फोटो, वीडियो और टेक्स्ट के बाद अब Google Gemini ने म्यूज़िक फीचर भी जोड़ दिया है. अब आप अपने मूड, आइडिया या किसी फोटो और वीडियो के आधार पर खुद का गाना तैयार कर सकते हैं. इस फीचर को Google के एडवांस्ड मॉडल Lyria 3 से पावर दिया गया है, जिसे Google DeepMind ने बनाया है. यह नया सिस्टम सिर्फ एक टेक्स्ट प्रॉम्प्ट लिखने पर 30 सेकंड का ओरिजिनल म्यूजिक ट्रैक तैयार कर देता है. खास बात यह है कि आपको अलग से लिरिक्स अपलोड करने की जरूरत नहीं है. सिस्टम खुद ही बोल लिख देता है और म्यूजिक के साथ जोड़ देता है.

सिर्फ गाना ही नहीं बल्कि Gemini ऐप में यह फीचर यूजर को स्टाइल, टेम्पो और वोकल फील जैसे एलिमेंट्स को भी एडजस्ट करने देता है. इससे गाने को अपनी पसंद के अनुसार ढालना आसान हो जाता है. Google के मुताबिक, Lyria 3 पहले के म्यूजिक मॉडल्स से ज्यादा रियलिस्टिक और एक्सप्रेसिव कंपोजिशन तैयार करता है. यानी आपको ज्यादा प्रोफेशनल और नैचुरल साउंड वाला ट्रैक मिलता है. इस फीचर के बारे में Google का कहना है कि यह टूल प्रोफेशनल म्यूजिक प्रोडक्शन को रिप्लेस करने के लिए नहीं है, बल्कि इसे मजेदार और पर्सनलाइज्ड साउंडट्रैक बनाने के लिए डिजाइन किया गया है.
Google ने इस फीचर को 19 फरवरी 2026 से रोलआउट करना शुरू कर दिया है. शुरुआत में यह डेस्कटॉप यूज़र्स के लिए उपलब्ध होगा और कुछ दिनों बाद मोबाइल पर भी आएगा. यह सुविधा सिर्फ 18 साल या उससे अधिक उम्र के Gemini यूजर्स के लिए होगी. फिलहाल यह आठ भाषाओं में उपलब्ध है, जिनमें अंग्रेजी, हिंदी, जर्मन, स्पेनिश, फ्रेंच, जापानी, कोरियन और पुर्तगाली शामिल हैं.
जो यूज़र Google AI Plus, Google AI Pro और Google AI Ultra प्लान के सब्सक्राइबर हैं, उन्हें ज्यादा इस्तेमाल की लिमिट मिलेगी यानी वे ज्यादा गाने बना सकेंगे.
Google ने यह भी बताया है कि Lyria 3 को YouTube पर Dream Track फीचर के जरिए भी उपलब्ध कराया जाएगा. इससे कंटेंट क्रिएटर्स अपने वीडियो के लिए आसानी से बैकग्राउंड म्यूजिक बना सकेंगे, बिना किसी थर्ड-पार्टी लाइसेंस की चिंता के. यह फीचर पहले अमेरिका में शुरू हुआ था, लेकिन अब इसे दुनिया भर में बढ़ाया जा रहा है.
Google ने साफ किया है कि Lyria 3 का मकसद ओरिजिनल क्रिएशन को बढ़ावा देना है. अगर कोई यूज़र किसी मशहूर सिंगर या म्यूज़िशियन का नाम लिखता है, तो सिस्टम उसे केवल इंस्पिरेशन के तौर पर लेगा, न कि उस कलाकार की आवाज या स्टाइल की नकल करेगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं