तातेंदा ताएबू (98) और क्रेग इर्विन (85) की बदौलत जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम ने ग्रुप- 'ए' के मुकाबले में कनाडा को 175 रनों से हरा दिया।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नागपुर:
अनुभवी विकेट कीपर बल्लेबाज तातेंदा ताएबू (98) और क्रेग इर्विन (85) की शानदार पारी की बदौलत जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम ने आईसीसी विश्व कप-2011 के ग्रुप- 'ए' के मुकाबले में कनाडा को 175 रनों से हरा दिया। जामथा के विदर्भ क्रिकेट स्टेडियम में सोमवार को खेले गए इस मुकाबले में जिम्बाब्वे की टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में नौ विकेट के नुकसान पर 298 रन बनाए थे। 299 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कनाडा की पूरी टीम 42.1 ओवर में 123 रनों पर सिमट गई। जिम्बाब्वे की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसके सलामी बल्लेबाज ब्रेंडन टेलर बिना खाता खोले मैच के पहले ओवर में खुर्रम चौहान की पहली गेंद पर पगबाधा करार दिए गए। चार्ल्स कोवेन्ट्री 10 गेंदों पर चार रन बनाकर पेवेलियन लौट गए। कोवेन्ट्री को हरवीर बैदवान ने पगबाधा आउट किया। इसके बाद इर्विन ने ताएबू के साथ मिलकर पारी को सम्भाला। इर्विन ने 81 गेंदों पर छह चौकों और दो छक्कों की मदद से 85 रन बनाए। ताएबू और इर्विन ने तीसरे विकेट लिए रिकॉर्ड 181 रन जोड़े। कप्तान एल्टन चिगुम्बुरा पांच रन बनाकर चीमा की गेंद पर बगाई के हाथों लपके गए। ताएबू ने 99 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से 98 रनों की शानदार पारी खेली। क्रेग लैम्ब ने 11 रन बनाए। मध्यक्रम में सीन विलियम्स ने 25 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 30 रनों की पारी खेली। उत्सेया ने 29 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 22 रनों का योगदान दिया। ग्रीम क्रेमर 23 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 26 रन बनाए। क्रेमर ने उत्सेया के साथ मिलकर आठवें विकेट के लिए 41 रन जोड़े। प्राइस ने 10 रन जबकि क्रिस मोफू तीन रन बनाकर नाबाद लौटे। कनाडा की ओर से बालाजी ने सर्वाधिक चार विकेट झटके जबकि चौहान और बैदवान ने दो-दो विकेट चटकाए वहीं चीमा के खाते में एक विकेट गया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कनाडा की शुरुआत बेहद खराब रही और उसके सलामी बल्लेबाज जॉन डेविसन बिना खाता खोले रे प्राइस की गेंद पर बोल्ड होकर पेवेलियन लौट गए। विश्व कप में अपना पहला मैच खेलने उतरे नीतीश कुमार भी ज्यादा देर तक विकेट पर नहीं टिक सके और वह भी एक रन बनाकर चलते बने। कुमार को प्राइस ने अपनी ही गेंद पर कैच आउट किया। कप्तान अशीष बगाई बिना खाता खोले प्राइस की गेंद पर विलियम्स को कैच थमा बैठे जबकि जिम्मी हंसरा 41 गेंदों पर एक चौके और एक छक्के की मदद से 20 रन बनाकर चलते बने। रुविन्दू गुणासेकरा ने विकेट पर जमने की कोशिश की लेकिन वह भी 64 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 24 रन बनाकर पेवेलियन लौट गए। रिजवान चीमा ने 14 रनों का योगदान दिया। टायसन गोर्डन ने सात रन बनाए। चौहान ने आठ रन बनाए। जुबिन सरकारी ने 26 रनों का योगदान दिया जबकि बालाजी ने एक रन बनाए वहीं बैदवान 13 रन पर नाबाद लौटे। जिम्बाब्वे की ओर से प्राइस और क्रेमर ने सर्वाधिक तीन-तीन विकेट चटकाए जबकि लैम्ब और उत्सेया के खाते में दो-दो विकेट गए।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
क्रिकेट, विश्व कप, जिम्बाब्वे, कनाडा