MacBook Neo और iPhone 17eApple की बिक्री भारत में शुरू हो गई है. इस लिस्ट में अपडेटेड MacBook Air और MacBook Pro मॉडल, iPad Air और नया Studio Display भी शामिल हैं. ग्राहक इन सभी डिवाइस को Apple के रिटेल स्टोर, कंपनी की ऑफिशियल वेबसाइट और Apple Store ऐप के जरिए खरीद सकते हैं.
iPhone 17e की कीमत और फीचर्स
iPhone 17 सीरीज़ का लेटेस्ट फोन है iPhone 17e, जिसकी भारत में शुरुआती कीमत लगभग 64,900 रुपये रखी गई है और यह 256GB स्टोरेज मॉडल से शुरू होता है. इस फोन में Apple का नया A19 चिप दिया गया है जो बेहतर स्पीड और परफॉर्मेंस देता है. इसमें 48-मेगापिक्सल का फ्यूजन कैमरा सिस्टम दिया गया है जिससे शानदार फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग की जा सकती है. इसके साथ ही इसमें MagSafe वायरलेस चार्जिंग का सपोर्ट भी मिलता है. यह स्मार्टफोन ब्लैक, व्हाइट और सॉफ्ट पिंक रंगों में आता है.

MacBook Neo की कीमत और फीचर्स
नई लाइनअप में सबसे ज्यादा चर्चा MacBook Neo की हो रही है क्योंकि यह Apple का अब तक का सबसे किफायती लैपटॉप है. भारत में इसकी शुरुआती कीमत लगभग 69,900 रुपये रखी गई है. यह लैपटॉप रोजमर्रा के काम जैसे इंटरनेट ब्राउज़िंग, वीडियो स्ट्रीमिंग और फोटो एडिटिंग के लिए बनाया गया है. इसमें Apple का अपना सिलिकॉन प्रोसेसर लगाया गया है, जो बेहतर परफॉर्मेंस देता है. खास बात यह है कि इसका डिजाइन फैनलेस है, यानी लैपटॉप बिल्कुल शांत तरीके से काम करता है और इसमें पंखा नहीं होता.
MacBook Neo में 13-इंच का लिक्विड रेटिना डिस्प्ले, 1080p FaceTime HD कैमरा, ड्यूल माइक्रोफोन और लगभग 16 घंटे तक चलने वाली बैटरी दी गई है. इसका एल्यूमीनियम बॉडी डिजाइन चार रंगों में उपलब्ध है - ब्लश, इंडिगो, सिल्वर और सिट्रस.
M5 MacBook Air और MacBook Pro में खास
Apple ने अपने लैपटॉप लाइनअप में भी बड़ा अपडेट किया है. कंपनी ने MacBook Air को नए Apple M5 चिप के साथ लॉन्च किया है. भारत में इसकी शुरुआती कीमत लगभग 1,19,900 रुपये है. यह लैपटॉप 13-इंच और 15-इंच दोनों साइज में आता है. नया M5 चिप तेज CPU परफॉर्मेंस और नई पीढ़ी के GPU के साथ आता है, जिससे क्रिएटिव काम, वीडियो एडिटिंग और AI टास्क तेजी से पूरे किए जा सकते हैं. Apple ने इस मॉडल में बेस स्टोरेज भी बढ़ाकर 512GB कर दी है.
इसके अलावा कंपनी ने MacBook Pro के नए मॉडल भी पेश किए हैं जिनमें M5 Pro और M5 Max प्रोसेसर दिए गए हैं. इन लैपटॉप्स की शुरुआती कीमत भारत में लगभग 1,89,900 रुपये है. Apple का कहना है कि नए चिप्स में पहले से ज्यादा तेज CPU कोर और बेहतर GPU दिया गया है, जिससे AI से जुड़े काम कई गुना तेज हो जाते हैं.

iPad Air और Studio Display भी हुए अपडेट
Apple ने अपने टैबलेट लाइनअप को भी अपडेट किया है. नया iPad Air अब Apple M4 चिप के साथ आता है. भारत में इसकी शुरुआती कीमत लगभग 64,900 रुपये है. यह 11-इंच और 13-इंच दोनों साइज में उपलब्ध है और वीडियो एडिटिंग, गेमिंग और AI से जुड़े कामों के लिए डिजाइन किया गया है.
इसके अलावा कंपनी ने अपने Studio Display लाइनअप को भी अपडेट किया है. इसका स्टैंडर्ड मॉडल भारत में लगभग 1,89,900 रुपये से शुरू होता है, जबकि प्रोफेशनल क्रिएटिव काम के लिए बनाया गया Studio Display XDR लगभग 3,99,900 रुपये से शुरू होता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं