विज्ञापन

Apple का बड़ा धमाका: भारत में लॉन्च हुआ सबसे सस्ता iPhone 17e और नया iPad Air, जानें कीमत और शानदार फीचर्स

इस बार ऐप्पल ने यूजर्स की जरूरत को समझते हुए बेस मॉडल का स्टोरेज दोगुना कर दिया है. अब यह फोन 256GB से शुरू होता है, जबकि पिछले साल यह 128GB था.

Apple का बड़ा धमाका: भारत में लॉन्च हुआ सबसे सस्ता iPhone 17e और नया iPad Air, जानें कीमत और शानदार फीचर्स
iPhone 17e price in India: खास बात यह है कि इस सस्ते आईफोन में भी अब आपको Action Button और Apple Intelligence फीचर्स का सपोर्ट मिलेगा.
नई दिल्ली:

ऐप्पल लवर्स के लिए अच्छी खबर है. कंपनी ने भारत में अपनी नई आईफोन 17 सीरीज का सबसे सस्ता मॉडल iPhone 17e और पावरफुल iPad Air M4 लॉन्च कर दिया है. अगर आप कम बजट में ऐप्पल का लेटेस्ट फोन लेना चाहते हैं, तो यह खबर आपके लिए ही है.

iPhone 17e: कम कीमत में दमदार फीचर्स

ऐप्पल ने पिछले साल के आईफोन 16e के बाद अब नया iPhone 17e पेश किया है. इस फोन की सबसे बड़ी खासियत इसका नया A19 चिपसेट है, जो इसे पहले से कहीं ज्यादा फास्ट बनाता है. इसमें 6.1-इंच की OLED स्क्रीन दी गई है. हालांकि कंपनी ने इसमें अभी भी 60Hz का रिफ्रेश रेट रखा है, लेकिन सिक्योरिटी के लिए इसमें Ceramic Shield 2 का इस्तेमाल किया गया है. ऐप्पल का दावा है कि यह पिछले मॉडल के मुकाबले 3 गुना ज्यादा मजबूत है और इस पर स्क्रैच आसानी से नहीं आएंगी.

स्टोरेज हुआ डबल और कैमरा भी शानदार

इस बार ऐप्पल ने यूजर्स की जरूरत को समझते हुए बेस मॉडल का स्टोरेज दोगुना कर दिया है. अब यह फोन 256GB से शुरू होता है, जबकि पिछले साल यह 128GB था. फोटोग्राफी के लिए इसमें पीछे की तरफ 48-मेगापिक्सल का सिंगल कैमरा दिया गया है, जो 2x ऑप्टिकल क्वालिटी जूम को सपोर्ट करता है. सेल्फी के लिए फ्रंट में 12-मेगापिक्सल का TrueDepth कैमरा मौजूद है. 

खास बात यह है कि इस सस्ते आईफोन में भी अब आपको Action Button और Apple Intelligence यानी AI फीचर्स का सपोर्ट मिलेगा.

भारत में कितनी है iPhone 17e की कीमत और कब से शुरू होगी सेल?

भारत में iPhone 17e की शुरुआती कीमत ₹64,900 रखी गई है, जिसमें आपको 256GB स्टोरेज मिलता है. वहीं, 512GB वाले टॉप मॉडल की कीमत ₹84,900 है. यह फोन ब्लैक, सॉफ्ट पिंक और व्हाइट कलर ऑप्शन में उपलब्ध होगा. 

आप इस फोन को आज से ही प्री-ऑर्डर कर सकते हैं और इसकी सेल 11 मार्च से ऐप्पल की वेबसाइट और ऑथराइज्ड स्टोर्स पर शुरू हो जाएगी.

MagSafe सपोर्ट की हुई वापसी

पिछले मॉडल में यूजर्स को जिस फीचर की सबसे ज्यादा कमी खली थी, वह था MagSafe. ऐप्पल ने इस बार iPhone 17e में MagSafe सपोर्ट जोड़ दिया है. अब आप इसे 15W के वायरलेस चार्जर से चार्ज कर सकते हैं. साथ ही, यह फोन 20W की वायर्ड फास्ट चार्जिंग को भी सपोर्ट करता है. बैटरी बैकअप के मामले में कंपनी का दावा है कि यह एक बार फुल चार्ज होने पर 26 घंटे तक का वीडियो प्लेबैक दे सकता है.

पावरफुल M4 चिप के साथ नया iPad Air

आईफोन के साथ-साथ ऐप्पल ने नया iPad Air भी लॉन्च किया है, जिसमें अब सुपरफास्ट M4 चिप दी गई है. यह नया प्रोसेसर ग्राफिक्स और गेमिंग के एक्सपीरिएंस को पूरी तरह बदल देगा. नया आईपैड एयर दो साइज 11-इंच और 13-इंच में लॉन्च हुआ है. इसमें लिक्विड रेटिना डिस्प्ले है और यह Apple Pencil Pro व Magic Keyboard को सपोर्ट करता है. 

11-इंच वाले मॉडल की ग्लोबल शुरुआती कीमत $599 यानी लगभग ₹49,700 से शुरू होती है. इसके लिए भी प्री-ऑर्डर आज यानी 4 मार्च से शुरू हो गए हैं.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com