Apple ने अपना अब तक का सबसे किफायती दाम वाला लैपटॉप MacBook Neo लॉन्च कर दिया है. यह पहली बार है जब कंपनी ने खास तौर पर बजट ग्राहकों को ध्यान में रखते हुए MacBook तैयार किया है. अब तक एंट्री-लेवल MacBook या MacBook Air की शुरुआती कीमत 1,19,900 रुपये होती थी, लेकिन नया MacBook Neo सिर्फ 69,900 रुपये से शुरू होता है.

इस बार मैकबुक की कम कीमत की वजह Apple का एजुकेशन सेक्टर में अपनी पकड़ मजबूत करना है, जहां अब तक Asus, HP और अन्य कंपनियों के सस्ते Windows लैपटॉप और Chromebooks का दबदबा रहा है. लेकिन कम कीमत के बावजूद Apple ने डिजाइन में कोई बड़ी कटौती नहीं की है. MacBook Neo में रीसायकल एल्यूमिनियम बॉडी दी गई है, जो मजबूत और प्रीमियम फील देती है. इसका डिजाइन फैनलेस है, यानी इसमें कूलिंग फैन नहीं है, ठीक MacBook Air की तरह.
यह लैपटॉप 13 इंच की Liquid Retina डिस्प्ले के साथ आता है, जिसका रिजॉल्यूशन 2408x1506 पिक्सल और 500 निट्स पीक ब्राइटनेस है. हालांकि लागत कम रखने के लिए इसमें ProMotion हाई रिफ्रेश रेट सपोर्ट नहीं दिया गया है, जो महंगे मॉडल्स में मिलता है.
MacBook Neo को आकर्षक रंगों में पेश किया गया है जैसे इंडिगो, सिटरस और ब्लश, साथ ही क्लासिक सिल्वर ऑप्शन भी मौजूद है.

MacBook Neo का प्रोसेसर और परफॉर्मेंस
MacBook Neo में पहली बार M-सीरीज चिप की जगह A18 Pro चिप दी गई है, जो कि iPhone 16 Pro में इस्तेमाल होती है. इस चिप में 6-कोर CPU है, जिसमें 2 परफॉर्मेंस कोर और 4 एफिशिएंसी कोर शामिल हैं, साथ ही 5-कोर GPU भी मिलता है.
इसमें 8GB रैम दी गई है और स्टोरेज 256GB से शुरू होकर 512GB तक जाती है. लैपटॉप में 36.5Wh बैटरी है, जो एक बार चार्ज करने पर 16 घंटे तक वीडियो स्ट्रीमिंग का दावा करती है. बॉक्स में 20W का चार्जर भी दिया गया है.
MacBook Neo में नॉन-बैकलिट कीबोर्ड दिया गया है, यानी कीबोर्ड में लाइट नहीं है. इसमें केवल दो USB-C पोर्ट दिए गए हैं और MagSafe चार्जिंग पोर्ट नहीं मिलता. कैमरा HD क्वालिटी का है और इसमें दो स्पीकर दिए गए हैं, जबकि MacBook Air में 12MP कैमरा और चार स्पीकर मिलते हैं. Touch ID फीचर उपलब्ध है, लेकिन यह केवल 512GB स्टोरेज वाले वेरिएंट में मिलेगा.

MacBook Neo की भारत में कीमत
भारत में MacBook Neo की शुरुआती कीमत 69,900 रुपये है, जिसमें 256GB स्टोरेज मिलता है. 512GB वेरिएंट की कीमत 79,900 रुपये रखी गई है. यह लैपटॉप Apple की ऑफिशियल वेबसाइट पर प्री-ऑर्डर के लिए उपलब्ध है और 11 मार्च 2026 से बिक्री के लिए मिलेगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं