
कब तक आएगा यह फीचर?
फिलहाल यह फीचर अभी डेवलपमेंट स्टेज में है और अभी तक बीटा वर्जन में भी उपलब्ध नहीं है. लेकिन उम्मीद की जा रही है कि आने वाले अपडेट्स में इसे लॉन्च किया जा सकता है. एक रिपोर्ट के मुताबिक, जब यह फीचर एक्टिव होगा तो बिजनेस मैसेज 24 घंटे के बाद अपने आप अलग सेक्शन में शिफ्ट हो सकते हैं.
इससे उन लोगों को काफी फायदा होगा जो हर दिन कई प्रमोशनल मैसेज से परेशान रहते हैं और हर नोटिफिकेशन पर ध्यान देना मुश्किल हो जाता है.
ये भी पढ़ें - Instagram Reel को वायरल बनाने के 6 सीक्रेट, जो हर कंटेंट क्रिएटर के मिनटों में बढ़ा देंगे Views
WhatsApp के दूसरे नए अपडेट्स भी खास
WhatsApp सिर्फ यही नहीं, बल्कि कई और नए फीचर्स पर भी काम कर रहा है. हाल ही में कंपनी ने एक यूजरनेम फीचर पर काम शुरू किया है, जिससे लोग बिना अपना फोन नंबर शेयर किए भी एक-दूसरे से जुड़ सकेंगे. यह फीचर यूजर्स की प्राइवेसी को और मजबूत बनाएगा.
इसके अलावा, WhatsApp वॉयस और वीडियो कॉल के लिए एक नया नॉइज कैंसलेशन फीचर भी टेस्ट कर रहा है. यह फीचर आसपास के शोर जैसे ट्रैफिक, हवा या बैकग्राउंड की आवाज को कम करके आपकी आवाज को साफ तरीके से सामने वाले तक पहुंचाने में मदद करेगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं